खबर लहरिया Blog Banda records 46 degrees Celsius: 46 डिग्री तापमान से तप रहा बांदा, मोबाइल पर बज रहे हाई अलर्ट सायरन 

Banda records 46 degrees Celsius: 46 डिग्री तापमान से तप रहा बांदा, मोबाइल पर बज रहे हाई अलर्ट सायरन 

उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला बाँदा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान लगातार 43 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा तापमान होने से ये देशभर में तीसरा गर्म शहर बन गया है। लोगों को इस गर्मी में अलर्ट करने के लिए मोबाइल पर “हाई अलर्ट” आपातकालीन चेतावनी का सायरन बज रहा है। 

तेज धूप और गर्मी से बेहाल व्यक्ति (फोटो साभार: खबर लहरिया)

रिपोर्ट – गीता, लेखन – सुचित्रा 

बाँदा की सड़के अब दोपहर होते-होते सूनी पड़ जाती हैं, बाजारों में सन्नाटा छा जाता है और लोग घरों में ही रहते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं ने हालात इतने खराब कर दिए हैं कि दोपहर में बाहर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है।बढ़ते तापमान को लेकर लखनऊ मौसम विभाग ने यूपी के 32 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें इनमें मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, फतेहगढ़, इटावा, कानपुर नगर, उरई, झांसी, बांदा, हमीरपुर, प्रयागराज, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी और शाहजहांपुर जैसे जिले और शहर शामिल हैं।

बाँदा में 46.4 डिग्री तापमान 

लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार फ़िलहाल आज शनिवार 23 मई को बाँदा का तापमान 46.4 डिग्री तक रहेगा।  बढ़ते तापमान के चलते रातें भी असामान्य रूप से गर्म हो गई हैं, कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। बढ़ते तापमान से पशु और पक्षी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लू लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों के लिए भीषण लू की स्थिति को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

बाँदा में बजा हाई अलर्ट का सायरन 

बांदा निवासी गीता, जो ब्यूरो चीफ हैं, उनके फोन से अचानक तेज आवाज आने लगी।  शुक्रवार 22 मई को दोपहर के करीब 1:30 बजे रहे थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन पर अचानक तेज आवाज के साथ “हाई अलर्ट” आपातकालीन चेतावनी का सायरन बजने लगा। इस आवाज ने उनको डरा दिया और उन्हें लगा कोई बड़ी आपदा आने वाली है।

मोबाइल पर आए हाई अलर्ट का मैसेज (फोटो साभार: गीता)

दरअसल, यह अलर्ट सरकार की आपदा चेतावनी प्रणाली का हिस्सा है। भीषण गर्मी, लू और हीटवेव जैसी परिस्थितियों में लोगों को सतर्क करने के लिए मोबाइल नेटवर्क के जरिए यह चेतावनी संदेश भेजा जा रहा है। अलर्ट के साथ मोबाइल स्क्रीन पर संदेश दिखाई देता है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं और तेज धूप में ज्यादा देर तक न रहें।

सायरन बजना कुछ लोगों के लिए नया 

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बजने वाला यह सायरन उनके लिए नया अनुभव है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह घर में खाना खा रहे थे तभी अचानक मोबाइल पर तेज सायरन बजने लगा। पहले तो वे घबरा गए, लेकिन बाद में पता चला कि यह हीटवेव को लेकर जारी हाई अलर्ट था।

बाँदा में इस बार गर्मी ने थोड़ा रिकॉर्ड 

बुंदेलखंड क्षेत्र में इस बार अप्रैल से ही गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। खासकर बांदा में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। सड़क पर निकलने वाले लोगों को चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर प्रभारी विनीत सचान और कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के प्रोफेसर दिनेश शाह ने भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बिना जरूरी काम के दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, सिर पर गमछा या दुपट्टा बांधें और लगातार पानी या ORS का घोल पीते रहें।

बाँदा में गर्मी से खुद को कपड़े से बचाते हुए राहगीर (फोटो साभार: खबर लहरिया)

विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की भी अपील की है, क्योंकि तेज गर्मी का असर इन पर सबसे ज्यादा पड़ता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है ताकि हीटवेव से होने वाले खतरे को कम किया जा सके।

 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke ‘ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *