उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया है। इस बजट को राज्य का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। आज 11 फरवरी को यह बजट लखनऊ में विधानसभा के सदन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पेश किया। यूपी के बजट में इस बार बेटियों की शादी के लिए आर्थिक मदद राशि, युवाओं के लिए रोजगार, मेधावी छात्रों के लिए स्कूटी आदि शामिल हैं।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की तस्वीर (फोटो साभार : x/ @MeghUpdates)
यूपी का यह बजट यूपी विधानसभा चुनाव से आखिरी पूर्ण बजट है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का यह दसवां बजट है।
मेधावी छात्रों के लिए स्कूटी के लिए 400 करोड़ रुपये
यूपी टॉक की रिपोर्ट के अनुसार इस बजट में मेधावी छात्रों के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इसके तहत 12वीं पास या उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दी जाएगी। योजना का फोकस खास तौर पर छात्राओं की शिक्षा जारी रखने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर है। दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
प्राथमिक शिक्षा के लिए 77,622 करोड़ रुपए
यूपी बजट 2026-27 में सरकार ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए 77,622 करोड़ का बड़ा आवंटन किया है। इस राशि का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं में सुधार करना है। इसके साथ ही माध्यमिक स्तर की शिक्षा व्यवस्था के लिए 6 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
बेटियों की शादी के लिए अब 1 लाख रुपए
इस बजट में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता के लिए राशि प्रस्तावित है। इसमें आरक्षित निर्धन वर्ग के लिए 100 करोड़ और सामान्य निर्धन वर्ग के लिए 50 करोड़ रुपये प्रस्तावति हैं। यूपी सरकार ने विवाह योजना में अनुदान राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने का प्रावधान किया है।
अन्य मुख्य बिंदु
- 10 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
- महिलाओं के लिए अलग प्रशिक्षण केंद्र बनेंगे
- अपने घर या गांव से दूर अन्य शहरों में काम करने वाले मजदूरों के लिए लेबर अड्डों का निर्माण करवाया जाएगा
- यूपी के तीन जिलों में नई योजनाओं के लिए 750 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इनमें मेरठ, मथुरा, कानपुर समेत कई योजनाएं शामिल हैं।
यूपी को स्मार्ट सिटी बनाने पर जोर
यूपी बजट 2026-27 में शहरी विकास को बढ़ाने के लिए नई स्मार्ट सिटी योजना को मंजूरी दी गई है। सरकार ने सात नगर निगम क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। इनमें अयोध्या, फिरोजाबाद, गोरखपुर, गाजियाबाद, मथुरा-वृंदावन, मेरठ और शाहजहांपुर शामिल हैं। इन शहरों में आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, डिजिटल सुविधाएं और नागरिक सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।
सड़क निर्माण और फ्लाईओवर के लिए बजट
यूपी बजट 2026-27 में बुनियादी ढांचे पर खास जोर दिया गया है। सड़क और सेतु निर्माण के लिए 34,468 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि नॉर्थ–साउथ कॉरिडोर के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इसके साथ ही कई फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति के लिए 22,676 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इस बार भी यूपी बजट में सिर्फ योजनाओं और यूपी को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए करोड़ो रुपए का बजट पेश किया गया। सवाल अभी वही है क्या ये करोड़ो का बजट वास्तव में लोगों की परेशानियां कम कर पाएगा? क्या इस बार यूपी की टूटी और गड्ढे भरी सड़कों में सुधार होगा? क्या जर्जर हुए स्कूल फिर से बनेंगे? क्या युवाओं को इस बार रोजगार मिल जायेगा? ऐसे कई सवाल जो जनता हर बार करती है लेकिन उनके सवालों का जवाब उन्हें बजट में नहीं मिलता और न ही बजट में होने वाली तारीफों पर यकीन हो पाता है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’