खबर लहरिया Hindi Haj Application Process 2027: हज 2027 के लिए आवेदन शुरू, बाँदा में मुफ्त आवेदन सुविधा, कैसे करें आवेदन जानें

Haj Application Process 2027: हज 2027 के लिए आवेदन शुरू, बाँदा में मुफ्त आवेदन सुविधा, कैसे करें आवेदन जानें

अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य साल 2027 में हज यात्रा पर जाना चाहता है, तो उसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए आवेदन 22 जून 2026 से शरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तारीख 20 जुलाई 2026 है। 

हज क्या है?

हज मुसलमानों की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा मानी जाती है। यह यात्रा सऊदी अरब के मक्का शहर में की जाती है। इस्लाम में हज को पांच सबसे जरूरी धार्मिक कर्तव्यों (पांच स्तंभों) में शामिल किया गया है। जो मुसलमान शारीरिक रूप से स्वस्थ हों और आर्थिक रूप से सक्षम हों, उन्हें जीवन में कम से कम एक बार हज करने की सलाह दी जाती है।

हज क्यों खास माना जाता है?

हर साल दुनिया के लाखों मुसलमान हज के लिए मक्का पहुंचते हैं। इस दौरान सभी लोग एक जैसी सादी पोशाक पहनते हैं, जिससे बराबरी और एकता का संदेश मिलता है। हज को आत्मिक शांति, इबादत और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगने का सबसे बड़ा अवसर माना जाता है।

हज 2027 के लिए आवेदन कैसे करें?

हज के लिए आवेदन की प्रकिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट या हज सुविधा (Haj Suvidha) मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

आवेदन करते समय सबसे पहले मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पता और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन जमा किया जा सकता है। आवेदन सफल होने पर उसकी रसीद सुरक्षित रखनी चाहिए।

सरकार की भूमिका

हज यात्रा का आयोजन भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया की देखरेख में किया जाता है। हज कमेटी आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच, यात्रियों के चयन और यात्रा की तैयारियों का काम करती है। वहीं भारत सरकार सऊदी अरब के साथ समन्वय करती है और हज यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग देती है।

हालांकि, हज यात्रा मुफ्त नहीं होती। यात्रियों को तय शुल्क देना होता है। सरकार यात्रा की व्यवस्था और समन्वय में मदद करती है, लेकिन यात्रा का खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना पड़ता है।

हज 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 20 जुलाई 2026 है। इसलिए जो लोग हज पर जाना चाहते हैं, वे समय रहते आवेदन कर दें और आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

बाँदा में हज पर जाने के आवेदन के लिए सुविधा 

हज पर जाने के लिए उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया है कि हज 2027 के लिए बांदा जिले के लोग बिना किसी शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। इसकी सुविधा के लिए मदरसा दारुल उलूम रब्बानिया, नरैनी रोड, बांदा स्थित हज ई-सुविधा केंद्र पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन करवा सकते हैं। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और हज सुविधा (Haj Suvidha) ऐप के माध्यम से किए जा रहे हैं।

आवेदन के लिए क्या-क्या जरूरी है?

  • आवेदक के पास मशीन से पढ़ा जाने वाला (Machine Readable) पासपोर्ट होना चाहिए। हस्तलिखित पासपोर्ट मान्य नहीं होगा।
  • पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए।
  • आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार की फोटो, पासपोर्ट का पहला और आखिरी पेज, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी और कैंसिल चेक या बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होगी।

हज यात्रा की कितनी श्रेणियां होंगी?

हज 2027 के लिए दो तरह की यात्रा का विकल्प दिया गया है।

  • 40 दिन की हज यात्रा
  • 20 दिन की हज यात्रा

आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से एक विकल्प चुन सकते हैं।

हालांकि, 20 दिन की हज यात्रा चुनने वाले यात्रियों के लिए केवल सात हवाई अड्डों से उड़ान की सुविधा होगी। इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चि, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई शामिल हैं।

एक साथ कितने लोग आवेदन कर सकते हैं?

एक आवेदन समूह में अधिकतम पांच लोग शामिल हो सकते हैं। लेकिन सभी लोगों को एक ही यात्रा श्रेणी (20 दिन या 40 दिन) चुननी होगी। साथ ही हर आवेदक का अपना मोबाइल नंबर होना जरूरी है।

महिलाओं और बुजुर्गों के लिए क्या नियम हैं?

  • 65 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं बिना मेहरम (पुरुष रिश्तेदार) के भी आवेदन कर सकती हैं। लेकिन उनके साथ 40 से 64 वर्ष आयु का एक साथी (कम्पेनियन) होना जरूरी होगा।
  • 65 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष या अन्य सामान्य आवेदकों के साथ भी 40 से 64 वर्ष आयु का एक साथी होना अनिवार्य है।

आवेदन के बाद क्या करना होगा?

ऑनलाइन आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट डाउनलोड करना होगा और उसे उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति में जमा करना होगा।

हज यात्रा का खर्च कितना हो सकता है?

विभाग ने बताया कि हज 2026 में लखनऊ से जाने वाले यात्रियों का खर्च करीब 3.52 लाख रुपये और दिल्ली से जाने वालों का करीब 3.46 लाख रुपये था। हज 2027 का अंतिम खर्च बाद में तय किया जाएगा, इसलिए यह रकम केवल पिछले साल का अनुमान है।

आवेदन करने से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देश और हज नीति को ध्यान से पढ़ लें। सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और 20 जुलाई 2026 से पहले आवेदन जरूर पूरा कर लें।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *