खबर लहरिया Hindi Chitrakoot Ground Report: छह साल पहले बना सामुदायिक शौचालय आज तक नहीं हुआ शुरू, न गढ्ढा बना, न सीठ‌ और न पाइपलाइन

Chitrakoot Ground Report: छह साल पहले बना सामुदायिक शौचालय आज तक नहीं हुआ शुरू, न गढ्ढा बना, न सीठ‌ और न पाइपलाइन

सरकार की मंशा थी कि गांव के लोगों को खुले में शौच न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में सामुदायिक शौचालय बनवाए गए ताकि महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को शौच के लिए खेत और जंगल का सहारा न लेना पड़े लेकिन चित्रकूट जिले के मऊ ब्लॉक के परदवा मजरा कनभय में सरकार की यह योजना अभी भी अधूरी पड़ी है।

रिपोर्ट – सुनीता, लेखन – रचना 

सामुदायिक शौचालय में ताला

सामुदायिक शौचालय में ताला बंद (फोटो साभार: सुनीता)

खबर लहरिया द्वारा इस मामले में उस गांव जा कर पड़ताल करने की कोशिश की गई।

गांव की निर्मला द्वारा बताया गया कि आज से छह साल पहले यहां सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था पर आज तक इसका इस्तेमाल नहीं हुआ। शौचालय में न गड्ढा बनाया गया, न पाइप डाला गया और न ही अंदर सीट लगाई गई। बाहर से भवन को पेंट और टाइल्स लगाकर तैयार कर दिया गया। जरूरी व्यवस्था नहीं है इसलिए इसके बनने से लोगों को कोई फायदा नहीं है।

“शौचालय के नाम पर सरकारी बजट खर्च हुआ और उन्हें सुविधा मिली ही नहीं। जब शौचालय लोगों के उपयोग में ही नहीं आया तो ऐसे निर्माण का क्या फायदा है।”

शौचालय का टंकी खुला पड़ा हुआ है (फोटो साभार: सुनीता)                

आज भी खेत और जंगल जाने को मजबूर लोग

बुधिया बताते है  कि सामुदायिक शौचालय बनने के बाद उन्हें लगा था कि अब खुले में शौच जाने की परेशानी खत्म हो जाएगी पर ऐसा नहीं हुआ। शौचालय आज तक चालू नहीं हुआ। “हम लोग तो वहीं खेत और जंगल का सहारा लेते हैं। चाहे जो भी घटना हो जाए मजबूर हैं, कहां जाएं।”

गांव के कुछ और वालों के मुताबिक आज भी गांव के लोगों को शौच के लिए खेत और जंगल जाना पड़ता है। दूसरे के खेत में जाने पर खेत वाले किसान गाली-गलौज करते हैं। जंगल की ओर जाने पर जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर जंगल जाना पड़ता है।

वहीं राजरानी का कहना है कि अभी तो इस तरह की घटना नहीं हुई पर एक लड़की की दस साल पहले लाश मिली थी। फिर पता नहीं चला कि वह कहां की थी। इसी डर के मारे वह लोग लड़कियों के साथ शौच कराने हमेशा जाते हैं। 

गांव वालों द्वारा की गई है शिकायत (फोटो साभार: सुनीता)                       

छह साल पहले शौचालय काफी अच्छे से बन रहा था तो हम लोग खुश हुए थे कि शौच के लिए आराम हो जाएगा। बाहर से अच्छे से पेंटिंग और टाइल्स लगवाए गए थे। उस समय महिला के लिए अलग और पुरुष के लिए अलग शौचालय बनवाया गया था। बाद में पता चला कि यह अधूरा रह गया।

इस मामले में विपक्ष प्रधान का क्या कहना रहा 

उसी गांव से प्रधान आनंद से मिली जानकारी के अनुसार शौचालय पूर्व प्रधान ने बनवाया था। “बाद में मुझे आदेश आया तो हमने भी कुछ मरम्मत करवा दी है। बजट उस समय उन्हीं के कार्यकाल में आया था। लगभग चार लाख रुपये के बजट से यह बना था। हमारे गांव की आबादी ढाई हजार है और हमारे गांव में सामुदायिक शौचालय यही एक बना है।” आगे कहा कि वैसे अभी इसकी जांच चल रही है।

वहीं बीडीओ आलोक तिवारी द्वारा बताया गया कि मऊ ब्लॉक के सभी गांवों में सामुदायिक शौचालय बने हैं। बाकी जगह भी शौचालय चालू हैं। यही कनभय का शौचालय अधूरा है। पूर्व प्रधान और सचिव पर इस शौचालय को लेकर जांच चल रही है। जांच के बाद गड्ढा बनवाया जाएगा और इसे चालू भी किया जाएगा।

सड़क नहीं होने से अधिकारी नहीं आते

यहां के लोगों का कहना है कि यह गांव का मजरा प्रयागराज के बॉर्डर में है। यहां कोई अधिकारी कभी नहीं आते हैं क्योंकि इस मजरे में जाने के लिए करीब पांच किलोमीटर सड़क नहीं है। इस कारण चार पहिया गाड़ी नहीं निकल सकती। गांव वालों का आरोप है कि इसी का फायदा प्रधान भी उठा लेते हैं कि कोई अधिकारी यहां जांच के लिए आएगा नहीं।

शौचालय के बाहर गंदगी जमा हुआ है (फोटो साभार: सुनीता)

गांव वालों की मांग है कि शौचालय पूरी तरह से बनवाया जाए। गड्ढा, सीट और पाइप लगवाए जाएं ताकि वह उनके इस्तेमाल में आ सके। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कई बार ब्लॉक में शिकायत भी की गई है पर अभी तक कुछ नहीं हुआ। अब तो शौचालय की बिल्डिंग भी खराब हो रही है। कुछ दिन में पूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो जाएगी। अभी यदि कोई अधिकारी ध्यान दें तो इसे सुधारा जा सकता है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke