खबर लहरिया जवानी दीवानी चांद की सैर करने वाले पहले पर्यटक! जानिए कौन

चांद की सैर करने वाले पहले पर्यटक! जानिए कौन

ऑनलाइन फैशन उद्योगपति और जापानी अरबपति युसाकू माइजावा वर्ष 2023 तक ‘‘स्पेसएक्स’’ रॉकेट के जरिए चंद्रमा की सैर करने वाले पहले आम व्यक्ति होंगे। उनकी योजना छह से आठ कलाकारों को साथ ले जाने की भी है।

वर्ष 1972 के आखिरी अमेरिकी अपोलो मिशन के बाद से माइजावा चंद्रमा की यात्रा करने वाले प्रथम यात्री होंगे। उन्होंने यह विशेषाधिकार हासिल करने के लिए कितनी रकम चुकाई है, उसका खुलासा नहीं किया है।

बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स के मुताबिक माइजावा जापान के सबसे बड़े ऑनलाइन फैशन मॉल के मुख्य कार्यकारी हैं और वह जापान के 18वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पास तीन अरब डॉलर की संपत्ति है।

माइजावा ने बताया कि कला के प्रति अपने प्रेम के चलते ही उन्होंने इस यात्रा पर कलाकारों को आमंत्रित करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया, ‘मैं इस चंद्र अभियान के लिए अपने साथ दुनिया भर से छह से आठ कलाकारों को आमंत्रित करना चाहूंगा।’ उन्होंने कहा कि इन कलाकारों को पृथ्वी पर लौटने पर कुछ कलाकृतियां बनाने को कहा जाएगा। इनकी कलाकृतियां हम सब को प्रेरित करेंगी।

गौरतलब है कि अब तक अमेरिकी ही पृथ्वी की कक्षा से बाहर गए हैं। नासा के कुल 24 अंतरिक्ष यात्री 1960 और 1970 के दशक में ओपोलो यान के दौर में चंद्रमा पर गए।

वहीं, 12 अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा की सतह पर चहलकदमी की। प्रथम अंतरिक्ष पर्यटक डेनिश टीटो थे। वह एक अमेरिकी कारोबारी हैं। उन्होंने एक रूसी अंतरिक्ष यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने के लिए करीब दो करोड़ डॉलर अदा किये थे।