खबर लहरिया Blog बांदा: ब्लॉक प्रमुख चुनाव की सरगर्मी बढ़ी

बांदा: ब्लॉक प्रमुख चुनाव की सरगर्मी बढ़ी

बाँदा जिला में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में गरमा-गर्मी देखने को मिल रही है। इसके साथ ही हर ब्लॉक के प्रमुख चुनाव के सदस्यों की संख्या भी बता दी गयी है। 

बांदा। ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव की तारीखें घोषित होते ही तेज हो गई हैं। जिले के सभी ब्लॉकों में प्रमुख चुने जाएंगे। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन 8 जुलाई को और मतदान 10 जुलाई को होगा। जिले के तीन ब्लॉक ऐसे हैं जहां पर महिलाएं जिम्मेदारी लेंगी। चुनाव का ऐलान होते ही भाजपा ने जिला पंचायत के बाद ब्लॉकों में प्रमुख के पद पर जीत हासिल करने के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। भाजपा का दावा है कि जनपद के आठों ब्लॉकों में निर्वाचित 750 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में सर्वाधिक उनके समर्थित प्रत्याशी है।

सपा भी दावा कर रही है कि 300 सदस्य सपा से हैं। सबसे ज्यादा क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लॉक नरैनी 129, महुआ 105 और बबेरू में 100 है। जहां पर ब्लॉक प्रमुख का पद हथियाने के लिए खासी खींचतान चल रही है। भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर होने के आसार हैं। दोनों पार्टियां जीत के लिए समीकरण बनाने में लगी हैं। जिले के आठ में से तीन ब्लॉक प्रमुख पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। नए परिसीमन में कुछ सीटों पर आरक्षण बदल गया है। बबेरू और तिंदवारी ब्लॉक प्रमुख सीट महिला तथा जसपुरा अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है।

ब्लॉक प्रमुख पदों का आरक्षण

बड़ोखर ब्लॉक-अनारक्षित, बिसंडा-अनारक्षित, बबेरू-महिला, कमासिन-ओबीसी, नरैनी-ओबीसी, तिंदवारी-महिला, महुआ-एससी, जसपुरा-एससी महिला।

जनपद में ब्लॉकवार क्षेत्र पंचायत सदस्य

नरैनी ब्लॉक में 83 ग्राम पंचायतों में 129 सदस्य, बड़ोखर में 58 ग्राम पंचायतें और 97 सदस्य, तिंदवारी में 56 ग्राम पंचायतें और 88 सदस्य, महुआ में 75 ग्राम पंचायतें और 105 सदस्य, जसपुरा में 32 ग्राम पंचायतें और 53 सदस्य, कमासिन में 55 ग्राम पंचायतें और 86 सदस्य, बबेरू में 61 ग्राम पंचायतें और 100 सदस्य, बिसंडा में 49 ग्राम पंचायतें और 92 सदस्य हैं।

सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त

डीएम आनंद कुमार सिंह ने ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। ब्लॉक नरैनी में जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार, बड़ोखर खुर्द में अधिशासी अभियंता केन नहर अरविंद कुमार पांडेय, तिंदवारी में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राजीव धीर, महुआ में परियोजना प्रबंधक यूपी कारपोरेशन लिमिटेड मनोज कुमार शर्मा, जसपुरा में डिप्टी कलक्टर सुरजीत सिंह, कमासिन में सहायक अभियंता लघु सिंचाई प्रमोद मिश्रा, बबेरू में डिप्टी कलक्टर अवधेश निगम, बिसंडा में अधिशासी अभियंता गौरवा चौधरी को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया है।

ब्लॉक प्रमुख चुनाव कार्यक्रम घोषित

जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने ब्लॉक प्रमुख का चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। बताया गया कि नामांकन पत्र 8 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगे। उसी दिन नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी।

9 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जाएगी। 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना सभी कार्यक्रम विकास खंड कार्यालयों में होंगे।

क्या कहते हैं पार्टियों के जिलाध्यक्ष

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रद्युम दुबे उर्फ लालू भैया ने बताया कि पार्टी हाइकमान के निर्णय के अनुसार चुनाव पर विचार-विमर्श होगा। अभी प्रत्याशी उतारने का निर्देश नहीं मिला है। बसपा के जिलाध्यक्ष गुलाब वर्मा ने बताया कि मंगलवार को पार्टी शीर्ष नेतृत्व से कोई आदेश चुनाव के लिए नहीं आया है। जो निर्देश मिलेंगे, उसी के मुताबिक आगे की रणनीति तय की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व में दावेदारों के चयन पर मंथन चल रहा है। जल्द ही नामों की घोषण की जाएगी। सपा जिलाध्यक्ष विजय करन यादव ने बताया कि कमासिन, बबेरू, नरैनी और महुआ ब्लॉक में पार्टी के दावेदार तय हैं। शेष चार ब्लॉकों तिंदवारी, बिसंडा, जसपुरा और बड़ोखर खुर्द पर दावेदार चयन की प्रकिया चल रही है।

इस खबर को मीरा देवी द्वारा खबर लहरिया के लिए लिखा गया है।

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।