खबर लहरिया Blog ICC Women’s T20 World Cup 2026 : भारतीय महिला खिलाड़ी श्री चरणी (Shree Charani) ने विकेट लेकर रचा इतिहास, इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनी 

ICC Women’s T20 World Cup 2026 : भारतीय महिला खिलाड़ी श्री चरणी (Shree Charani) ने विकेट लेकर रचा इतिहास, इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनी 

क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी कुछ ऐसे पल आते हैं जो सिर्फ मैच नहीं जीतते, बल्कि इतिहास लिख देते हैं। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की 21 साल की स्पिनर श्री चरणी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। अपनी शानदार गेंदबाज़ी और लगातार शानदार प्रदर्शन से इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लिए हैं और अब वह इस वर्ल्ड कप की सबसे चर्चित गेंदबाज़ बन चुकी हैं। 

टी20 महिला क्रिकेट विश्व कप में भारतीय खिलाड़ी श्री चरणी साउथ अफ्रीका के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान (फोटो साभार: बीसीसीआई)

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कल 25 जून को भारत को तीसरी जीत मिली। भारत बनाम बंगलादेश के बीच हुए मैच में भारत ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। इस मैच में भारत की स्पिनर गेंदबाज श्री चरणी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए और बांग्लादेश को 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन पर ही रोक दिया। 

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे अधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी 

इस पूरे टूर्नामेंट में श्री चरणी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने लगभग हर मैच में विकेट लेकर अपनी टीम को शुरुआती और बीच के ओवरों में बड़ी सफलता दिलाई है। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी सटीक लाइन और लेंथ है, जिससे बल्लेबाज़ रन बनाने में संघर्ष करते हैं। इसके अलावा, वह दबाव की स्थिति में भी शांत रहती हैं और रणनीति के अनुसार गेंदबाज़ी करती हैं। इसी कारण वह इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच चुकी हैं और भारतीय गेंदबाज़ी की रीढ़ बन गई हैं।

4 मैचों में 12 विकेट 

इस टूर्नामेंट में भारत का मुकाबला अब तक 4 टीमों के साथ हुआ है जिसमें पाकिस्तान, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश शामिल है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के साथ हुए मैचों को छोड़कर तीन मैच में जीत हासिल की है और इसका सबसे ज्यादा श्रेय श्री चरणी को जाता है। 

श्री चरणी ने अपनी इस उपलब्धि के बाद कहा कि उनके लिए सबसे ज़रूरी टीम पर ध्यान केंद्रित रखना है और वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराना सबसे अहम लक्ष्य है। भारत का अगला मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया की टीम से होगा। 

आज श्री चरणी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की नई उम्मीद बन चुकी हैं। इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से कोई भी खिलाड़ी बड़े मंच पर चमक सकता है। उनकी गेंदबाज़ी ने भारत को मजबूती दी है और उन्हें विश्व क्रिकेट में एक अलग पहचान दिलाई है। अगर वह इसी तरह प्रदर्शन करती रहीं, तो आने वाले समय में उनका नाम भारत की महान स्पिन गेंदबाज़ों में जरूर लिया जाएगा।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *