खबर लहरिया Blog महोबा: महिला लेखपाल के साथ शारीरिक शोषण का आरोप

महोबा: महिला लेखपाल के साथ शारीरिक शोषण का आरोप

पीड़ित महिला पिछले कई दिनों से उसके साथ हुई घटना को लेकर कार्यवाही के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई है।

महोबा ज़िले की तहसील कुलपहाड़ में एक महिला लेखपाल के साथ शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला पिछले कई दिनों से उसके साथ हुई घटना को लेकर कार्यवाही के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई है।

बता दें कि महिला लेखपाल वर्ष 2016 से संग्रहालय माल राजस्व महोबा में कार्यरत थीं। और जनवरी 2021 से उन्हें कुलपहाड़ तहसील के ग्राम पूर्वा जयपुर में लेखपाल के पद पर कार्य करने को आदेश दिया गया था। इसके कुछ ही दिन बाद ही एक और विजय नारायण यादव नामक व्यक्ति को कुलपहाड़ कार्यालय में कार्यरत कर दिया गया।

महिला का आरोप है कि पहले तो विजय नारायण उनके साथ अच्छा व्यवहार करता रहा परन्तु कुछ महीनों बाद आरोपी ने पीड़ित महिला के साथ शादी करने और शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। लेकिन कई बार इस बात का विरोध करने के बावजूद भी विजय ने महिला का शोषण करने की कोशिश करी।

शादी करने का भी दिया झांसा-

पीड़ित महिला का कहना है कि वो कई बार विजय की मोटरसाइकिल पर बैठकर महोबा जाती थीं, विजय के अच्छे व्यवहार के चलते कई बार महिला उसके साथ दफ्तर से निकलने के बाद बाज़ार भी गयीं। एक दिन बाज़ार से लौटते समय विजय ने महिला को पसंद करने की बात कही और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने को बोला। उसने महिला के साथ शादी करने की भी बात कई बार करी लेकिन फिर भी अगले कई दिनों तक महिला उसे समझाती रही कि उसे अपने दिमाग से यह सब ख्याल निकाल देना चाहिए। लेकिन इसके बावजूद भी वो पुरुष नहीं माना और 3 अप्रैल 2021 को उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।

महिला का कहना है कि इस घटना के 2 दिन बाद उसने बताया कि वो व्यक्ति भी शादीशुदा है लेकिन उसका अपनी पत्नी के साथ तलाक होने वाला है। उसने महिला को यह भी कहा कि उसने पीड़िता के साथ किसी प्रकार का यौन शोषण नहीं किया है। उसने महिला को इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्यवाही न करने की धमकी भी दी और जब महिला ने थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई तब उसने पीड़िता को बयान बदलने के लिए भी धमकाया।

पीड़ित महिला का कहना है कि वो अपनी गुहार लेकर 29 जुलाई 2021 को थाने में गयी लेकिन पुलिस ने भी उसकी कोई सहायता नहीं की और मामले की रिपोर्ट लिखकर महिला को घर भेज दिया। । पीड़िता की मानें तो उससे गलती यह हुई कि उसने बिना सोचे समझे एक पुरुष पर भरोसा कर लिया जिसका नतीजा यह निकला कि उसने महिला के साथ छेड़छाड़ और उसका शोषण करने की कोशिश करी।

जांच के बाद ही शुरू होगी कार्यवाही-

महोबा के अपर पुलिस अधीक्षक आर के गौतम ने बताया कि कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र में एक चकबंदी लेखपाल महिला के शारीरिक शोषण की शिकायत तो दर्ज हुई है, और इस मामले पर मुकदमा भी दायर हो गया है, जिसमें आरोपी पर भारतीय दंड संहिता 1860 की धाराएं 376, 417, 504 और 506 लगाई गई हैं। उनका कहना है कि फिलहाल मामले की जांच पड़ताल चल रही है और जांच के बाद ही आरोपी व्यक्ति के खिलाफ किसी प्रकार की कार्यवाही हो सकती है।

इस खबर को खबर लहरिया के लिए श्यामकली द्वारा रिपोर्ट किया गया है।

ये भी पढ़ें :

यूपी : महिलाओं के साथ होती हिंसाओं की ग्रामीण रिपोर्ट

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)