खबर लहरिया Blog Maharashtra iPhone case: iPhone की चाहत ने महाराष्ट्र में 19 साल के बेटे समेत माता-पिता की मौत कर दी, और कितने ऐसे मामले हैं देखें 

Maharashtra iPhone case: iPhone की चाहत ने महाराष्ट्र में 19 साल के बेटे समेत माता-पिता की मौत कर दी, और कितने ऐसे मामले हैं देखें 

iPhone (आईफ़ोन) कुछ लोगों के लिए क्रेज़ बन गया है। iPhone जो एक स्मार्ट फ़ोन है जिसे पाने के लिए लोग किसी भी हद तक जा रहे हैं। मोबाइल आज जरूरत है या रुतबे की निशानी? आईफोन खरीदने का शौक अब कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जिसका हाल ही में बड़ा उदाहरण महाराष्ट्र की एक बड़ी घटना है। दूसरी ओर महाराष्ट्र की घटना ने इस सवाल को फिर खड़ा कर दिया है कि गांव-कस्बों में महंगे फोन खरीदने की चाह और परिवार की आमदनी के बीच कितना फासला है?

कुणाल चांदगुड़े (फोटो साभार: NDTV)

क्या है I phone का मामला 

दरअसल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक परिवार के लिए iPhone खरीदने की बात इतनी भारी पड़ गई कि कुछ ही घंटों में माता-पिता और उनके 19 साल के बेटे की जान चली गई। मामला वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव का है। यहां 21 अगस्त 2026 की सुबह 19 साल का कुणाल चांदगुड़े घर से नाराज होकर पास की खवड्या डोंगर पहाड़ी पर पहुंच गया। वह पहाड़ी से नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो उसके माता-पिता भी उसे समझाने के लिए वहां पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि कुणाल ने हाल ही में EMI पर iPhone खरीदा था। उसकी किस्त जमा करने के लिए वह परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। पिता मुरलीधर चांदगुड़े ने उसे डांट दिया जिससे नाराज होकर कुणाल घर से निकल गया और पहाड़ी पर जा पहुंचा। सुबह करीब 10 बजे जब वह पहाड़ी की चोटी पर खड़ा होकर नीचे कूदने की बात कहने लगा तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई।

कुणाल को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए परिवार के साथ स्थानीय लोग, सरपंच, पुलिस और दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। सभी ने उसे काफी देर तक समझाया। करीब तीन घंटे तक उसे नीचे लाने की कोशिश चलती रही लेकिन कुणाल पहाड़ी से नीचे आने को तैयार नहीं था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए थे। कुछ लोगों ने उसे समझाने की कोशिशों के वीडियो भी बनाए।

दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता मुरलीधर उसके पास तक पहुंच गए। वह बेटे को किसी तरह पकड़कर सुरक्षित जगह लाना चाहते थे। उन्होंने कुणाल को किनारे से पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र करीब 250 से 300 फीट गहरी खाई में जा गिरे। दोनों को गिरता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पति और बेटे के बाद पत्नी ने भी लगाई छलांग 

पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने खाई में गिरते देखकर मां संगीता चांदगुड़े सदमे में आ गईं। कुछ ही देर बाद उन्होंने भी उसी पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। हादसे में मुरलीधर, संगीता और कुणाल तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। तीनों के शव खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में परिवार के भीतर iPhone की EMI को लेकर हुआ विवाद इस घटना की वजह के तौर पर सामने आया है। एक मोबाइल फोन की किस्त को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद कुछ ही घंटों में पूरे परिवार के खत्म होने की दर्दनाक घटना में बदल गया।

युवाओं के लिए iPhone सिर्फ फोन नहीं, स्टेटस भी है 

आज iPhone कई युवाओं के लिए सिर्फ जरूरत का मोबाइल नहीं रह गया है। यह फैशन, स्टाइल और स्टेटस से भी जुड़ गया है। सोशल मीडिया के दौर में अच्छे कैमरे और बेहतर वीडियो क्वालिटी की मांग बढ़ी है। रील बनाने वाले युवा मानते हैं कि महंगे फोन से वीडियो की क्वालिटी बेहतर आती है जिससे ज्यादा व्यूज और फॉलोअर्स मिल सकते हैं। इसी उम्मीद में कई युवा अपनी कमाई या परिवार की आर्थिक स्थिति देखे बिना महंगे फोन खरीदने की कोशिश करते हैं। दूसरी तरफ महंगाई और रोजगार की कमी जैसी समस्याएं पहले से ही परिवारों पर आर्थिक दबाव डाल रही हैं। ऐसे में महंगे गैजेट खरीदने की इच्छा परिवार के बजट को और बिगाड़ सकती है।

इस तरह iPhone पाने की चाहत से ऐसी कई घटनाएँ और मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। 

– 22 अगस्त 2026 को केरल के अलापुझा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक 13 साल की एक लड़की ने अपने 17 साल के बॉयफ्रेंड और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने 67 वर्षीय दादा शिवनकुट्टी की हत्या की साजिश रची। वजह बताई गई कि लड़की नया iPhone चाहती थी। इसके लिए घर में रखे सोने के गहने चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई गई थी। बताया गया कि जब लड़के दादा पर हमला कर रहे थे तब लड़की वीडियो कॉल के जरिए पूरी घटना देख रही थी। यह मामला दिखाता है कि महंगे फोन की चाहत किस तरह एक नाबालिग को भी बेहद खतरनाक कदम उठाने तक ले गई।

– साल 2015 में iPhone 6s के लॉन्च से पहले चीन में भी इससे जुड़ा एक अजीब मामला चर्चा में आया था। शंघाई समेत कुछ इलाकों के सरकारी स्पर्म बैंकों ने युवाओं को स्पर्म डोनेट करने के लिए प्रोत्साहित करने वाले विज्ञापन जारी किए थे। इनमें iPhone खरीदने का सपना पूरा करने की बात कही गई थी। योग्य डोनर्स को तय मात्रा में वीर्य दान करने पर करीब 6,000 युआन देने की बात कही गई थी। यह रकम उस समय के iPhone 6s की कीमत के आसपास थी। हालांकि इसके लिए उम्र, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य शर्तें भी रखी गई थीं। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हुई।

– साल 2011 में चीन के एक 17 वर्षीय लड़के वांग श्यांगकुन ने iPhone 4 खरीदने के लिए अपनी एक किडनी बेच दी थी। उसे इसके बदले करीब ढाई लाख रुपये मिले और उसने उस पैसे से iPhone और कुछ अन्य सामान खरीदा। लेकिन यह फैसला आगे चलकर उसकी जिंदगी पर भारी पड़ा। गलत तरीके से हुई सर्जरी के बाद उसकी बची हुई किडनी भी खराब हो गई। कई साल से वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है और डायलिसिस पर निर्भर बताया जाता है। यानी कुछ समय के लिए फोन पाने की इच्छा ने उसकी पूरी जिंदगी खराब कर दी।

– लखनऊ में भी iPhone से जुड़ा एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया था। एक डिलीवरी बॉय भरत साहू iPhone 16 लेकर ग्राहक के घर पहुंचा था। फोन कैश ऑन डिलीवरी था यानी ग्राहक को फोन लेने के समय पैसे देने थे। आरोप है कि ग्राहक गजानन और उसके साथी आकाश के पास फोन की कीमत चुकाने के लिए पैसे नहीं थे। इसके बावजूद वे फोन हासिल करना चाहते थे। जानकारी के मुताबिक दोनों ने डिलीवरी बॉय की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बोरे में डालकर इंदिरा नहर में फेंक दिया। पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और डिलीवरी रूट की मदद से मामले की जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

– भारत में एक ऐसा मामला भी सामने आया जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को iPhone देने के लिए खुद के अपहरण की कहानी बना दी। उसने परिवार को फोन कर अपने अपहरण की बात बताई और लाखों रुपये की फिरौती मांगी। उसका मकसद उस पैसे से iPhone खरीदकर अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट करना था। लेकिन पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच में मोबाइल लोकेशन के जरिए युवक की मौजूदगी एक होटल में मिली। इसके बाद उसका झूठ सामने आ गया और उसे पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। 

आसान EMI, लंबा आर्थिक बोझ

महंगे फोन खरीदना अब लोगों को आसान लगता है वो इसलिए भी आसान लगता है क्योंकि बाजार में EMI की सुविधा आसानी से मिल जाती है। लेकिन छोटी-छोटी किस्तों में बंटी बड़ी कीमत कई बार लोगों को लंबे समय तक भुगतान के बोझ में डाल देती है। ‘काउंटरपॉइंट रिसर्च’ की रिपोर्ट के मुताबिक छोटे शहरों और कस्बों में स्मार्टफोन खरीदने के लिए फाइनेंस का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। 

सामान्य स्मार्टफोन के लिए लोग औसतन करीब 10 महीने की EMI चुनते हैं जबकि iPhone खरीदने वाले ग्राहक करीब 17.2 महीने तक की किस्त लेने को तैयार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में इस साल बिकने वाले कम से कम 42 फीसदी iPhone EMI पर खरीदे जाने का अनुमान है। वहीं देश में 75 हजार रुपये या उससे ज्यादा मासिक आय वाले परिवारों की संख्या 5 करोड़ से कम है और एक iPhone की औसत कीमत भी करीब 75 हजार रुपये बताई जाती है। क्या आसान EMI की सुविधा युवाओं को उनकी क्षमता से ज्यादा खर्च करने के लिए प्रेरित कर रही है? 

आपके गांव और कस्बे में परिवार महीने की कमाई में मोबाइल पर कितना खर्च करता है? 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके कासब्सक्रिप्शन लें

If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *