खबर लहरिया Blog थूक लगाकर बाल काटने की वायरल वीडियो का दूसरे सैलूनों पर असर

थूक लगाकर बाल काटने की वायरल वीडियो का दूसरे सैलूनों पर असर

कुछ दिनों पहले मशहूर हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब द्वारा थूक लगाकर महिला के बाल काटने का वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना का चित्रकूट जिले के अन्य सैलूनों पर भी काफ़ी असर पड़ा है।

                                 वायरल वीडियो में मौजूद महिला पूजा ( फोटो साभार – एबीपी)

सोशल मीडिया जहां बहुत सारी जानकारियां देता है बच्चों की पढ़ाई हो, या नौकरी की तैयारी हो सबके लिए काफी फायदेमंद है। वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया का दुरुपयोग भी खूब होता है। अक्सर सोशल मीडिया में वाइरल वीडियो की वजह से लोगों के मान सम्मान पर असर पड़ता है। जातिगत हिंसा इतना बढ़ जाती है कि वह साम्प्रदायिक हिंसा का रूप ले लेती है।

ऐसी ही एक घटना चित्रकूट जिले के जावेद हबीब नाम से खुले सैलून में हुई। 8 जनवरी को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें जावेद हबीब एक महिला के बाल की कटिंग करते समय बालों में थूक लगा रहें हैं। वीडियो मशहूर हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब का बताया जा रहा। दावा किया जा रहा कि हबीब ने मुजफ्फरनगर के एक लाइव शो में बताया कि अगर पानी ना हो तो थूक का इस्तेमाल करें। डेमो भी दिया और कहा कि मेरे थूक में जान है। और वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके बॉयकॉट तक की मांग उठा डाली।

क्या है पूरा मामला

मशहूर हेयर स्‍टाइलिस्‍ट जावेद हबीब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह 3 जनवरी को मुजफ्फरनगर में एक शो के दौरान पूजा नाम की महिला के बालों को काटते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने की वजह है जावेद हबीब का बाल काटते हुए उनका अजीब व्‍यवहार।

महिला ने आरोप लगाया है कि जावेद हबीब ने थूक लगाकर उनके बाल काटे। पूजा ने महिला आयोग और पुलिस से भी मदद ली जिसमें जावेद हबीब ने राष्ट्रीय महिला आयोग में माफी मांगते हुए कहा की मेरा इरादा किसी को चोट पहुँचाना नहीं था। अगर ऐसा हुआ है तो मैं माफी मांगता हूं आगे से ऐसा कभी नहीं होगा और माफी का वीडियो भी शोसल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर खूब शेयर किया गया है। लेकिन पूजा गुप्ता पुलिस और महिला आयोग की कार्यवाही से संतुष्ट नहीं हुई और अपनी शिकायत हिन्दू संगठनों से की। अब हिन्दू संगठनों में इतना जोश आया है कि यह मामला संप्रादायिक हिंसा का रूप लेने लगा।

कौन हैं जावेद हबीब?

जावेद हबीब देश के सबसे पॉपुलर हेयर एक्सपर्ट हैं। भारत के अलावा दुनिया के कई और देशों में भी इनके काफी सैलून हैं। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए उनके एक वीडियो से वो विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पूजा गुप्ता के स्टेटमेंट के बाद कम हुई लोगों की प्रतिक्रिया जावेद हबीब ने जिस महिला के बालों में थूका, वो पूजा गुप्ता बड़ौत (बागपत) की हैं। महिला का जो वीडियो ट्विटर पर सामने आया है, उसमें वह कहती हैं, मेरा नाम पूजा गुप्‍ता है वंशिका ब्‍यूटी पार्लर नाम से मेरा पार्लर है। मैं बड़ौत की हने वाली हूं। कल मैंने जावेद हबीब सर का एक सेमिनार अटेंड किया. उन्‍होंने स्‍टेज पर मुझे हेयर कट के लिए इन्‍वाइट किया। उन्होंने मिसबिहेव किया उन्‍होंने ये दिखाया कि अगर पानी न हो तो थूक से भी हेयर कट करवा सकते हो।  मैंने वो हेयर कट नहीं कराया, मैं गली के नुक्‍कड़ नाई से बाल कटा लूंगी लेकिन जावेद हबीब से नहीं।

https://twitter.com/sachingupta787/status/1478958855908327426?s=20

 

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सैलून में की तोड़फोड़

कर्वी में जावेद हबीब नाम से सैलून चलाने वाली जागृति सिंह ने बताया कि 8 जनवरी को आठ से दस अनजान लोग उनके पार्लर में घुस आये। जब तक वह समझ पाती की वह कौन हैं पार्लर आये हैं या क्या काम है उसके पहले ही उन लोगों ने उनके पार्लर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। वर्कर को मारने लगे और लगभग एक से डेढ़ लाख का नुकसान कर दिया। उन्हें जावेद हबीब से शिकायत थी उनसे नाराज़ थे तो प्रदर्शन करते। सैलून पर जावेद हबीब का नाम लिखा है इसका मतलब यह नहीं की उनका है यह 35 लाख की लागत से दो महिलाओं ने मिलकर खोला है।

जागृति सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि किस अधिकार से उन लोगों ने उनके सैलून में आकर तोड़ फोड़ की? एक महिला के सपोर्ट में दूसरी महिला को अपमानित करना यह कैसा न्याय है? बजरंग दल हो या कोई भी दल प्रदर्शन रोड चौराहे पर किया जाता है न की किसी की दुकान या घर में? उनका आरोप है कि इस जगह पर अगर मुश्लिम महिलाएं होती तो शायद उनकी जान भी ले लेते।

पुलिस कस्टडी से बाहर हुए आरोपी

                                                      एफआईआर की कॉपी

जब इस मामले में कर्वी सीओ शीतला प्रसाद से बात की तो उन्होंने कहा इतना बड़ा अपराध नहीं किया है धारा 147, 427 व 504 के तहत मुकदमा लिख गया है। मुचलके (भविष्य में कोई अनुचित काम) न करने की शर्त पर छोड़ दिया गया है।

आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं-

– संदीप कुमार शुक्ला
– कपिल त्रिपाठी
– अजय कुमार यादव
– शिवम त्रिपाठी

पुलिस सुरक्षा की मांग

जबकि सैलून की ऑनर जागृति सिंह का कहना है वह समझौता किस आधार पर करें। वह सैलून चला रही हैं उनके यहाँ हर दिन लोग आते रहते हैं, उन्हें इस घटना से खतरा महसूस होता है। देर रात सैलून बंद करके घर जाते समय भी खतरा है। जागृति सिंह ने खुद के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है उन्होंने यह भी कहा है कि उनके सैलून पर गार्ड बैठाये जाएँ। क्योंकि उन्हें डर है की जावेद हबीब द्वारा 8 और 10 जनवरी को माफ़ी माँगा था जिसकी वीडियो भी वायरल हुई, फिर इतना बड़ा मुद्दा बनाया जाना खतरे से ख़ाली नहीं है।

विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री रामशरण त्रिपाठी ने कहा कि वह इस घटना के समय बाहर थे इसलिए उन्हें जानकरी नहीं थी। जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को समझाया है कि जो तरीका उन लोगों ने अपनाया वह सही नहीं था। किसी भी दर्शन के लिए प्रशासन से सहमति लेनी पड़ती है।

इस खबर की रिपोटिंग नाज़नी रिज़वी द्वारा की गयी है।

ये भी देखें – बांदा: लाखों रुपए का बजट बनाने के बावजूद भी मर रहे जानवर

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)