खबर लहरिया Blog ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए आज दाखिल हुए नामांकन पत्र

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए आज दाखिल हुए नामांकन पत्र

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 826 पदों पर ब्लॉक प्रमुख के चुनावों के लिए तारीखों का चयन कर लिया गया है, जिसके लिए दिनांक 8 जुलाई 2021 को नामांकन पत्र दाखिल करने का समय 11 बजे से 3 बजे तक था।

यूपी जिला पंचायत चुनाव में दमदार प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा सरकार की नज़रें अब राज्य में होने वाले ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर गड़ गयीं है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से ब्लाक प्रमुखों के चुनाव कराए जाने की तारीखों के ऐलान के बाद बीडीसी सदस्यों की खातिरदारी भी यूपी के हर जिले में बढ़ गयी है, जिससे सरकार और विपक्षी दल चुनाव तैयारियों में जुट कर अपने-अपने दल के समर्थक प्रत्याशियों को जिताने की हर कोशिश कर रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 826 पदों पर ब्लॉक प्रमुख के चुनावों के लिए तारीखों का चयन कर लिया गया है, जिसके लिए दिनांक 8 जुलाई 2021 को नामांकन पत्र दाखिल करने का समय 11 बजे से 3 बजे तक था।

नामांकन के बीच हुई कार्यकर्ताओं में मारपीट-

जिला अयोध्या में ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष पद के लिए ज़िले के 11 ब्लॉक में आज नामांकन हुआ, जिसमें अधिकांश ब्लॉक में 2 सीटों में टक्कर दिखी: सपा और भाजपा। इसी बीच यहाँ हंगामा तब मच गया जब अयोध्या के मया ब्लॉक के नामांकन स्थल पर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट शुरू हो गई।

स्थल पर मौजूद विनोद कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा से प्रत्याशी उमेश प्रताप सिंह हैं और सपा से धर्मवीर वर्मा प्रत्याशी हैं। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुँच कर मोर्चा संभाल लिया। लोगों का कहना है कि नामांकन स्थल पर सपा प्रत्याशी धर्मवीर वर्मा के प्रस्तावक राजेश कुमार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पीटा।

ब्लॉक तारून से ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष के लिए इस बार महिला सीट आवंटित की गई है, जिसमें सिर्फ भाजपा और सपा की पार्टी ने ही नामांकन किया। भाजपा से सुशीला देवी ने फॉर्म भरा है, वहीँ समाजवादी पार्टी से राजकुमारी वर्मा आगे आयी हैं। यहां पर कोरोना संक्रमण को मद्देनज़र रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जा रहा था और पूरी सावधानी से नामांकन प्रक्रिया की गयी।

चित्रकूट में भी भाजपा और सपा में टक्कर-

उधर जिला चित्रकूट में भी आज ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए। जिसमें कर्वी ब्लॉक में कुल 6 पर्चे भरे गए, और चार लोगों ने नामांकन कराया। सपा से ममता देवी पत्नी सुनील सिंह ने पत्र दाखिल किया, भारतीय जनता पार्टी से गोमती देवी पत्नी गुलाब सिंह पटेल (पूर्व ब्लॉक प्रमुख) का नामांकन देखने को मिला।

पहाड़ी ब्लॉक से भी सिर्फ तीन प्रत्याशियों ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन कराया। भाजपा से प्रिया पाण्डे पत्नी छोटू पाण्डे, मऊ ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी सुशीला देवी ने पर्चा भरा। अयोध्या की तरह चित्रकूट में भी चुनाव को लेकर जिस तरह की चर्चा और महौल देखने को मिल रहा है, उससे ऐसा ही लग रहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की तरह यह चुनाव भी एक तरफा होने वाले हैं। कर्वी ब्लाक से ब्लॉक प्रमुख पद पर सपा, भाजपा की टक्कर देखने को मिली।

सपा से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन कराने आई ममता देवी ने बताया कि अगर वो चयनित की जाती हैं तो कर्वी ब्लॉक के 95 गावों में विकास कराने की कोशिश की जाएगी। और वो महिलाओं की भी हर परेशानी का निवारण करने की कोशिश करेंगी।

महोबा ज़िले से जैतपुर ब्लॉक में संदीप राजपूत ने भाजपा से पर्चा दाखिल किया। किसी और के पर्चा दाखिल न करने के चलते इस ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष की सीट संदीप राजपूत को निर्विरोध मिल गयी है और उनके चेहरे पर काफी ख़ुशी देखने को मिली।

कैसे होता है ब्लॉक प्रमुख का चुनाव?

ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष चुनाव के लिए बीडीसी सदस्य होना चाहिए, इसके अलावा ब्लॉक में जितने भी बीडीसी जीते हुए होते हैं उन्हीं के द्वारा ब्लाक प्रमुख को वोट दिया जाता है, जिस प्रत्याशी को ज़्यादा वोट मिलते हैं वो ब्लाक प्रमुख बन जाता है। यानी जो पार्टी ज़्यादा से ज़्यादा सदस्यों को अपनी तरफ कर लेती है, वो ये चुनाव जीत जाती है। इसके लिए सदस्यों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए अलग अलग तरह के पैंतरे भी अपनाए जाते हैं। यूपी में पंचायती राज चुनाव जैसे ही संपन्न होता है वैसे ही इसकी तैयारी शुरू कर दी जाती है।

कल होगी नाम वापसी-

ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष के लिए जो लोग भी आज नामांकन कर रहे हैं उनके पास कल यानी 9 जुलाई तक का मौका है अपना नाम वापस लेने का। यह काम कल सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। इसके बाद 10 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख अध्यक्ष का मतदान होगा जिसमें बीडीसी सदस्य वोट देंगे, 10 जुलाई को ही वोटों की गिनती की जाएगी।

इस खबर को खबर लहरिया के लिए कुमकुम और नाज़नी और श्यामकली द्वारा रिपोर्ट किया गया है।

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।