खबर लहरिया Blog BJP Manifesto 2022 : बीजेपी ने ज़ारी किया घोषणा पत्र, आज से 58 विधानसभा क्षेत्रों में थम जाएगा प्रचार-प्रचार

BJP Manifesto 2022 : बीजेपी ने ज़ारी किया घोषणा पत्र, आज से 58 विधानसभा क्षेत्रों में थम जाएगा प्रचार-प्रचार

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार, 8 जनवरी को अपना घोषणा पत्र यानी जन कल्याण संकल्प ज़ारी किया है। साथ ही आज शाम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में चुनाव प्रचार रुक जाएगा।

                             credit – BJP Uttar Pradesh twitter handle

लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के खत्म होने से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार, 8 जनवरी को अपना घोषणा पत्र यानी जन कल्याण संकल्प ज़ारी किया है। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं अन्य दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में घोषणा पत्र ज़ारी किया गया। इसके साथ ही भाजपा द्वारा ‘कर के दिखाया है’ चुनावी गाना भी लॉन्च किया। इसके साथ ही, “इसमें करके दिखाएगी, भाजपा आएगी” लाइन भी है। आपको बता दें, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में चुनाव प्रचार रुक जाएगा।

गृह मंत्री ने कहा, “2022 के संकल्प पत्र को घोषित करने से पहले मैं फिर से यूपी की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि 2027 चुनाव में जो भी संकल्प पत्र लेकर आएगा वो हमारे 2022 के संकल्प पत्र के परफॉर्मेंस के रिकॉर्ड से बेहतर करके आएगा: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah”

11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्र में थम जाएगा चुनाव प्रचार

जानकारी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में 58 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार मंगलवार, 8 जनवरी शाम 6 बजे थम जाएगा। इन क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होना है। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे।

साथ ही, केन्द्रीय चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश सहित पांचों राज्यों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार पांचों राज्यों की चुनाव मशीनरी को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिये हैं। पहले चरण के 11 जिलों में शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा में मतदान होगा।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : बीजेपी ने 45 प्रत्याशियों के नाम किये घोषित

बीजेपी घोषणा पत्र ज़ारी करने के दौरान यह मंत्री रहें शामिल

गृह मंत्री अमित शाह के साथ यूपी विधानसभा चुनाव के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना आदि ने मिलकर लोक कल्याण संकल्प ज़ारी किया।

जानें किसके लिए क्या है घोषणा पत्र में

– सभी किसानों को सिंचाई के लिए 5 सालों तक मुफ़्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
– 5 हजार करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई योजना शुरू की जाएगी।
– बोरवेल, ट्यूबवेल और तालाब एवं टैंक के निर्माण के लिए अनुदान दिया जाएगा
– सरदार वल्लभभाई पटेल एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन बनाया जाएगा। जिससे किसान अपनी उपज की ग्रेडिंग के हिसाब से ज़्यादा दाम ले पाए।
– ऐसी कानून व्यवस्था बनाई जायेगी जिससे कि अगर गन्ना किसान को 14 दिन के अंदर भुगतान नहीं मिलता है, तो उसका ब्याज़ चीनी मिल किसान को देगा।
– 5 हजार करोड़ की लागत से गन्ना मिल नवीनीकरण मिशन के अंतर्गत चीनी मिलों का नवीनीकरण व आधुनिकीकरण होगा। कॉपरेटिव आधार पर 10 गन्ना मिलों की स्थापना करके गन्ना किसानों को मुनाफ़े में हिस्सेदार बनाने का काम किया जाएगा।

                             credit – BJP Uttar Pradesh twitter handle

– प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को हर साल होली और दीपावली को 2 मुफ़्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।
– सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य सखियों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा प्रदान की जायेगी।
– महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना को 15 हज़ार से बढ़ाकर 25 हज़ार किया जाएगा।
– मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना को 1 लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी।

– स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 2 करोड़ टेबलेट और स्मार्टफोन वितरित होंगे।
– मेजर ध्यानचंद खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन शुरू किया जाएगा।

इसके अलावा लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में भाजपा ने संकल्प लिया कि प्रदेश के हर जिले में आधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मेडिकल कालेज स्थापित होंगे। यूपी के सभी नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक निश्चित समय में प्राप्त हों, इसकी गारंटी देने वाला कानून लाया जाएगा।अयोध्या में श्री राम से संबंधित संस्कृति, शास्त्रों एवं धार्मिक तथ्यों पर शोध के लिए रामायण विश्वविद्यालय को स्थापित किया जाएगा। महिलाओं से लव जिहाद करने वालों को कम से कम 10 साल की सज़ा और एक लाख का जुर्माना होगा।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : कांग्रेस ने 8वीं सूची में 28 उम्मीदवार किये घोषित

भाजपा के संकल्प पत्र 2022 के प्रमुख बिंदु

– प्रदेश में 10 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य
– 60 साल से ऊपर की महिलाओं को फ्री बस यात्रा
– प्रदेश के सभी नागरिकों को निश्चित अवधि में मिलेगी 339 सरकारी सुविधाएं
– मेरठ, रामपुर, आजमगढ़, कानपुर, बहराइच में बनेंगे एंटी टेररिस्ट कमांडो सेंटर
– सीमांत और छोटे किसानों के लिए दुगनी किसान सम्मान निधि
– मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी और लैपटॉप
– यूपीएससी समेत सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या होगी दोगुनी
– लता मंगेशकर की स्मृति में बनेगी परफॉर्मिंग आर्ट्स अकैडमी

                                 credit – BJP Uttar Pradesh twitter handle

– काशी, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, झांसी, प्रयागराज में मेट्रो
– वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाकर 1500
– प्राथमिक स्कूलों में टेबल बेंच की व्यवस्था
– हर मण्डल में कम से कम एक विश्वविद्यालय
– हर परिवार को कम से कम एक रोज़गार
– बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में भव्य स्मारक
– एम्बुलेंस और एमबीबीएस की सीटों को दोगुना करेंगे
– माँ अन्नपूर्णा कैंटीन बनाकर गरीबों को सस्ता खाना देंगे।

लोगों से सुझाव लेकर बनाया गया घोषणा पत्र

संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने कहा कि,” 2017 के संकल्प पत्र को पूरा किया गया। 2022 के संकल्प पत्र को लेकर मेरी अध्यक्षता में कमेटी बनी थी। हमने जनता से सुझाव लेकर संकल्प पत्र बनाया। 30 हजार से ज्यादा सुझाव लिए गए थे। भाजपा उत्तर प्रदेश ने लोक कल्याण संकल्प पत्र प्रदेशभर से सुझाव एकत्र कर बनाया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में बीते दिनों पार्टी की ओर से आकांक्षा पेटी लांच की गई थी। मुख्यमंत्री ने ‘यूपी नंबर एक, सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान शुरू किया था। लोक कल्याण संकल्प पत्र के लिए सुझाव जुटाने का अभियान 15 दिसंबर, 2022 को शुरू हुआ। प्रदेश की 30 हजार ग्राम पंचायत, सभी विधानसभा क्षेत्रों और महानगरों में विभिन्न सामाजिक और आर्थिक वर्ग के लोगों से संवाद किया गया। उनसे सुझाव मांगे गए। आकांक्षा पेटियां लगाई गईं। इसके साथ ही मिस्ड काल और ई-मेल के माध्यम से भी सुझाव लिए गए।”

ये भी देखें – UP Elections 2022 : यूपी में अब 15 मार्च से शुरू होंगी एमएलसी चुनाव के लिए नामंकन प्रक्रिया

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)