खबर लहरिया Blog महाराष्ट्र: औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर सोये 16 मजदूरों की मालगाड़ी से कटकर मौत, 3 घायल

महाराष्ट्र: औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर सोये 16 मजदूरों की मालगाड़ी से कटकर मौत, 3 घायल

महाराष्ट्र: औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर सोये 16 मजदूरों की मालगाड़ी से कटकर मौत, 3 घायल :कोरोना संकट के बीच देश में हादसों का दौर भी जारी है। शुक्रवार यानी आज 8 मई को महाराष्ट्र में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसके बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। मामला महाराष्ट्र जिले के औरंगाबाद के जालना रेलवे लाइन का है। यहां ट्रेन की पटरी पर सो रहे 15 प्रवासी मजदूरों के ऊपर से ट्रेन गुजर गयी, जिसके चलते उनकी मौत हो गयी। इसके अलावा इस दुर्घटना में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा औरंगाबाद-जालना रेलवे लाइन पर शुक्रवार सुबह 6.30 बजे के करीब का बताया जा रहा है। सभी मजदूर मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। सभी जलगांव स्थित आयरन फैक्ट्री में काम करते थे।

साभार: नवभारत टाइम्स

मालगाड़ी से 16 मजदूरों के कटने का मंजर दिल को चीर रहा है। खामोश पटरियों पर मौत का सन्नाटा पसरा है। ऐसा बताया जा कि लॉकडाउन के चलते ये सभी मजदूर अपने घर जाने के लिए 40 किलोमीटर चलकर आए थे। थकान ज्यादा लगी, तो पटरी पर सो गए। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका सफर यही खत्म हो जाएगा।
पटरी पर बिखरी थीं रोटियां, सामान और लाश
पटरी के पास का सुबह का मंजर डरानेवाला था। पटरी पर हर तरफ लाशें पड़ी थीं। पटरी पर ही इन लोगों का सामान और रोटियां बिखरी थीं जो ये लोग सफर के लिए लाए होंगे। आसपास के लोग दूर से ही वीडियोज बना रहे थे। इतने भयानक मंजर के पास जाने की कोई हिम्मत नहीं कर पाया।

मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए रेल हादसे पर मृत श्रमिकों के प्रति दुख जताते हुए आज कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से मृत श्रमिकों के परिजनों को पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद देने के साथ घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि औरंगाबाद में हुए रेल हादसे से हृदय पर ऐसा कुठाराघात हुआ है की वे उसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औरंगाबाद में हुए रेल हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि औरंगाबाद में हुए रेल हादसे में जिनकी जान गई है, उससे काफी दुख पहुंचा है। पीएम मोदी ने इस हादसे के बारे में रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है और हालात का जायजा लेने को कहा है।

 

वहीं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस हादसे में जांच के आदेश दिए हैं। पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा कि आज सुबह 5:22 बजे नांदेड़ डिवीजन के बदनापुर व करमाड स्टेशन के बीच सोये हुए श्रमिकों के मालगाड़ी के नीचे आने का दुखद समाचार मिला। वहां राहत कार्य जारी है और इन्क्वायरी के आदेश दिये गए हैं। दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

 

 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर कहा कि औरंगाबाद हादसा बहुत ज़्यादा दुःखद है। कोरोना और लॉकडाउन की सबसे ज़्यादा मार ग़रीबों पर पड़ रही है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।

 

7 मई को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एलजी पॉलिमर उद्योग में रासायनिक गैस लीक होने के मामले से कोई उबर नहीं पाया था की सुबह के इस दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। भगवान् मृतकों की आत्मा को शांति दें।