खबर लहरिया Blog सर्दियों में खाएं बाजरे से बने व्यंजन, शरीर के लिए है फायदेमंद, बीमारी को भी रखता है दूर

सर्दियों में खाएं बाजरे से बने व्यंजन, शरीर के लिए है फायदेमंद, बीमारी को भी रखता है दूर

बाजरा एक ऐसा अनाज है जिसे लोग इस सर्द मौसम में अपने शरीर को गर्म रखने के लिए खाते हैं। बाजरे से अलग-अलग तरह के व्यंजन बनाये जाते हैं जिसके नाम भी अलग-अलग होते हैं।

                                                                 फोटो साभार – सोशल मीडिया

जंक फूड के ज़माने में मोटा अनाज आज भी शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही चाव के साथ खाया जाता है। ग्रामीण इलाकों में तो इन्हें खाने व पकाने का अंदाज़ भी कुछ अलग और मनोरंजक होता है जो उसे और भी ज़्यादा स्वादिष्ट बना देता है। अब तो ठण्ड भी आ गयी है। बाजरा एक ऐसा अनाज है जिसे लोग इस सर्द मौसम में अपने शरीर को गर्म रखने के लिए खाते हैं। बाजरे से अलग-अलग तरह के व्यंजन बनाये जाते हैं जिसके नाम भी अलग-अलग होते हैं।

                                                                                               बाजरे को भूनकर खाते हुए बच्चे ( फोटो साभार – खबर लहरिया )

बाजरे को अलग-अलग तरह से पकाया व खाया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अमूमन लोग बाजरे की बाली को भून कर नमक, मिर्च और हरी धनिया की चटनी के साथ मज़े के साथ खाते हैं। एक ग्रामीण महिला ने हमें बताया कि वह हमेशा बाजरा तैयार होने पर उसे आग में भूनकर ही खाती हैं।

                                                                                                     बाजरा शरीर को अंदर से गर्म रखने का काम करता है

बाजरे से बनने वाले व्यंजनों के बारे में जानें

बाजरे से कई अलग-अलग प्रकार के लज़ीज़ भोजन बनाये जाते हैं, जिसके बाजरे में हम आपको बताने जा रहे हैं।

बाजरे का चौसेला

                                                                                                                            फोटो साभार – सोशल मीडिया

बाजरे को पीस उसके आटे की रोटी भी बनाई जाती है। इससे लड्डू व चौसेला भी बनाये जाते हैं। कई जगहों पर चौसेला बनाने के लिए चावल का भी इस्तेमाल किया जाता है। आप चावल की जगह बाजरा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

चौसेला बनाने के लिए लोगों के अनुसार बाजरा लीजिये फिर उसमें स्वाद अनुसार नमक, अजवाइन, पीसी हुई लाल मिर्च, हरा कटा हुआ धनिया और तलने के लिए तेल की ज़रुरत होती है।

ये भी देखें – बिहार के टॉप 5 पारम्परिक और मशहूर व्यंजन

बाजरे का चावल

लोग बाजरे का चावल भी बनाते हैं जिसका स्वाद खाने में भी बहुत मज़ेदार होता है व प्रोटीन से भी भरपूर होता है। बीमारियों से थोड़ी राहत भी मिलती है। जब भी कोई दंगल खेलने के लिए जाता है तो ग्रामीण क्षत्रों में एक कहावत बहुत सुनने को मिलती है ‘बाजरा खाके मज़बूत हो, इनसे कोई जीत नहीं पायेगा।’

बाजरा भात बनाने की विधि

                                                                    फोटो साभार – सोशल मीडिया

बाजरा भात बनाने के लिए 1.5 कप बाजरा लेकर उसे धाेकर 3 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दीजिए। 3 घंटे बाद बाजरा को पानी में से एक कपड़े में निकाल कर अच्छे से साफ़ कर लीजिए।
अब एक मिक्सर जार लेकर उसमें बाजरा को हल्का-हल्का चला लीजिए ताकि बाजरा से सिर्फ छिलका अलग हो, बाजरा ना पिसे। मिक्सर में हल्का-हल्का पीस लेने के बाद बाजरे को एक प्लेट में निकाल कर फटक लीजिए ताकि बाजरे से सारे छिलके अलग हो जाएं।

बाजरे से छिलके अलग हो जाने पर बाजरे को कुकर में डाल दीजिए। इसी के साथ कूकर में 2 बड़े चम्मच चावल और 3.5 कप पानी डाल कर कूकर के ढक्कन को बंद करके एक सीटी आने तक मध्यम आंच पर पकने दीजिए। एक सीटी आ जाने पर आंच को धीमी कर के भात को 7-8 मिनट और पकने दीजिए। 8 मिनट बाद आंच को बंद कर के कूकर का प्रेशर खत्म होने दीजिए।
कूकर का प्रेशर खत्म हो जाने पर उसमें 2 बड़े चम्मच घी डाल कर मिला दीजिए और उसे ठंडा होने के लिए रख दीजिए। 5 मिनट बाद भात को एक बर्तन में निकाल लीजिए। बाजरा भात को आप अपने स्वाद अनुसार कड़ी या किसी भी दाल और सब्ज़ी के साथ खा सकते है।

बाजरे की घुघनी

                                                                                                                         फोटो साभार – सोशल मीडिया

किसानों द्वारा बाजरे के दाने निकाल व उसे उबाल कर ‘बाजरे की घुघनी’ भी बनाई जाती है। कुछ लोग इसे गुड़ के साथ खाते हैं तो कुछ लोग इसे नमक-मिर्च की चटनी के साथ खाना पसंद करते हैं।

बाजरे का दलिया

                                                                                                                     फोटो साभार – सोशल मीडिया

ग्रामीण क्षेत्रों में यह चीज़ आपको ज़्यादा देखने को मिलेगी। लोग बाजरे का दलिया बनाकर भी खाते हैं। ग्रामीणों का मानना है कि बाजरा खाने से कोई बीमारी नहीं होती। इसे उगाने में ज़्यादा खाद-पानी भी नहीं लगता और खाने का स्वाद भी अलग ही होता है।

बाजरे का दलिया बनाने की सामग्री – बाजरा , मूंग दाल, चावल , प्याज , टमाटर , गाजर , पालक , लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च , हल्दी पाउडर, नमक

बाजरे का दलिया बनाने की विधि

  • बाजरे, मूंग दाल और चावल को लोगों के अनुसार लीजिये और थोड़ा-सा नमक डालकर उसे प्रेशर कूकर में डाल दीजिये।
  • फिर इसे कढ़ाई में निकाल लें और उबाल आने तक पकाएं।
  • तब तक एक अलग पैन में घी, ज़ीरा और हींग डालें।
  • पैन में कटा हुआ प्याज, गाजर, टमाटर और पालक डालें।
  • इसके बाद, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, हल्दी पाउडर और नमक आदि मसाले डालें।
  • सब्जियों के पक जाने के बाद, उन्हें दलिया के मिश्रण में डालें और मिला दें।

सर्दियों में बाजरा खाने के फायदे

  • सर्दी के दिनों में बाजरे का सेवन शरीर में अंदरूनी गर्माहट बनाए रखने में मदद करता है।
  • बाजरा कैल्शियम से भरपूर होता है और आप किसी भी कैल्शियम विकल्प की जगह इसका सेवन कर सकते हैं। आजकल और सर्दी के दिनों में होने वाली जोड़ों की समस्या व ऑस्ट‍ियोपोरासिस में यह बेहद लाभकारी है।
  • बाजरा वजन कम करने में मदद करता है। बाजरे में भरपूर मात्रा में डायट्री फाइबर होते हैं जो पाचन में लाभकारी होते हैं और कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम कर मोटापा घटाने में मददगार साबित होते हैं।
  • स्वस्थ दिल के लिए बाजरा कोलस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों के होने का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा ये मैग्नीशियम और पोटैशियम का भी अच्छा स्त्रोत है जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
  • शुगर की समस्या से परेशान लोगों को अपने खाने में बाजरे को शामिल करना चाहिए। ऐसा करने से डायबिटीज को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। बाजार शरीर में एनर्जी को बरकरार रखता है। ये ऊर्जा एक बहुत अच्छा सोर्स है।

 ये भी देखें – जानिये बुंदेलखंड के मशहूर व्यंजनों के बारे में

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke