खबर लहरिया ताजा खबरें नाबालिग लड़की का आरोप, दुष्कर्म के बाद न्याय को भटक रही

नाबालिग लड़की का आरोप, दुष्कर्म के बाद न्याय को भटक रही

जिला महोबा ब्लॉक जैतपुर तहसील कुलपहाड़ कोतवाली कुलपहाड़ के एक गाँव में नाबालिग के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। नाबालिग की उम्र 16 साल है। वह बताती है कि 7 सितंबर को उसके मम्मी-पापा अस्पताल गए थे। इलाज की वजह से वह लोग देर रात तक घर नहीं आये। उसी रात ज़रिया थाना क्षेत्र बखौर गाँव के रहने वाले 21 साल के आरोपी मुकेश ने उसके साथ ज़बरदस्ती करने की कोशिश की। उसे उसके भाई, बाप और जीजा को मारने की धमकी दी।

आरोपी मुकेश उसे धमकी देकर अपने बहनोई के घर एक कस्बे में ले गया। उसके बाद अन्य जगह लेकर गया। चार दिनों तक उसे अलग-अलग जगह पर रखा। चार दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने कहीं कुछ कहा तो वह उसे जान से मार देगा। आरोपी ने उसका फोन भी तोड़ दिया।

ये भी देखें :

14 साल की नाबालिग के साथ महीनों तक होता रहा दुष्कर्म

आरोपी ने उसे एक कमरे में बंद करके रखा था। 11 सितंबर को जब उसने देखा की आस-पास कोई नहीं है तो वह मौका पाते ही बाहर निकल गयी। बाहर निकलकर उसने बस पकड़ा और अपने जीजा को फोन कर बताया की वह कहाँ पर है।

16 सितंबर को पीड़िता द्वारा कुलपहाड़ कोतवाली में मामले को लेकर दरखास दी गयी। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। वह कहती है कि पुलिस द्वारा उसे राज़ीनामा करने को कहा गया। पुलिस कहती है कि उसके गाँव से बहुत सी लड़कियां भागी हैं और सब राज़ीनामा है। वह भी अपनी मर्ज़ी से ही भटक रही होगी इसलिए वह भी राज़ीनामा कर ले। लेकिन वह नहीं मानी। वह कहती है कि वह झूठ नहीं बोलेगी। आरोपी मुकेश के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए।

लड़की की माँ ने बताया कि वह लोग अस्पताल गए थे तभी से उनकी लड़की गायब थी। 8 सितंबर को उन्होंने कुलपहाड़ कोतवाली में तहरीर दी। 11 तारीख को उन्हें उनकी बेटी मिली। 16 सितंबर को उन्होंने दोबारा लिखित तहरीर दी लेकिन 20 सितंबर तक भी मामले को लेकर कोई सुनवाई नहीं हुई है। वह चाहती हैं कि आरोपी के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। वहीं पीड़िता का कहना है कि अगर उसकी सुनवाई नहीं होती तो वह आत्महत्या कर लेगी क्यूंकि उसके साथ ज़बरदस्ती हुई है।

ये भी देखें :

चित्रकूट : बलात्कार की कोशिश में भतीजे ने महिला पर किये पत्थर से कई वार

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)