खबर लहरिया Blog IPL 2022 मेगा ऑक्शन : BCCI ने खिलाड़ियों की लिस्ट की ज़ारी

IPL 2022 मेगा ऑक्शन : BCCI ने खिलाड़ियों की लिस्ट की ज़ारी

IPL 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने खिलाड़ियों की सूची ज़ारी कर दी है।

credit – Gulte

क्रिकेट के सबसे बड़े त्यौहार यानी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के मेगा ऑक्शन को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों की सूची ज़ारी कर दी है। आपको बता दें, 1200 से ज़्यादा क्रिकेटरों ने आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था जिनमें से 590 क्रिकेटरों पर बोली लगेगी। 12 और 13 फरवरी 2022 को बेंगलुरु में आईपीएल के 15वें सीजन का मेगा ऑक्शन होगा। इस बार आईपीएल में आठ नहीं बल्कि दस टीमें भाग लेंगी।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : सपा ने 10 प्रत्याशियों की लिस्ट की ज़ारी, बीएसपी के नामी नेता भी सपा में हुए शामिल

कैप्ड और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मिला मौका

जिन 590 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी उनमें से 228 कैप्ड और 355 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। कैप्ड यानी वे खिलाड़ी जो भारत के लिए या फिर किसी अन्य देश के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। वहीं, अनकैप्ड खिलाड़ी यानी वे क्रिकेटर जो घरेलू क्रिकेट या लीग क्रिकेट भारत या फिर अन्य देश में खेल चुके हैं, लेकिन उनको अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है।7 खिलाड़ी एसोसिएट नेशन्स (सहयोगी राष्ट्र) से भी हैं, जिन पर मेगा ऑक्शन में बोली लगने वाली है।

ऑक्शन में कई भारत और विदेशी खिलाड़ियों के नाम

भारत के प्रमुख खिलाड़ियों की बात करें तो ऑक्शन में श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, आर अश्विन, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल, वॉशिंग्टन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, इशांत शर्मा, उमेश यादव और हर्षल पटेल जैसे कई खिलाड़ी हैं, जिन पर बड़ी बोली लग सकती है। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में फाफ डुप्लेसिस, डेविड वार्नर, पैट कमिंस, कगिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डिकॉक, जॉनी बेयरेस्टो, जेसन होल्डर, ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन और वनिंदु हसरंगा जैसे दिग्गज खिलाड़ी हैं।

 

आईपीएल में दो नई टीमें हुईं शामिल

इस बार 10 टीमें आईपीएल का हिस्सा होंगी। पिछले कुछ सीजन से मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल खेलती आ रही हैं, लेकिन अब दो नई टीमें लखनऊ सुपर जाएंट्स और अहमदाबाद की टीम भी आईपीएल खेलेंगी।

खिलाड़ियों के बेस प्राइस के बारे में जानें

IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में 48 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनका बेस प्राइस (आधार मूल्य) दो करोड़ रुपये हैं। वहीं, 20 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी बेस प्राइस डेढ़ करोड़ रुपये है। इसके अलावा 34 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये है। अंडर 19 क्रिकेट से यश ढुल, विकी ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर और कुछ और भी खिलाड़ी हैं, जो मेगा ऑक्शन का हिस्सा होंगे। आपको बता दें, बेस प्राइस खिलाड़ी के प्रदर्शन के अनुसार बढ़ता और घटता रहता है।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : बीएसपी ने 5वें और AIMIM ने आठवें चरण की सूची की ज़ारी

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)