खबर लहरिया Hindi किसान संगठनों ने किया भारत बंद का ऐलान

किसान संगठनों ने किया भारत बंद का ऐलान

बांदा: आंदोलनकारी किसान संगठनों ने आज 26 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक ‘भारत बंद’ का ऐलान किया है। बांदा शहर में आज सुबह 5 से 8 बजे तक रोज जैसे ही माहौल दिखा लेकिन पुलिस का रेला कुछ एहसास करा रहा है कि कुछ तो होने वाला है। साथ ही किसान नेताओं के अनुसार होली के दिन मतलब 28 मार्च को कृषि कानून बिल 2021 की प्रतियां जला कर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी है।

-संयुक्‍त किसान मोर्चा ने 26 मार्च 2021 को बुलाया है ‘भारत बंद’
-आज सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ‘भारत बंद’ करेंगे किसान
-विधानसभा चुनाव वाले राज्‍यों में नहीं लागू होगा ‘भारत बंद’
-किसानों की सड़क और रेल परिवहन को बाधित करने की तैयारी
-बांदा (उत्तर प्रदेश) शहर के संकट मोचन मन्दिर के सामने करेंगे चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन

बांदा ( साभार-खबर लहरिया)

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संगठन शुक्रवार (26 मार्च) को ‘भारत बंद’ करेंगे। संयुक्‍त किसान मोर्चा के मुताबिक, किसान आंदोलन के 120 दिन पूरे होने पर ‘भारत बंद’ किया जा रहा है। हजारों की संख्‍या में किसान दिल्‍ली की सीमाओं पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस, लेफ्ट, समेत कई विपक्षी दलों ने बंद का समर्थन किया है। किसान संगठनों ने ऐलान किया है कि 28 मार्च को वे होलिका दहन पर नए कानूनों की प्रतियां जलाएंगे।

बैजनाथ अवस्थी मंडल अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन चित्रकूट धाम मंडल बांदा बताते है कि किसान संगठन ने 23 मार्च को हुई किसान महापंचायत में भारत बंद पर एकजुट होने का ऐलान किया था। इस समय फसल की कटाई जोरों पर है लेकिन एक दिन के लिए कटाई का काम छोड़ सैकड़ों की तादाद में किसान जुड़ने वाले हैं। दिन में 12 बजे से अशोक लाट तले बैठक और विरोध प्रदर्शन करेंगे साथ ही संकट मोचन के सामने चक्का जाम करेंगे। इस बंदी का समर्थन करने के लिए हरेक नागरिक से अपील की गई है।

भारत बंद का करें समर्थन – अध्यक्ष बुंदेलखंड किसान यूनियन बांदा

विमल शर्मा अध्यक्ष बुंदेलखंड किसान यूनियन बांदा

बताते हैं कि वह किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद का कार्यक्रम करेंगे। सदर तहसील समेत अतर्रा, नरैनी, बबेरू, पैलानी तहसीलों में तहसील स्तर के पदाधिकारियों द्वारा भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन, बैठक और चक्का जाम करेंगे। साथ सबसे अपील करेंगे कि भारत बंद का समर्थन करें।

26 मार्च को भारत बंद के दौरान, 12 घंटों के लिए देश में क्‍या-क्‍या खुला रहेगा और क्‍या बंद, आइए जानते हैं।

भारत बंद कब और कितने समय के लिए है?

किसान संगठनों का भारत बंद आज 26 मार्च 2021 की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

भारत बंद का कहां-कहां असर होगा?

संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, 26 मार्च को ‘संपूर्ण रूप’ से भारत बंद रहेगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि जिन राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव होने हैं, उन्हें 26 मार्च को भारत बंद से अलग रखा जाएगा। पिछली बार उत्‍तर प्रदेश और उत्‍तराखंड को छूट दी गई थी। इस बार किसान नेता दावा कर रहे हैं कि 26 मार्च को दिल्ली के अंदर भी भारत बंद का प्रभाव देखा जाएगा।

भारत बंद में क्‍या-क्‍या बंद रहेगा?

इस दौरान, रेल और सड़क यातायात को बाधित करने की योजना है। दुकानों और डेयरी जैसी जगहों को बंद रखा जाएगा। सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक, सार्वजनिक स्‍थलों को भी बंद रखा जाएगा।

भारत बंद के दौरान क्‍या-क्‍या खुला रहेगा?

किसान नेताओं के अनुसार, किसी कंपनी या फैक्‍ट्री को नहीं बंद कराया जाएगा। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्‍टोर, जनरल स्‍टोर जैसी जरूरत की जगहें खुली रहेंगी।

इस खबर को खबर लहरिया के लिए मीरा देवी द्वारा लिखा गया है।