खबर लहरिया Blog मुख्यमंत्री ने किया बुंदेलखंड का दौरा, किया 924 करोड़ रूपये लागत की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने किया बुंदेलखंड का दौरा, किया 924 करोड़ रूपये लागत की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण

बांदा: शहर के जीआईसी ग्राउंड में बने भारी भरकम मंच तले 10 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूटधाम मण्डल की 924 करोड़ रूपये लागत की 229 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास किया।

बुन्देलखण्ड अब प्यासा नही रहेगा तथा हर घर तक जल तथा हर खेत तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।अपने भाषणबाजी में कह गए कि “हमारी सांस-सांस में राम बसे हैं, हमें राम से कोेई अलग नहीं कर सकता है। बुन्देलखण्ड अब नई बुलन्दियों को छूते हुए स्वर्ग बनेगा तथा यहां के युवाओं को रोजगार के लिए अब पलायन नहीं करना होगा। इसके साथ ही बुन्दलेखण्ड में हर घर नल, हर घर जल योजना के अन्तर्गत शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि विगत दो दिन में बुन्देलखण्ड क्षेत्र में तीन हजार करोड़ रूपये की योजनायें प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की गयी हैं। अब विकास की योजनायें धरती पर उतर रही हैं और प्रधानमंत्री जी के आर्शीवाद व सहयोग से इस क्षेत्र की पेयजल योेजनायें भी शीघ्र पूर्ण हो सकेगीं।

योजनाओं को लागू करने की कही बात

आज जनपद चित्रकूट में रसिन बांध तथा चिल्लीमल योजना का लोकार्पण किया गया है तथा जल्द ही जनपद महोबा में 2600 करोड़ की लागत से बनने वाली अर्जुन सहायक परियोजना का कार्य पूर्ण कराया जायेगा। इस परियोजना का लोकार्पण खुद प्रधानमंत्री जी से कराया जायेगा। हर ग्राम पंचायत स्तर पर गौशाला का निर्माण कराया जायेगा जिससे गायों की रक्षा हो सके तथा किसानों की फसल भी बर्बाद न हो। कुपोषित परिवारों को गाय प्रदान करने की व्यवस्था की गयी है तथा गाय के पालन पोषण के लिए शासन द्वारा 900 रूपये प्रति पशु प्रति माह धनराशि प्रदान की जायेगी। बुन्देलखण्ड में विकास की जो योजनायें लागू की जा रही हैं उससे स्थानीय लोंगो को रोजगार प्राप्त होगा। डिफेन्स काॅरीडोर योजना के लागू होने से रोजगार के अवसर बढेंगे।

अब तक यहां की जवानी देश की रक्षा करती थी किन्तु अब यहां से बनी तोपें भी देश की रक्षा करेंगी। विदेशी जूठ़न पर पलने वाले लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं, ऐसे लोंगो से सावधान रहने की आवश्यकता है। भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रभावी प्रयास किये गये हैं। साथ ही अनाज मण्डियां पहले थीं और आगे भी रहेंगी। प्रदेश में 68 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गयी है। बुन्देलखण्ड में पर्यटन की अपार सम्भावनायें हैं। पर्यटन को बढ़ाने के लिए चित्रकूट तथा झांसी से शीघ्र ही वायु सेवायें प्रारम्भ करायी जायेंगी। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बजट में 200 करोड़ रूपये का प्रविधान किया गया है।

सीएम ने कहा – 60 से ज़्यादा उम्र के व्यक्ति लगवाए टीका

मुख्यमंत्री ने लोंगो से अपील की कि 60 वर्ष की आयु से ऊपर के व्यक्ति कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवायें तथा सरकार द्वारा 60 वर्ष की आयु से ऊपर के व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन निःशुल्क लगायी जा रही है। इस पावन धरती पर ही महर्षि वाल्मीकि ने रामायण तथा संत तुलसीदास ने रामचरित मानस की रचना की थी इसीलिए इस क्षेत्र के लोंगो को अयोध्या में भगवान श्रीराम के मन्दिर के निर्माण से अपार खुशी हो रही है। हमारी सांस-सांस में राम बसे हैं और राम से हमें कोई अलग नही कर सकता। सरकार का प्रयास है कि बुन्देेलखण्ड क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आये।

योजना में कार्यरत लोगों को दिया प्रमाण पत्र

मुख्यमंत्री ने जनसभा के सम्बोधन के पूर्व जिला प्रशासन द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने 667 लाभार्थीयों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, 2673 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किये। 111 महिला समूहों को ई-पाॅस मशीन, स्वयं सहायता समूह की 2 महिलाओं को पी.ओ.एस. मीटर और रीडिंग मशीन प्रदान की। 2 महिलाओं को स्वच्छ शौचालय के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आजीविका मिशन एक्सप्रेस योजना के अन्तर्गत महिला समूह की 8 महिलाओं को इलेक्ट्रानिक रिक्शा की चाबी, 3 किसानों को ट्रैक्टर, 3 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व 21 बालिकाओं को साइकिल प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने 201 सामुदायिक शौचालयों का भी लोकार्पण किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा- जीडीपी में हुई है बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश जी.डी.पी. के दृष्टिकोंण से दूसरे स्थान पर आ गया है तथा प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। योगी जी की सरकार ने प्रदेश में 40 लाख आवास देने का कार्य किया है। चार वर्षों में ओ.डी.ओ.पी. योजना के अन्तर्गत 25 लाख लोंगो को लाभ प्राप्त हुआ है।

सबको मिलेगी जल की सुविधा – जल मंत्री

जल शक्ति मंत्री डाॅ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वह प्रत्येक घर को शुद्ध पेयजल तथा हर खेत को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। साथ ही पार्टी के सांसद और विधायकों ने भी अपने-अपने विचार रखे।

इस खबर को खबर लहरिया के लिए मीरा देवी द्वारा लिखा गया है।