घने जंगल, पहाड़, पेड़-पौधों और मंदाकिनी नदी के किनारे बसा टाठी घाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां तक पहुंचना आसान नहीं है लेकिन रास्ते की मुश्किलों के बाद मिलने वाला नजारा मन को ठहरने पर मजबूर कर देता है।
जंगल की खामोशी और साधुओं की कुटियाएं
चित्रकूट का टाठी घाट मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित है। मंदाकिनी नदी के किनारे बसा यह इलाका घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा है। यहां पहुंचने के लिए सुनसान और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरना पड़ता है। रास्ते में दूर-दूर तक फैले पेड़ पहाड़ और जंगल की खामोशी दिखाई देती है। शहरों की भागदौड़ से दूर यह जगह एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती है। हालांकि जंगल की यही खामोशी कुछ जगहों पर डर भी पैदा करती है।
जंगल के बीच छोटी-छोटी कुटियाएं बनी हुई हैं जहां साधु-संत रहते हैं। ओडिशा के जगन्नाथपुरी से आए वैष्णव दास साधु बताते हैं कि वह करीब 14 साल पहले चित्रकूट घूमने आए थे और तभी से यहां रहने लगे। उनके मुताबिक इस इलाके में करीब 50 साधुओं की कुटियाएं हैं। पहले यहां घना जंगल था और लोगों का आना-जाना काफी मुश्किल था। अब पहले के मुकाबले रास्ते और सुविधाएं बेहतर हुई हैं।
टाठी घाट नाम के पीछे की मान्यताएं
टाठी घाट के नाम को लेकर यहां कई मान्यताएं प्रचलित हैं। वैष्णव दास बताते हैं कि बुंदेलखंड में खाना खाने की गोल थाली को टाठी कहा जाता है। एक मान्यता के अनुसार पुराने समय में यहां तपस्या करने वाले ऋषि-मुनियों को सोने की टाठी में भोजन मिला था। वहीं दूसरी मान्यता भगवान राम से जुड़ी है। कहा जाता है कि उन्होंने अपने भक्तों को टाठी भेंट की थी। इसी से इस जगह का नाम टाठी घाट पड़ा।
सोशल मीडिया से मिली इस जगह की जानकारी
उत्तर प्रदेश के मानिकपुर ब्लॉक के अहिरा गांव से अपने दो रिश्तेदारों अतुल और कृष्णा के साथ यहां घूमने आए दीनबंधु बताते हैं कि उन्हें इस जगह के बारे में सोशल मीडिया से पता चला। उन्होंने पहले टाठी घाट का नाम नहीं सुना था। उन्हें लगा कि यह जगह उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में ही कहीं होगी। यहां पहुंचने के बाद साफ पानी और आसपास की हरियाली देखकर अच्छा लगा। उनका कहना है कि यहां आकर ऐसा लगता है जैसे वे अपने ही इलाके में किसी नई जगह को खोज रहे हों।
कुटियाओं की देखभाल में जुटे पति-पत्नी
यहां रहने वाले साधु-संतों की देखभाल और साफ-सफाई का काम सोहगिया और उनके पति राजेश करते हैं। सोहगिया पिछले पांच साल से यहां आ रही हैं और उनके पति करीब सात साल से काम कर रहे हैं। दोनों मिलकर झाड़ू-पोंछा करते हैं। बर्तन साफ करते हैं। पानी भरते हैं और कुटियाओं की लिपाई-पुताई भी करते हैं। इसके लिए कोई तय मेहनताना नहीं है। लोग अपनी इच्छा से उन्हें पैसे दे देते हैं।
प्राकृतिक सुंदरता खींच लाती है लोगों को
टाठी घाट घूमने आए लोगों में मैहर के डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र वर्मा भी शामिल थे। वह अपनी पत्नी रूप वर्मा और दोस्तों के साथ यहां पहुंचे थे। रूप वर्मा बताती हैं कि वह करीब 15 साल से इस इलाके में रह रही हैं। पति की अलग-अलग जगहों पर तैनाती के दौरान उन्होंने आसपास के कई इलाकों को देखा है। उन्हें यहां का प्राकृतिक वातावरण अच्छा लगता है। उनके साथ आईं प्रेमा चौरसिया और विमल दहिया ने भी जंगल के बीच बसी कुटियाओं और नदी के आसपास के नजारों को सुंदर बताया।
वहीं अखिल पटेल कहते हैं कि यहां का प्राकृतिक माहौल मन को सुकून देता है। नदी की धारा पहाड़ और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को खास बनाते हैं। हालांकि यहां कुछ गतिविधियों और अंधविश्वास से जुड़ी मान्यताओं को देखकर उन्हें चिंता भी होती है।
सिमटती मंदाकिनी नदी चिंता का विषय
टाठी घाट की खूबसूरती के बीच एक चिंता मंदाकिनी नदी को लेकर भी है। जिस नदी के किनारे यह पूरा इलाका बसा है उसकी धारा अब कई जगह सिकुड़ती दिखाई देती है। कहीं पानी कम है तो कहीं पतली-सी धारा बह रही है। आसपास के जंगल और पहाड़ आज भी इस जगह की खूबसूरती बनाए हुए हैं लेकिन नदी की हालत बताती है कि प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की जरूरत है।
प्रकृति को बचाना भी हमारी जिम्मेदारी
टाठी घाट में प्रकृति के कई रंग एक साथ दिखाई देते हैं। कहीं घने जंगल हैं तो कहीं पहाड़ों के बीच बहती नदी और कुटियाओं के आसपास फैली शांति। लेकिन इस सुंदरता को बनाए रखना भी जरूरी है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि यहां घूमने कितने लोग आते हैं बल्कि यह भी है कि उनके आने से इस जगह की प्रकृति पर क्या असर पड़ता है।
टाठी घाट से लौटते हुए मंदाकिनी की सिमटती धारा का दृश्य मन में रह जाता है। जंगल पहाड़ और नदियां सिर्फ देखने की खूबसूरत चीजें नहीं हैं बल्कि हमारे जीवन का आधार हैं। अगर इस जगह की सुंदरता को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाकर रखना है तो मंदाकिनी नदी और आसपास के जंगलों की देखभाल को भी उतनी ही अहमियत देनी होगी।
रिपोर्ट – नाज़नी, लेखन – मीरा देवी
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

