अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग, सियांग और अपर सियांग जिलों में हिंसा के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। यह प्रदर्शन सियांग नदी पर प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट (SUMP) बांध के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हो रहा है। शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को हिंसा भड़कने की खबर सामने आई और हालात बिगड़ गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालात बिगड़ने पर रविवार 25 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने मोर्चा संभाल लिया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दंगा-रोधी इकाई ‘रैपिड एक्शन फोर्स’ (RAF) की दो कंपनियों के करीब 250 जवानों को भेजा गया है।
23 अक्टूबर को पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार भीड़ ने नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) के ऑफिस और एक पुलिस स्टेशन में आग लगा दी। वहीं ईस्ट सियांग जिले में राज्य BJP प्रमुख समेत तीन नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया।
🚨 Security forces fired tear gas. Citizens responded with stones.
This is what the situation in Arunachal Pradesh has come to. 💔
Why is nobody talking about Arunachal Pradesh? Where is the national media? Where is the outrage?
#ArunachalPradesh #GenZProtest
https://t.co/TAIwGGTPmE— Samridhi (@samridhi_i) October 24, 2026
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक इस हिंसा को लेकर रविवार को पासीघाट में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय क्षेत्र) हिबू तमांग ने कहा, “हिंसा फैलाने वालों के ख़िलाफ़ पुलिस कार्रवाई कर रही है। कम से कम 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने हिंसा, आगज़नी, पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों पर कथित हमलों से जुड़े छह मामले दर्ज किए हैं।”
पुलिस अधिकारी ने कहा, “युवा प्रदर्शनकारियों को भड़काने के लिए कथित तौर पर ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करने और हिंसा में उनकी भूमिका तय करने के लिए विस्तृत जांच चल रही है। उचित क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
क्या है सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट?
सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट (SUMP) अरुणाचल प्रदेश में सियांग नदी पर प्रस्तावित एक विशाल बांध और जल भंडारण परियोजना है। इसकी प्रस्तावित क्षमता लगभग 11,200 मेगावाट है। इसे नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) और अरुणाचल प्रदेश सरकार की भागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
परियोजना के तहत नदी पर एक बड़ा बांध बनाने और उसके पीछे पानी जमा करने की योजना है। जमा किए गए पानी का इस्तेमाल बिजली बनाने और जल प्रबंधन के लिए किया जा सकता है। सरकार की नजर में यह परियोजना देश की ऊर्जा जरूरतों के साथ-साथ नदी के पानी की उपलब्धता और प्रबंधन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
चीन से सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट परियोजना का संबंध?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सियांग नदी का चीन से भी सीधा संबंध है। तिब्बत में इस नदी को यारलुंग त्सांगपो कहा जाता है। यह भारत में अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करने के बाद सियांग कहलाती है और आगे असम में ब्रह्मपुत्र नदी के रूप में बहती है।
चीन तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो नदी पर बड़े बांध और जलविद्युत परियोजनाएं विकसित कर रहा है। भारत के लिए यह चिंता का विषय है, क्योंकि सीमा पार नदी पर होने वाली गतिविधियां भविष्य में पानी के प्रवाह और जल प्रबंधन को प्रभावित कर सकती हैं।
इसी वजह से राज्य सरकार का मानना है कि चीन की ओर से बड़े बांध बनाए जाने के बीच यह परियोजना भारत की सुरक्षा और पानी के बेहतर प्रबंधन में मदद करेगी।
सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट का क्यों हो रहा विरोध
इतने बड़े बांध के निर्माण से नदी के प्राकृतिक प्रवाह, आसपास की जमीन, जंगलों और स्थानीय आबादी पर असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। परियोजना के आकार और संभावित प्रभाव के कारण यह अरुणाचल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण और विवादित प्रस्तावित जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल है।
वहीं स्थानीय लोगों को डर है कि बांध बनने से उनकी पुश्तैनी जमीन और गांव प्रभावित हो सकते हैं। इसकी वजह से विस्थापन, जंगलों और नदी को नुकसान तथा खेती और आजीविका पर असर पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्थानीय समुदायों की चिंताओं और सहमति को महत्व दिए बिना परियोजना से जुड़ा सर्वेक्षण आगे नहीं बढ़ना चाहिए। वे सर्वे और ड्रिलिंग रोकने के साथ हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
