हीरे की गिनती दुनिया के सबसे कीमती और बहुमूल्य रत्नों में की जाती है। एक हीरे की कीमत उसकी गुणवत्ता और आकार के हिसाब से लाखों रुपए की होती है। एमपी के पन्ना में भी खदान से हीरे निकालने का काम होता है। यहां जमीन के भीतर छिपे इस बेशकीमती पत्थर को निकालने के लिए लोग कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। खबर लहरिया की रिपोर्टर अलीमा ने खदान में काम कर रहे लोगों के साथ वक्त बिताया और उनकी परिस्थितियों को करीब से जाना।
रिपोर्ट – अलीमा, लेखन – सुचित्रा
खबर लहरिया की रिपोर्टर अलीमा चंबल अकादमी के स्टूडेंट को रिपोर्टिंग सिखाने और खुद भी सीखने के मकसद से मध्य प्रदेश के पन्ना जिले पहुंची। यह उनका दूसरा अनुभव है, इससे पहले अलीमा ने जंगल, आदिवासी और भैंस की खड़खड़िया के बारे में अपने अनुभव को बताया था। इसे आप नीचे दिए गए लिंक पर जाकर पढ़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें – एमपी के पन्ना जिले में घने जंगलों में कवरेज के दौरान रिपोर्टर अलीमा का अनुभव
अलीमा द्वारा कहा गया कथन –
मुझे (अलीमा) दूसरे दिन फेलो के साथ हीरा खदान में जाने का मौका मिला। वहां पहुंचने के लिए पहले जंगल के करीब चार किलोमीटर रास्ते पर पैदल चलना पड़ा। स्टूडेंट ने कहा, “यहां से पैदल चलते हैं, क्योंकि अंदर गाड़ी नहीं जाती।” इसके बाद हम पैदल चलने लगे।
रास्ते में जो भी लोग मिल रहे थे, मैं उनसे यही पूछती जा रही थी कि यहां शेर तो नहीं रहता? लेकिन वे भी कहते, “मैडम जी, घना जंगल है। शेर यहां आता रहता है।”
करीब दो किलोमीटर चलने के बाद हमें एक नदी मिली। अब उस नदी को पार करके आगे जाना था। नदी को देखकर मुझे फिर डर लगा कि पता नहीं यह कितनी गहरी होगी लेकिन बहुत मेहनत और सावधानी के साथ हम लोगों ने नदी पार की और आखिरकार पन्ना जिले के गांधी ग्राम के सर कोहा गांव तक पहुंच गए। यहां हीरे की खदान है जहां कई पुरुष और महिला रहकर हीरे निकालने का काम करते हैं।
हीरा यह शब्द सुनते ही हमारे दिमाग में चमक, महंगी चीज और बड़े बाजार की तस्वीर नजर आने लगती है लेकिन हीरा निकलने वाली जगह पर जाकर देखने पर इसकी दूसरी तस्वीर दिखाई देती है।
यहां लोग तेज धूप में मिट्टी और पत्थरों के बीच काम करते हैं। सुबह-सुबह अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर यहां पर आ जाते हैं और बड़े-बड़े गड्ढों में मिट्टी डालकर पानी डालकर उसको आलुसते रहते हैं। उसके अंदर घुसे रहते हैं। कम से कम 4 से 5 घंटे पानी में मिट्टी को निकालना, यह महिलाओं के लिए मुझे बहुत ही संघर्ष वाला काम लगा।
जिस हीरे को हम चमकदार और कीमती चीज के रूप में देखते हैं, उसके पीछे कितनी मेहनत होती है. यह मैंने महसूस किया। वहां जाकर महसूस हुआ कि लोग जमीन खोदते हैं, मिट्टी हटाते हैं, पत्थरों को अलग-अलग करते हैं और घंटे मेहनत करते हैं, तब जाकर मेहनत का फल मिलता है।
खदान से हीरे निकालने की प्रकिया में काफी समय लगता और मेहनत भी बहुत लगती है। खबर लहरिया ने इस पर स्टोरी की है जिसे आप खबर लहरिया के चैनल पर आगे जाकर देखेंगे।
हीरे की कीमत लाखों पर मजदूरी कम
कभी-कभी तो ऐसा भी होता है कि यह लोग इतनी मेहनत करते हैं और इन लोगों को हीरा मिलता ही नहीं है। जब हमने इस बारे में भी लोगों से बात की तो इन लोगों ने बताया कि यह जो इतनी मेहनत कर रहे हैं, वह अपने लिए नहीं कर रहे हैं। वह तो सिर्फ यहां मजदूरी करने आए हैं। इनको सिर्फ 300 रुपए मिलेंगे और जो हीरा मिलेगा, वह तो मालिक को मिल जाएगा।
यह सोचकर भी बहुत अफसोस हुआ। इतनी मेहनत यह गरीब आदिवासी करते हैं और फल कोई और ले जाता है। इसके बाद जब वहां पर आसपास देखा तो वहां पर भी बहुत ही घना जंगल था। महिलाओं ने बताया कि कभी-कभी यहां पर सुबह से आने से टाइगर आ जाता है और हम लोगों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ता है।
मैंने भी सोचा कि शायद मैं अभी जितने दिन यहां पर काम कर रही हूं, मुझे भी टाइगर मिल जाए। मैंने पन्ना जिले में 6 दिन काम किया, जंगलों में रहकर, लेकिन मुझे वहां पर टाइगर नहीं मिला। यह मुझे बहुत अफसोस हुआ।
खदान से वापस का सफर
वापस आते समय हमारी फेलो जंगल से सड़क तक आने वाला रास्ता भूल गई। मुझे कहीं न कहीं रास्ता याद था। शायद रास्ते को याद रखने की वजह भी मेरा डर ही था। मन में यही था कि अगर रास्ता भूल गए तो पता नहीं कौन सा जानवर सामने आ जाए।
हमारी फेलो ने गाड़ी स्टार्ट की और जंगल के दूसरे रास्ते पर चलने लगी। करीब दो किलोमीटर जाने के बाद मैंने उससे कहा, “भाई, यह रास्ता नहीं है।”
वह बोली, “यही रास्ता है।”
लेकिन मेरे मन में तरह-तरह के ख्याल आने लगे। चारों तरफ जंगल था और अलग-अलग तरह की आवाजें सुनाई दे रही थीं। मैंने तुरंत कहा, “भाई, गाड़ी रोको। मैं यहां से आगे नहीं जाऊंगी।”
जब गाड़ी रोककर मुझे नीचे उतरने के लिए कहा गया तो मुझे जमीन पर पैर रखने में भी डर लग रहा था। बहुत मुश्किल के बाद हमने गाड़ी रोकी और उसे वापस मोड़ा। वहां से हम वापस लौट आए। आगे जाकर पता चला कि जिस रास्ते पर हम जा रहे थे, वह सच में गलत रास्ता था।
रास्ते भर मैं अपनी फेलो से यही कहती रही कि अगर हम उस रास्ते पर आगे चले जाते तो पता नहीं क्या होता।
तीसरे दिन एक फेलो के साथ मुझे घने जंगल में कवरेज करने जाना था। जब मैं उसके गांव पहुंची तो फेलो ने कहा, “दीदी, हमें उस जंगल में जाना है, जो यहां से 13 किलोमीटर दूर है। आधे रास्ते तक साधन रहेगा और आधे रास्ते तक पैदल चलना होगा।”
मैंने उससे पूछा, “वहां की क्या स्टोरी है?”
घने जंगल में बच्चा गायब
फेलो ने बताया कि उसके गांव की एक महिला महुआ बीनने जंगल गई थी। इसी दौरान उसके बच्चे को कोई जानवर जंगल से उठा ले गया था, जो आज तक नहीं मिला।
यह सुनकर मैंने मन में सोचा कि यह तो बहुत खतरनाक कहानी है और जंगल भी खतरनाक होगा। मैंने फेलो से कहा कि ठीक है लेकिन अपनी तसल्ली के लिए मैंने गांव वालों से भी पूछा कि क्या वहां सच में कोई जानवर था, जो बच्ची को ले गया?
महिला ने बताया कि हां, उसके बच्चे को कोई जानवर ले गया था। न तो वहां बच्चे के कपड़े मिले, न खून मिला और न ही कोई दूसरा सुराग मिला।
मैंने सोचा कि अगर मैं जंगल में गई तो कहीं मुझे ही कोई जानवर न खा जाए। मैंने फेलो से कहा कि उस जंगल में नहीं जाते हैं, कहीं और की स्टोरी करते हैं। उस कहानी में कोई सुराग भी नहीं था और बिना वजह खतरा मोल लेने का कोई मतलब नहीं था।
इसलिए हमने गांव में ही उसकी स्टोरी करने का फैसला किया। हालांकि इस फेलो के साथ मुझे थोड़ा गुस्सा भी आया, क्योंकि उसके पास न कोई स्पष्ट आइडिया था और न ही कोई पक्की कहानी। उसने सिर्फ इतना बताया था कि जंगल में एक बच्चा गायब हुआ था।
इसके बाद बड़ी मशक्कत से हमने गांव के कुछ आदिवासियों से बात की। उनसे जंगल के बारे में पूछा और वहीं से कहानी तैयार की।
पन्ना में आखिरी दिन
आखिरी दिन मुझे काम करने में बहुत मजा आया। मेरी एक फेलो थी रुबीना। उसके साथ काम करने में मुझे बहुत अच्छा लगा।
उसके जंगल में भी करीब चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। रुबीना भी मेरे साथ चलते हुए डर रही थी और बार-बार कह रही थी, “दीदी, अच्छे से आना। यहां से जानवर निकल आते हैं।”
लेकिन जब हम गांव के अंदर गए और वहां की महिलाओं के साथ जंगल में पहुंचे तो मुझे बहुत अच्छा लगा। मैं पहली बार इतने घने जंगल के अंदर गई थी।
वहां मैंने कुछ जानवरों को भी देखा। मोर देखा, खरगोश देखा और जंगल को बहुत करीब से महसूस किया।
इस पूरे अनुभव ने मुझे यह जरूर समझाया कि जिस जंगल को देखकर हम कुछ घंटों के लिए डर जाते हैं, उसी जंगल में रहने वाले आदिवासी लोगों के लिए वह उनकी जिंदगी का हिस्सा है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’



