खबर लहरिया Blog आज से यूपी में ग्रीन जोन में चलेंगी बसें

आज से यूपी में ग्रीन जोन में चलेंगी बसें

लॉकडाउन के तीसरे चरण के शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने लोगों को धीरे-धीरे कई क्षेत्रों में छूट देना शुरू कर दिया है। आज यानी बुधवार 6 मई से उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर परिवहन निगम अब ग्रीन जोन जिलों में अपनी रोडवेज बस चलाएगा। रोडवेज बसें एक ग्रीन जोन से दूसरे ग्रीन जोन के बीच चलेंगी। बीच में कोई भी ऑरेन्ज या रेड जोन का जिला पड़ेगा तो वहां से न तो सवारियां ली जाएंगी और न ही वहां बसें रुकेंगी। बस को सैनिटाइज करके चलाया जाएगा। बसों में 26 से 30 तक यात्रियों को बिठाने की अनुमति होगी।


उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार से उत्तर प्रदेश के ग्रीन ज़ोन जिलों में रोडवेज बसों के संचालन का फैसला किया है ताकि लोगों को आने जाने में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। लोगों को चाहिए इस फैसले का पालन करें जो दिशानिर्देश हैं उनका भी अच्छे से पालन करें।
आदेश के मुताबिक, यूपी परिवहन की बस में स्टाफ और यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। भारत सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए संख्या के हिसाब से बस में यात्री बैठाए जाएंगे। आपको बता दें कि यूपी परिवहन विभाग में बसों की निगरानी के लिए कोविड टास्क फ़ोर्स का गठन किया गया है।

इन 12 जिलों में चलेंगी बसें

लखीमपुर-खारी, शाहजहांपुर, अम्बेडकरनगर, बलिया, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, हमीरपुर, ललितपुर, सोनभद्र व अमेठी।
बस सेवा संचालन के होंगे ये नियम
रोज दो बार संबंधित जिलों के बस स्टेशनों का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। चलाने से पहले बस को सैनिटाइज किया जाना आवश्यक होगा। बसों पर तैनात चालक-परिचालक के लिए निर्धारित वर्दी और मॉस्क एवं हैंड ग्लब्स का पहना जाना अनिवार्य होगा। बस में सवार होने से पूर्व यात्रियों को मॉस्क, रुमाल अथवा गमछा का प्रयोग अनिवार्य होगा। बसों के गेट पर संदेश चिपके होंगे। प्रत्येक बस में हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध रहेगा। बस के चलने से पहले यात्री को अपने हाथ सैनिटाइज करना जरूरी होगा। प्रत्येक बस में शारीरिक दूरी के मानक का अनुपालन करते हुए तय सीमा के अनुसार सीटों पर यात्री बैठाए जाएंगे।
यह निर्देश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राज शेखर ने मंगलवार को सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग करके दिए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीन जोन के अंदर के जिलों में ये बसें कस्बे और तहसील मुख्यालय तक जाएंगी। जिलों में बदलाव होने की दशा में संचालन भी बदला जाएगा।