अयोध्या के डॉ. राम मनोहर लोहिया वार्ड संख्या 41 के कश्मीरी टोला मोहल्ले में बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं। घरों को छूते बिजली के तारों से स्थानीय लोगों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।

अयोध्या के डॉ. राम मनोहर लोहिया वार्ड संख्या 41 के कश्मीरी टोला मोहल्ले में बिजली के खंभे पर लगे तार (फोटो साभार: संगीता)
रिपोर्ट – संगीता, लेखन – नाज़नी
इस मोहल्ले में करीब 150 घर हैं। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि लोहे के खंभे में नीचे से जंग लग चुकी है और वह एक तरफ घरों की ओर झुक गया है। तार भी घरों की दीवारों को छू रहे हैं। बारिश और तेज हवा के दौरान हादसे का डर और बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग और पार्षद से शिकायत करने के बावजूद अब तक खंभा नहीं बदला गया।
स्थानीय निवासी जाकिरा बानो बताती हैं कि बिजली के तार घरों को छूकर निकल रहे हैं। घरों में छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो खेलते और दौड़ते रहते हैं। ऐसे में हमेशा डर बना रहता है कि कहीं किसी को करंट न लग जाए। बिजली विभाग के कर्मचारी और पार्षद भी यहां से आते-जाते हैं। खंभे की हालत और घरों को छूते तार दिखाई देते हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं शहजाद अहमद बताते हैं, उनके घर के ऊपर बिजली का लोहे का खंभा तिरछा होकर झुक गया है। नीचे से सहारा भी दिया गया है, लेकिन खंभा जंग लगने के कारण खोखला हो चुका है। उनके घर के पास दुकान भी है, जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में डर रहता है कि तेज आंधी या बारिश में खंभा घर पर न गिर जाए।
कई बार की शिकायत
शहजाद अहमद कहते हैं “कई बार विभाग को मौखिक और लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। खंभे पर बिजली के तारों के अलावा जियो और दूसरी कंपनियों के नेटवर्किंग तार भी बंधे हैं, जिससे उसका बोझ बढ़ता जा रहा है।”
सन्नो बानो का कहना है, बारिश के दिनों में कभी-कभी घर की दीवारों पर करंट महसूस होता है। इस बारे में बिजली विभाग और पार्षद से शिकायत भी की गई, लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी समस्या देखने नहीं आया। करीब 15 दिन पहले भी पार्षद से शिकायत की थी। उन्होंने जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ।
पार्षद का जवाब
कश्मीरी टोला के पार्षद सलमान हैदर का कहना है कि मोहल्ले में जिस घर में करंट उतरने की शिकायत है, उसके बारे में भी विभाग को बताया गया था। अधिकारियों ने जल्द समस्या ठीक कराने का आश्वासन दिया है। अगर अब तक काम नहीं हुआ है तो दोबारा सूचना दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर बड़े अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी जाएगी। खंभा बदलवाने की मांग भी विभाग से की जाएगी।
बिजली विभाग के जेई की जवाबदेही
चौक पावर हाउस के जेई का कहना है कि घरों को छू रहे तारों को ठीक कराने के लिए लाइनमैन को भेजकर जांच कराई गई है। इसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा। वहीं, जर्जर लोहे के खंभे को बदलने में अधिक बजट की जरूरत है, जो पावर हाउस स्तर से संभव नहीं है। उनका कहना है कि अयोध्या शहर के कई पुराने मोहल्लों में इसी तरह के खंभे लगे हैं जिन्हें बदलने की जरूरत है।
विद्युत विभाग अयोध्या के अधिशासी अभियंता मनीष चौबे ने बताया कि इन बिजली के खंभों को लगभग 30 से 35 साल पहले नगर निगम की योजना के तहत लगाया गया था। उस समय का रिकॉर्ड अब विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि खंभे जर्जर हो चुके हैं तो स्थानीय लोगों को लिखित रूप में आवेदन देकर उन्हें बदलने की मांग करनी होगी। अभी तक विभाग को इस संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर जांच कराई जाएगी और उसके बाद खंभे बदलने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौखिक शिकायत का कोई रिकॉर्ड नहीं होता, इसलिए लिखित शिकायत देना जरूरी है।
किसी मोहल्ले में जर्जर बिजली के खंभे और घरों को छूते तार किसी बड़े हादसे का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। जिन खंभों और तारों से लोगों के घरों तक बिजली पहुंचती है, वही अब उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे इन्हीं घरों में रहते हैं और खेलते-कूदते हैं। ऐसे में हर समय करंट लगने या खंभा गिरने का डर बना रहता है। सवाल यह है कि जब विभाग को इस समस्या की जानकारी है और कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, तो अब तक स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। बिजली विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ बिजली पहुंचाना नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। इस तरह की लापरवाही किसी से किसकी जान भी जा सकती है। ये घरों को रौशन करने वाले तार और खम्भे किसी के घर में मातम,अधेरा भी कर सकते हैं।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
