खबर लहरिया Blog कांग्रेस नेता व महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण हुए बीजेपी में शामिल

कांग्रेस नेता व महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण हुए बीजेपी में शामिल

अशोक चव्हाण ने मीडिया को बताया कि, “मैं कांग्रेस पार्टी में होने वाली किसी भी बात को लेकर सार्वजनिक मंच पर चर्चा नहीं करने जा रहा हूं।” आगे कहा कि यह उनका निजी फैसला है।

                                                             अशोक चव्हाण कांग्रेस को छोड़ अब भाजपा में शामिल हो गए हैं ( फोटो – सोशल मीडिया)

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता व महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। सोमवार, 12 फरवरी को उन्होंने अपने विधायक के पद से इस्तीफ़ा दिया था। वजह बताते हुए कहा कि यह उनके “राजनीतिक करियर की एक नई शुरुआत” है।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने पूर्व सीएम और पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण का बीजेपी में स्वागत किया। पीटीआई ने X पर इसकी जानकारी दी।

बता दें, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को अपना इस्तीफा सौंपा था।

ये भी देखें – कतर की जेल में बंद 8 भारतीय नौसेना अधिकारी को मिली रिहाई, मौत की मिल चुकी थी सज़ा

भाजपा में शामिल होने पर चव्हाण का बयान

एएनआई ने X पर वीडिओ साझा किया जिसमें उन्होंने कहा, “आज यह मेरे राजनीतिक करियर की एक नई शुरुआत है। मैं आज उनके कार्यालय में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि हम महाराष्ट्र के रचनात्मक विकास के लिए काम करेंगे।”

इस्तीफा देने को बताया निजी फैसला

अशोक चव्हाण ने मीडिया से बताते हुए कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी में होने वाली किसी भी बात को लेकर सार्वजनिक मंच पर चर्चा नहीं करने जा रहा हूं।” आगे कहा कि यह उनका निजी फैसला है।

बता दें कि चव्हाण हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले सबसे बड़े नेता हैं। इससे पहले मिलिंद देवड़ा और बाबा सिद्दीकी ने भी हाल ही में पार्टी छोड़ दी थी।

मिलिंद देवड़ा मुंबई में कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 55 साल तक कांग्रेस के साथ थे। इसके बाद वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी में शामिल हो गए।

वहीं अगर बाबा सिद्दीकी की बात की जाए तो वह कांग्रेस में पूर्व मंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस को छोड़ने के बाद वह अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए।

ये भी देखें – सुधीर चौधरी ने ‘आदिवासियों’ पर की अपमानजनक टिप्पणी, ट्राइबल आर्मी ने कहा- ‘पीएम मोदी भी नहीं बचा पाएंगे’

चव्हाण के कांग्रेस छोड़ने पर उप उपमुख्यमंत्री ने यह कहा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, “कांग्रेस में बड़े पैमाने पर नेता पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं, क्योंकि वे पार्टी की नीतियों के बारे में असहज महसूस कर रहे हैं जो देश के लिए अनुकूल नहीं हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं।”

अशोक चव्हाण कौन है?

अशोक चव्हाण भोकर सीट से विधायक और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रह चुके हैं। वे नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद भी थे। उन्होंने 1999 से मई 2014 तक तीन कार्यकालों तक महाराष्ट्र विधानसभा में कार्य किया था। वे 8 दिसंबर 2008 से 9 नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke