आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप (ICC Men’s T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच मैच को लेकर सवाल था कि दोनों टीमों के बीच मैच होगा कि नहीं? लेकिन अब पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान की टीम को खेलना का निर्देश दे दिया है। इसकी जानकारी पाकिस्तान सरकार ने सोमवार 9 फरवरी को जारी एक बयान में दी। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने ही भारत के साथ मैच न खेलने का फैसला किया था। भारत बनाम पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेला जाएगा।

भारत-पाकिस्तान के बीच मैच में स्टेडियम में दर्शक भारत और पाकिस्तान का झंडा हाथ में लिए हुए (फोटो साभार : पीटीआई)
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी काफी उत्सुक रहते हैं। उनके लिए सिर्फ एक मैच नहीं होता बल्कि एक जंग की तरह होता है। भारत यदि जीत जाती है तो उनकी खुशी पटाखों के शोर में सुनाई दे जाती है। भारत-पाकिस्तान (IND vs PAK) के मैच में स्टेडियम में भीड़ खचाखच भड़ी रहती है, यहां तक कि मैच की टिकट भी जल्दी ही बुक कर ली जाती है।
इस बार विश्व कप में भारत बनाम पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर चर्चा काफी लम्बी रही और क्रिकेट प्रेमियों के मन में भी निराशा देखने को मिली, जब पाकिस्तान सरकार ने भारत के साथ विश्व कप खेलने से मना कर दिया था। शुरुआत पहले बांग्लादेश के बॉयकॉट से हुई थी जिसका समर्थन पाकिस्तान सरकार ने किया था।
ये भी देखें – बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने को कहा, जानें क्या है पूरा मामला
भारत बनाम पाकिस्तान मैच का फैसला हुआ बैठक में
लाइव मिंट की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के साथ मैच खेलने को लेकर बातचीत एक बैठक में हुई थी। यह अपील आईसीसी (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अधिकारियों की लाहौर में हुई बैठकों के बाद यह अपील की गई थी।
पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को 15 फरवरी, 2026 को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। pic.twitter.com/rVmW3zScvX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 9, 2026
बैठक में हुई चर्चा में आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा था कि टी20 विश्व कप में न खेलने के लिए बांग्लादेश पर कोई जुर्माना या प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को 2028 से 2031 के बीच आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का सम्मान देने का आश्वासन भी दिया था।
विश्व कप में बांग्लादेश ने भारत के साथ मैच न खेलने का किया था इंकार
बांग्लादेश (Bangladesh) ने विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला लिया। इसकी एक वजह बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिज़ुर रहमान को आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम से बाहर किया जाना बताया गया। इसके अलावा, हाल के दिनों में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए कथित हमलों की खबरों से भी भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव बढ़ा। इन हालातों को देखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला दिया और भारत में मैच न खेलने का निर्णय लिया।
ये भी देखें – बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत में मैच खेलने से किया मना, जानें क्या रही वजह
T20 World Cup 2026 में पाकिस्तान का मैच
पाकिस्तान की टीम को ग्रुप A में रखा गया है। पाकिस्तान के साथ इस ग्रुप में भारत (India), नामीबिया (Namibia), नीदरलैंड्स (Netherlands) और यूएसए (USA) है। पाकिस्तान का पहला मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के साथ था। इसमें पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराया। अब अगला मुकाबला पाकिस्तान का यूएसए से 10 फरवरी को होना है। भारत के साथ पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेला जाएगा।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का लाइव प्रसारण कहाँ देखें
भारत में टी20 विश्व कप 2026 मैच को लाइव जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’