खबर लहरिया क्राइम बांदा : छह महीना पहले हुई शादी, दहेज़ के लिए महिला को घर से निकाला

बांदा : छह महीना पहले हुई शादी, दहेज़ के लिए महिला को घर से निकाला

बाँदा जिले में रहने वाले सुरेश प्रजापति का कहना है कि 20 जून 2021 को उन्होंने अपनी दोनों बेटियों की शादी करवाई थी। खूब-सारा दहेज़ भी दिया था। अब उनकी बेटी को पागल घोषित कर सुसराल वालों ने उसे बाहर निकाल दिया है और एक लाख की मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं। पिता का यह भी आरोप है कि दहेज़ ना देने पर ससुराल वाले उसकी बेटी के साथ उत्पीड़न और गाली-गलौच करते हैं।

जब मामले की शिकायत पंचायत में की गयी तो सुसराल पक्ष से ससुर शिव शंकर प्रजापति ने कहा कि उन्होंने दहेज़ की मांग नहीं की है। लड़की का इलाज करवाने के बाद जब वह ठीक-ठाक हो जायेगी तो ही वह लोग उसे रखने के लिए तैयार हैं। ससुराल वालों ने कहा, ” हम लड़की को नहीं रखेंगे, उसके पास दिमाग नहीं है, वह अपने पति को समाज में पहचान नहीं पाती है। वह दिमाग से कमज़ोर लड़की है।” वह इलाज के लिए उसके पिता से कहते हैं पर वह इलाज नहीं कराना चाहते हैं। अगर वह इलाज नहीं कराना चाहते हैं तो वह उनकी बेटी को नहीं रख पाएंगे। अगर ठीक हो जाएगी इलाज कराने के बाद तो वह उसे अच्छे से रखेंगे, नहीं तो वह नहीं रखेंगे।

ये भी देखें- महोबा: 5 महीने से दहेज को लेकर हुई हिंसा पर कार्यवाही के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

ससुराल वाले इलाज के लिए कह रहे हैं। वहीं लड़की के पिता का आरोप है कि शादी के समय उसने साफ तौर पर कहा था कि वह सिर्फ अपनी एक बेटी की ही शादी करेंगे। इसके बावजूद भी ससुराल वालों ने ज़बरदस्ती की और उसकी दूसरी बेटी की शादी ज़बरदस्ती मदन से करा दी। अब मदन और उसके ससुर शिव शंकर द्वारा उसकी बेटी पर उत्पीड़न किया जाता है। वह चाहते हैं कि इस कार्य के लिए दोनों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

पूजा ने बताया ( जिस पर उत्पीड़न हो रहा है), ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं और दहेज़ की मांग करते हैं। शिकायत करने जाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती है। वह बस इतना चाहती थी कि ससुराल वालों द्वारा उसे अच्छे से रखा जाये। वह मज़बूरी में जसपुरा थाने में दरखास देकर आई है और ससुराल वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। ससुराल वाले उनकी गरीबी का फायदा उठाना चाहते हैं।

महिला आगे कहती है कि शादी के बाद ससुराल वालों द्वारा उसे पागल घोषित कर दिया गया और उसे रखने के लिए तैयार नहीं है। वह कुछ कहती है तो घर वाले उसे दबा देते हैं। अगर उसके साथ उत्पीड़न होता रहा तो वह अपने ससुराल वालों को सज़ा दिलाने की मांग करती है।

जसपुरा थाने के एस.ओ सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि यह मामला 24 नवंबर को आया था जिसमें जांच शुरू की जा रही है। जिस तरह से जांच रिपोर्ट सामने आएगी उसी हिसाब से कार्यवाही की जायेगी।

ये भी देखें- दहेज़ प्रताड़ना: दहेज़ के लिए पत्नी को घर से निकाला बाहर, न्याय की गुहार

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)