खबर लहरिया Hindi IND W vs ENG W, One-off Test: लॉर्ड्स में 142 साल बाद खेला गया महिला क्रिकेट मैच, कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स भारत ने अपने नाम किए

IND W vs ENG W, One-off Test: लॉर्ड्स में 142 साल बाद खेला गया महिला क्रिकेट मैच, कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स भारत ने अपने नाम किए

भारत महिला और इंग्लैंड महिला टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मैच का आज सोमवार 13 जुलाई 2026 को चौथा और अंतिम दिन है। यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक है। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत की यास्तिका भाटिया ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ और इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने पांच-पांच विकेट लेकर अपना नाम लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड (Lord’s Honours Board) पर दर्ज करा लिया। 

भारत बनाम इंग्लैंड महिला के बीच यह टेस्ट मैच 10 जुलाई 2026 से इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड, लंदन में खेला जा रहा है जिसको होम ऑफ़ क्रिकेट भी कहा जाता है। पुरुषों का पहला टेस्ट यहां 1884 में खेला गया था और उसके लगभग 142 साल बाद महिला टेस्ट को इस मैदान पर पहली बार जगह मिली।

IND W vs ENG W, One-off Test का आज चौथा और अंतिम दिन 

भारतीय टीम ने इस मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड पर मजबूत पकड़ बना ली है। दूसरी पारी में भारत ने 341/7 पर पारी घोषित कर इंग्लैंड के सामने 457 रन का विशाल लक्ष्य रखा। 13 जुलाई यानी तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 130/6 रन बनाए थे और अब इंग्लैंड को जीत के लिए 327 रन और बनाने होंगे, जबकि भारतीय टीम को ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए केवल चार विकेट हासिल करने हैं। 

लॉर्ड्स टेस्ट के अंतिम दिन दर्शकों के लिए फ्री एंट्री 

आज 13 जुलाई 2026 भारत और इंग्लैंड महिला टेस्ट मैच के चौथे एवं अंतिम दिन लॉर्ड्स में दर्शकों के लिए फ्री एंट्री दी गई है। इसकी जानकारी लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड ने फेसबुक पर पोस्ट के माध्यम से दी। मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने मैच के अंतिम दिन अधिक से अधिक दर्शकों को ऐतिहासिक मुकाबला देखने का अवसर देने के लिए यह विशेष व्यवस्था की है। हालांकि, यह हर टेस्ट मैच के अंतिम दिन लागू होने वाला स्थायी नियम नहीं है। फ्री एंट्री देना पूरी तरह मेजबान बोर्ड या स्टेडियम प्रबंधन के फैसले पर निर्भर करता है। 

भारतीय खिलाड़ियों के नाम दर्ज हुए बड़े रिकॉर्ड

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने टेस्ट मैच के तीसरे दिन यानी रविवार 12 जुलाई 2026 को इतिहास रचा। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में 113 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और वह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर महिला टेस्ट में शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। 

वहीं भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने टेस्ट मैच के दूसरे दिन, शनिवार 11 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में 5 विकेट (5/37) लेकर लॉर्ड्स के महिला टेस्ट इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। वह लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला भारतीय गेंदबाजों में शामिल हुईं। 

ये भी देखें – छतरपुर की उभरती क्रिकेट चैंपियन और WPL की गेंदबाज़ क्रांति गौड़

इंग्लैंड की खिलाड़ी ने भी बनाया रिकॉर्ड

इंग्लैंड की अनुभवी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने पहली भारतीय पारी में पांच विकेट लेकर इतिहास रचा। वह लॉर्ड्स में महिला टेस्ट की पहली पांच विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं और उनका नाम लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर दर्ज हो गया। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक (50 रन) जड़ा

इंग्लैंड की खिलाड़ी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन (फोटो साभार:X/@englandcricket)

हरमनप्रीत कौर ने भी रचा इतिहास

भारत महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने मैच के पहले दिन, शुक्रवार 10 जुलाई 2026 को शानदार 58 रन की पारी खेली और लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाजों की खास सूची में अपना नाम दर्ज कराया।

हरमनप्रीत कौर इस पारी के दौरान लॉर्ड्स पर क्रिकेट के तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल) में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि किसी भी महिला खिलाड़ी के नाम नहीं थी।

इसके अलावा उन्होंने अपनी 58 रनों की पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने का मुकाम भी हासिल किया। वह ऐसा करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट की चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गईं।

दर्शकों की संख्या और टिकट बिक्री का भी रिकॉर्ड 

इस बार यह लॉर्ड्स का मैदान सिर्फ रिकॉर्ड के लिए ही नहीं, बल्कि दर्शकों की संख्या और टिकट बिक्री के मामले में भी ऐतिहासिक बन गया है। यह मुकाबला लॉर्ड्स में आयोजित होने वाला पहला महिला टेस्ट था और इसे देखने के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के लिए पहले ही 30 हजार से अधिक टिकट बिक चुके थे, जिसने इसे दुनिया के सबसे ज्यादा दर्शकों वाले महिला टेस्ट मैचों में शामिल कर दिया। 

यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाता है। लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर पहली बार महिला टेस्ट आयोजित होना और बड़ी संख्या में दर्शकों का पहुंचना इस बात का संकेत है कि महिला क्रिकेट को अब दुनिया भर में पहले से ज्यादा समर्थन और पहचान मिल रही है।

क्यों खास है यह मुकाबला?

यह मुकाबला सिर्फ भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के इतिहास का एक सुनहरा अध्याय है। यह क्रिकेट की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित और खास स्थान। क्रिकेट में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड (लंदन) को बहुत सम्मान और गौरव वाला मैदान माना जाता है। यहां खेलना किसी भी क्रिकेटर के लिए बड़े सम्मान की बात होती है।

मैच अब शुरू हो चूका है अगर भारतीय गेंदबाज आज शुरुआत में ही बचे हुए विकेट निकाल लेते हैं तो टीम इंडिया लॉर्ड्स में खेले गए पहले महिला टेस्ट को जीतकर एक और इतिहास रच देगी।  

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *