खबर लहरिया Blog महोबा: प्रियंका गांधी पहुंची महोबा, चुनावी वादों से जीते दिल

महोबा: प्रियंका गांधी पहुंची महोबा, चुनावी वादों से जीते दिल

प्रियंका ने बेलाताल के खादी को लेकर चर्चा की और बताया कि यह क्षेत्र अपने खादी के काम के लिए जाना जाता था लेकिन अब यह काम बंद पड़ा हुआ है और आने वाले समय में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो उसका पुनः निर्माण कराया जाएगा।

27 नवंबर 2021 को वीरभूमि महोबा में प्रियंका गांधी के आने पर जगह-जगह लोगों की भीड़ देखने को मिली। उनको देखने के लिए भी भारी मात्रा में जनता उमड़ी। फिलहाल महोबा के ग्रामीण क्षेत्रों में बसे लोग भी कांग्रेस पार्टी को काफी सराहते नज़र आ रहे हैं। लोगों की मानें तो कांग्रेस की सरकार ने गरीब जनता के लिए बहुत कुछ किया है जैसे कि इस दौरान पट्टे किए गए थे, जिसके अंतर्गत जिन किसानों के पास ज़मीनें नहीं थीं उन्हें जमीन मिल गई थी। साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत भी कांग्रेस सरकार के दौरान मज़दूरों को आसानी से काम मिल जाता था।

ये भी देखें – LIVE राम घाट: प्रियंका गाँधी का चित्रकूट दौरा

महिलाओं के लिए कई योजनाओं की उम्मीद-

मोहरे गाँव के रहने वाली कुसुमा ने बताया कि वो भी प्रियंका गांधी की एक झलक पाने महोबा पहुंची थीं। प्रियंका ने अपने भाषण में महिलाओं के हित की काफी बातें करी हैं, जिससे ग्रामीण महिलाएं काफी खुश हैं। मोहरे गाँव की महिलाओं की मानें तो अन्य नेता भी गाँव-गाँव जाकर अपना प्रचार-प्रसार करते हैं और विकास लाने की बात करते हैं लेकिन महिलाओं के हित के लिए कोई कुछ नहीं कहता।

इसी गाँव की रहने वाली मुलिया का कहना है कि प्रियंका गांधी ने यह वादा किया है कि अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो बस यात्रा फ्री कराई जाएगी। इसके साथ ही आसमान छूते गैस सिलेंडर के दामों को भी प्रियंका गांधी ने कम कराने की बात कही है। प्रियंका ने अपने भाषण में कहा है कि अगर यूपी में कांग्रेस की सरकार आती है तो महिलाओं को मात्र 400 रूपए में सिलेंडर दिया जाएगा।

प्रियंका ने आर्थिक रूप से परेशान छात्राओं की भी सहायता करने की बात कही है। महोबा की एक ग्रेजुएशन की छात्रा दीपा का कहना है कि वो तो इस बार कांग्रेस को ही वोट डालेंगी ताकि छात्राओं को स्कूटी मिल सके। इसके साथ ही कांग्रेस ने 12वीं के छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन देने की भी बात कही गई है।

गरीबों को रोज़गार दिलवाने का किया वादा-

बेलाताल गाँव के रहने वाले रामकुमार प्रियंका गांधी के भाषण में बेलाताल के उल्लेख से काफी खुश हैं। उनकी मानें तो इतने नेता महोबा आए लेकिन किसी ने बेलाताल में होने वाले खादी व्यापार के बारे में बात नहीं की। प्रियंका ने बेलाताल के खादी को लेकर चर्चा की और बताया कि यह क्षेत्र अपने खादी के काम के लिए जाना जाता था लेकिन अब यह काम बंद पड़ा हुआ है और आने वाले समय में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो उसका पुनः निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने गौरहारी के गौरव पत्थर व्यापार बंद होने पर भी चर्चा की और लोगों को यह बताया कि इस रोज़गार को दोबारा शुरू करने के लिए भी योजना बनाई जाएगी। जिन क्षेत्रों में भूमाफियों का राज है, वहां पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

प्रियंका ने यह भी बताया कि 2022 के चुनाव में कांग्रेस से लगभग 40 परसेंट महिलाओं को टिकट दिया जाएगा ताकि राज्य चलाने के लिए भी महिलाओं के चेहरे उभर कर आएं और प्रदेश की अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिल सके।

क्या चुनावी वादे होंगे सच?

प्रियंका गांधी ने जाते-जाते अपने भाषण में बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने 11 प्रतिज्ञाएं ली हैं और अगर उनकी सरकार बनती है तो वो इन सभी 11 प्रतिज्ञाओं पर खरे उतरेंगे। इसके साथ ही अपने पूरे भाषण के दौरान प्रियंका ने बीजीपी पर बांढ कस्ते हुए भी कई टिप्पड़ियां की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से लेकर सी एम योगी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे इन योजनाओं से गरीबों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।

लेकिन सोचने की बात तो यह है कि वादे तो कांग्रेस पार्टी भी काफी कर रही है और अन्य पार्टियों की तरह वोटरों को लुभाने के हर पैंतरे अपनाए जा रहे हैं। अब अगर कांग्रेस पार्टी चुनावजीतती है तो क्या ये पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर पाएगी या नहीं, यह देखना होगा।

इस खबर की रिपोर्टिंग श्यामकली द्वारा की गयी है।

ये भी देखें – चित्रकूट : डिलीवरी के दौरान महिला की हुई मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)