बिहार सरकार द्वारा नालंदा के युवाओं के रोजगार से संबंधित एक खबर आई है। निजी क्षेत्र कंपनी ‘2Coms consultancy pvt Ltd’ नालंदा में 175 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके लिए 9 जून को बिहारशरीफ में एक रोजगार शिविर लगाया जाएगा जहां इच्छुक युवा सीधे साक्षात्कार (इंटरव्यू) में शामिल हो सकेंगे।
दैनिक भास्कर के रिपोर्ट अनुसार जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आफिक वक्कास ने बताया है कि यह जॉब कैंप ब्लॉक परिसर स्थिति संयुक्त श्रम भवन (जिला नियोजनालय) में आयोजित होगा। इस शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है।
यह रोजगार शिविर बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मार्गदर्शन में जिला नियोजनालय नालंदा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर को लगाने का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना बताया गया है।
जरुरी दस्तावेज लाना आवश्यक
जिला नियोजनालय द्वारा यह भी बताया गया है कि विभाग की भूमिका इस रोजगार शिविर में केवल समन्वय और सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित है। भर्ती प्रक्रिया और नौकरी से जुड़ी सभी शर्तों की जिम्मेदारी संबंधित निजी कंपनी की होगी।
विभाग के ओर से इच्छुक युवाओं से कहा गया है कि वो 9 जून को तय समय पर जॉब कैंप में पहुंचे। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है ताकि वे भर्ती प्रक्रिया में आसानी से शामिल हो सकें।
इस आयोजित होने वाले रोजगार शिविर के ज़रिए 175 पदों पर भर्ती की जाएगी जिसमें 110 पद असेंबली लाइन ऑपरेटर और 65 पद मशीन ऑपरेटर के लिए है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वहीं 10वीं 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। भर्ती में चयनित किए गए अभ्यर्थियों को नोएडा और बेंगलुरु में नौकरी करने का मौका दिया जा सकता है। इसी के साथ कंपनी की ओर से 17 हजार से 19,500 रुपए प्रति माह वेतन दिए जाने की बात भी कही गई है।
इसके अलावा सीएम प्रतिज्ञा एसोसिएट्स के लिए 11 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि के साथ अन्य भत्ते और सुविधाएँ भी दी जाएगी। हलांकी अब ये 9 जून के बाद ही पता लग पाएगा कि आख़िर कितने लोगों ने भर्ती प्रक्रिया कि शिविर में भाग लिया और कितनों को नौकरी मिलेगी।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
