खबर लहरिया Blog UP Rape News: उत्तर प्रदेश के कानपुर और अमरोहा में दो नाबालिगों के साथ बलात्कार 

UP Rape News: उत्तर प्रदेश के कानपुर और अमरोहा में दो नाबालिगों के साथ बलात्कार 

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार पुलिसकर्मी ने दोस्त के साथ मिलकर 14 साल की छात्रा को किडनैप कर गैंगरेप किया। दैनिक भास्कर की खबर अनुसार दोनों करीब 2 घंटे तक कार के अंदर छात्रा से हैवानियत करते रहे।

Symbolic picture

सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार – फेमिनिज़्म इन इंडिया)                                          

जब वह बेहोश हो गई तो उसे उसके घर के सामने फेंक कर भाग गए। घटना के बाद छात्रा के भाई ने देर रात डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी लेकिन आरोप है कि उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। कहा जा रहा है कि एक आरोपी के पुलिसकर्मी होने के कारण मामले को टाल दिया गया। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को छात्रा के परिवार पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे। तब जाकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल भी कराया है। यह मामला सचेंडी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

मामला विस्तार से पढ़िए 

दैनिक भास्कर की खबर अनुसार सचेंडी थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह 5 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे घर से बाहर निकली थी। उसी समय स्कॉर्पियो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि इनमें से एक युवक पुलिसकर्मी था। इसके बाद दोनों उसे रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। छात्रा के मुताबिक आरोप है कि दोनों ने स्कॉर्पियो के अंदर ही उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता के भाई ने बताया है कि करीब 2 घंटे बाद दोनों युवक बहन को घर के बाहर बेहोशी की हालत में फेंककर भाग गए।

रात 12 बजे दी सूचना, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

खबरों के अनुसार छात्रा के भाई ने बताया है कि रात करीब 12 बजे उसने अपने बहन को घर के बाहर बदहवास हालत में देखा। वह उसे अंदर ले गया और होश में लाने की कोशिश की। होश आने पर उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।

इसके बाद पुलिस छात्रा और उसके भाई को भीमसेन चौकी ले गई। आरोप है कि जब उन्होंने बताया कि आरोपियों में एक पुलिसकर्मी शामिल है तो उन्हें चौकी से भगा दिया गया। 6 जनवरी 2026 को दोनों पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे तब जाकर मामला दर्ज हुआ। हालांकि आरोप है कि रिपोर्ट में आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए और अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया।

डीसीपी का बयान

दैनिक भास्कर खबर के अनुसार इस मामले पर डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने कहा है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी। इसके साथ ही पहचान सामने आने के बाद आरोपियों के नाम एफआईआर में जोड़े जाएंगे। डीसीपी ने यह भी कहा कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।

दूसरी घटना – 

बलात्कार के मामले लगातार देश में बढ़ते ही जा रहे हैं एक ऐसी ही खबर यूपी के अमरोहा से भी सामने आई है। 

दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार यूपी के अमरोहा में 48 साल के आरोपी ने 4 साल की लड़की के साथ बलात्कार किया। लड़की अपनी नानी के साथ रहती थी। वह 6 जनवरी 2026 शाम घर के बाहर खेल रही थी। तभी आरोपी उसे चॉकलेट का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गया। उससे बलात्कार कर लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। लड़की के घर न लौटने पर परिजन उसे खोजने लगे। करीब एक घंटे की तलाश के बाद परिजनों और गांव के लोगों ने उसे घर से लगभग 200 मीटर दूर नहर के पास खून से सना हुआ पाया। तुरंत उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार लड़की के निजी अंगों में गंभीर चोटें हैं और उसके शरीर पर खरोंच के कई निशान मिले हैं। उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और आसपास पूछताछ के बाद उसकी लोकेशन का पता लगाया।

पारिवारिक स्थिति और बच्ची की जानकारी

परिजनों ने बताया कि लड़की की मां की शादी करीब छह साल पहले बिजनौर में हुई थी। डेढ़ साल पहले पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद बच्ची की मां मुरादाबाद के छजलैट क्षेत्र में एक परिवार के यहां रहने लगी। कुछ समय तक लड़की अपनी मां के साथ रही फिर उसे नानी के घर भेज दिया गया। फिलहाल लड़की का स्कूल में दाखिला नहीं कराया गया है। 

मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

दैनिक भास्कर की खबर अनुसार एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसे पकड़ने के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गईं। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। 7 जनवरी 2026 सुबह करीब 6 बजे आरोपी की मौजूदगी बेगपुर मुंडा नहर के पास मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी बाइक से आता दिखा। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसकी गोली बुलेटप्रूफ जैकेट पहने एक दरोगा को लगी जिससे वे सुरक्षित बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। आरोपी गजेंद्र का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

इन दोनों घटनाओं से साफ है कि उत्तर प्रदेश में नाबालिगों और महिलाओं के साथ होने वाले यौन अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद आरोपी पकड़े जा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामलों की संख्या कम नहीं हो रही है सवाल है कि आख़िर ऐसा क्यों? यह दर्शाता है कि समाज और कानून दोनों स्तर पर ऐसे अपराधों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *