खबर लहरिया Blog अम्बेडकर नगर लोकसभा क्षेत्र में किसकी रही सरकार और अब कौन उम्मीदवार? | Lok Sabha Elections 2024

अम्बेडकर नगर लोकसभा क्षेत्र में किसकी रही सरकार और अब कौन उम्मीदवार? | Lok Sabha Elections 2024

अम्बेडकर नगर लोकसभा सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। अम्बेडकर नगर की चार विधानसभा सीट जलालपुर, अकबरपुर, टांडा और कटेहरी शामिल हैं जबकि अयोध्या जिले की एक सीट गोसाईगंज शामिल है।

रिपोर्ट – कुमकुम यादव 

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 25 मई को चुनाव है। उत्तर प्रदेश के अवध और पूर्वांचल के मुहाने पर अम्बेडकर नगर जिला पड़ता है। यह लोकसभा क्षेत्र अयोध्या से सटा हुआ है। जिले का निर्माण ही अयोध्या जिले का बंटवारा करके हुआ था। सरयू नदी से सटे अम्बेडकर नगर की पहचान पूर्वांचल के समाजवाद के पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया की जन्मस्थली के रूप में भी है। अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना के बाद इस लोकसभा क्षेत्र का महत्व भी बढ़ गया है। पर्यटन की दृष्टि से देखें तो श्रवण धाम एक महत्वपूर्ण स्थान है।

शिक्षा के क्षेत्र में अम्बेडकर नगर का अपना महत्व है। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और एनटीपीसी जैसे संस्थान जिले के गौरव को बढ़ा रहे हैं। श्रवण धाम को अयोध्या का पूर्वी द्वार भी कहा जाता है। इस लोकसभा सीट की पहचान कपड़ा बुनाई को लेकर भी है। यहां बना टेरीकाट कपड़ा और आराफाती गमछा विदेशों तक जाता है।

अंबेडकर नगर में किसकी रही सरकार

सियासत की नजर से देखें तो अम्बेडकर नगर सीट से बसपा सुप्रीमो मायावती भी सांसद रह चुकी हैं। इस लोकसभा सीट पर सपा, बसपा और भाजपा तीनों का कब्जा रह चुका है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से सपा और बसपा के सयुंक्त उम्मीदवार रितेश पांडे को जीत मिली थी। इस चुनाव में रितेश पांडे को 564118 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी मुकुट बिहारी वर्मा को 468233 वोट मिले। जबकि तीसरे स्थान के प्रत्याशी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राकेश को 15167 वोट मिले।

इस बार के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार

इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रितेश पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है। बसपा से जीतने वाले रितेश इस बार पाला बदलकर बीजेपी से मैदान में हैं।

सपा ने लालजी वर्मा को अपना उम्मीदवार बना कर पिछड़ों की राजनीति साधने का प्रयास किया। इस बार सपा ने पूरे चुनाव को ही अगड़ा बनाम पिछड़ा कर दिया है।

बसपा इस बार चुनाव में निष्क्रिय है और एक ऐसे मुस्लिम चेहरे को अपना उम्मीदवार बनाया है जो एक दम अनजान है। बहुजन समाज पार्टी ने कमर हयात अंसारी को उम्मीदवार के लिए चुनावी मैदान में उतारा है। जिले में इस बार लोकसभा चुनाव काफी रोचक होने की उम्मीद है।

अम्बेडकर नगर लोकसभा सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। अम्बेडकर नगर की चार विधानसभा सीट जलालपुर, अकबरपुर, टांडा और कटेहरी शामिल हैं जबकि अयोध्या जिले की एक सीट गोसाईगंज शामिल है।

प्रथम बार मतदान करने वालों की संख्या

अम्बेडकर नगर में 26444 युवा पहली बार मतदान करेंगे। अम्बेडकरनगर में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 52 हजार 627 है। जिसमें 9 लाख 64 हजार 663 पुरुष और 8 लाख 87 हजार 946 महिला मतदाता शामिल हैं।

जाति के अनुसार मतदाता

जातिगत मतों की बात करें तो अम्बेडकर नगर लोकसभा सीट पर दलित और मुस्लिम वोटों की अधिकता है। इस लोकसभा सीट पर तकरीबन 3 लाख से अधिक दलित और लगभग इतने ही मुस्लिम मतदाता हैं। इस सीट पर कुर्मी मतदाताओं की भी अधिकता है। कुर्मी मतदाताओं की संख्या लगभग 2 लाख है। इस सीट पर तकरीबन 1 लाख ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या है। इस सीट पर ठाकुर मतदाताओं की संख्या लगभग एक लाख है।

इस जिले में चाहे कितनी सरकार बदली हों पर अब तक विकास की पहुंच से काफी दूर हैं। यहां की जनता अपने जिले का विकास चाहती है। अच्छी सड़क और सुविधा चाहती है। सभी पार्टियां जीत हासिल करने के लिए अपने प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी रैलियां और जनसभाएं कर रही हैं। राजनीति में पार्टियां जाति के आधार पर तो कभी धर्म के आधार पर अपना प्रत्याशी चुनाव में उतारती हैं। इसके चलते वो विपक्ष की बहस का केंद्र बन जाती हैं और पार्टी के प्रति जनता को उकसाने का काम करने लगती हैं।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke