अयोध्या जिले की रूदौली तहसील के मांझा क्षेत्र में घाघरा-सरयू नदी के किनारे बसे कई गांव हर साल जलभराव की समस्या से जूझते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 25 गांवों में बारिश के दौरान घरों, खेत-खलिहानों और रास्तों में पानी भर जाता है।
जलभराव के चलते धान और गन्ने समेत दूसरी फसलें बर्बाद होने के साथ घर में रखा राशन, कपड़े, बिस्तर और पशुओं का भूसा भी पानी में खराब हो जाता है। कई जगह रास्ते भी पानी में डूब जाते हैं, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और बरसात के दौरान उन्हें कई बार सड़क किनारे तंबू लगाकर रहने की मजबूरी होती है।
वहीं, अब क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन का काम शुरू होने से पानी निकासी की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों के मुताबिक इस साल जलभराव के बाद पंपिंग स्टेशन से धीरे-धीरे पानी निकल रहा है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है।