अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। यह घोषणा बीसीसीआई ने कल 1 सितम्बर 2026 को की। इस बार भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज (India Vs Afghanistan T20I series) में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी जगह दी गई है। वहीं, टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे।
भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच यह सीरीज तीन मैचों की होगी। इस मुकाबले की खास बात यह है कि इस बार मेजबानी अफगानिस्तान करेगा लेकिन मैच दिल्ली में खेले जाएंगे।
India squad for Afghanistan (भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम)
अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज में श्रेयस अय्यर को कप्तानी दी गई है। उनकी अगुवाई में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने जीत हासिल की थी। वहीं संजू सैमसन को भी जगह दी गई है। लंबे समय से टीम में अंदर-बाहर होने वाले संजू को एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका मिला है। विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।
India’s squad for Afghanistan T20I series announced. #TeamIndia will play three T20Is against Afghanistan at New Delhi, beginning September 13.#AFGvIND pic.twitter.com/UqTUeZyHz8
— BCCI (@BCCI) September 1, 2026
पिछले मैचों में संजू सैमसन का प्रदर्शन
हाल के टी20 मुकाबलों में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। हालांकि, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में संजू ने 42 गेंदों पर 89 रन बनाए, जबकि फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 46 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली थी।
इसके बाद आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला। आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने 5 और 0 रन बनाए, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 1 और 27 रन की पारियां खेलीं। अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में संजू के पास एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह मजबूत करने का मौका होगा।
भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज: किन खिलाड़ियों को मिली जगह
संजू सैमसन के साथ ही टीम में नीतीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा को सीरीज के लिए चुना गया है, लेकिन मैचों में उनका शामिल होना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर है। बताया जा रहा है कि ये खिलाड़ी फिलहाल चोट से जूझ रहे हैं। यही टीम इस महीने के अंत में जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेगी।
भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज में किन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह
भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज में पिछली T20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे कुछ खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। इनमें रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रभसिमरन सिंह, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव और अशोक शर्मा के नाम शामिल है।
भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज कब और कहाँ (Schedule)
भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होगा। पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को होगा। तीनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
