खबर लहरिया Blog MP: पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से राम गली बजरिया में लग रहा जाम

MP: पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से राम गली बजरिया में लग रहा जाम

                                                 

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की राम गली बजरिया में पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण वहां आए दिन जाम लगते रहता है। छोटी सी गली में तरह-तरह की दुकानें लगी हुई हैं और लोग पूरे जिले से यहां खरीदारी करने आते हैं। लोग सड़कों पर अपनी गाड़ियाँ खड़ी कर देते हैं क्योंकि यहां पार्किंग की व्यवस्था बिल्कुल नहीं है –

रिपोर्ट – अलीमा 

फोटो साभार: अलीमा

वहां पर जानवर भी रहते हैं जो कभी-कभी झुंड बनाकर लड़ाई करने लगते हैं और लोग खतरे में पड़ जाते हैं। पार्किंग न होने से आए दिन यहां जाम लग जाता है। कई-कई घंटे जाम लगने से आवागमन बाधित हो जाता है। सड़क के दोनों ओर दोपहिया और चरपहिया वाहन खड़े रहने से रास्ता संकरा हो जाता है जिसके कारण यातायात प्रभावित होता है। कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों को निकलने में काफी समय लग जाता है। 

बजरिया के पास दुकान चलाने वाले राजेश जैन द्वारा बताया गया कि “मेरी दुकान राम गली बजरिया के अंदर है और दुकान में हर तरह के ग्राहक आते हैं। अब ग्राहकों से ये तो नहीं कह सकते कि गाड़ी यहां मत खड़ा करिए अगर ऐसा हुआ तो मेरी दुकान चौपट हो जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था होती तो लोग वहां पर गाड़ी पार्क करके खरीदारी करने आते लेकिन लोग यहीं से गाड़ी निकालते हैं और दुकानों के सामने गाड़ी खड़ी करके सामान खरीदते हैं। हम प्रशासन से यह कहना चाहते हैं कि बगल में ही एक सरकारी जमीन खाली पड़ी है वहां पर पार्किंग बना दी जाए जिससे हम व्यापारियों को भी नुक़सान न हो और हमारे ग्राहक अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी करके आराम से खरीदारी कर सकें। इसको लेकर हम लोग लगातार मांग कर रहे हैं।” 

उधर अधिकरियों से बात करने पर छतरपुर जिले के एसडीएम बलवीर रमन का कहना है कि राम गली बजरिया में जाम की स्थिति बनने के कारण वहां के व्यापारियों द्वारा कुछ दिनों पहले एक आवेदन दिया गया था। उन्होंने उस आवेदन में पास के एक सरकारी जमीन के बारे में भी अवगत कराया था जहां पार्किंग की व्यवस्था कराई जा सकती है। उनके आवेदन को देखते हुए गंभीरता से संज्ञान में ले लिया गया है इस पर आगे काम करने की चर्चा चल रही है। उस खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। 

वहीं दुकानदार अजमल अली कहते हैं कि वे यहां चालीस साल से काम कर रहे हैं लेकिन अभी तक यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। “अभी हाल ही में एक महिला यहां से गुजर रही थी। इतनी गाड़ियां खड़ी थीं कि वह निकल नहीं पा रही थी। पीछे से एक गाय दौड़ती हुई आई और महिला को गाड़ियों के ऊपर गिरा दिया जिससे उसका हाथ टूट गया। वह अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती है। इसलिए पार्किंग की व्यवस्था न होने से यहां बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही है।” 

इसमें राहगीरों का कहना है कि जाम के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार एंबुलेंस और अन्य जरुरी वाहनों को भी रास्ता बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राम गली बजरिया क्षेत्र में पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे। 

लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। क्योंकि लोग यहां खरीदारी करने नहीं आएँगे तो व्यापारियों का रोजगार भी प्रभावित होगा। यह पूरी समस्या पार्किंग की व्यवस्था न होने से जुड़ी हुई है। यदि पार्किंग की व्यवस्था हो जाए तो यहां जाम की स्थिति काफी हद तक खत्म हो सकती है। 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *