खबर लहरिया ताजा खबरें बाँदा: 323 करोड़ की योजना की हुई घोषणा, लोगों ने कहा सब झूठ है

बाँदा: 323 करोड़ की योजना की हुई घोषणा, लोगों ने कहा सब झूठ है

बुंदेलखंड के बांदा जिले में रविवार,24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगमन हुआ। उन्होंने बांदा में अटल वाटिका का उद्घाटन करने के साथ-साथ लोगों को योजनाओं के बारे में भी संबोधित किया। वह कहते हैं कि राज्य और देश में 5 साल नहीं बल्कि 25 सालों तक भाजपा की सरकार रहेगी। जिस विश्वास से जनता ने भाजपा की सरकार बनाई है, उसे टूटने नहीं दिया जाएगा।

यह भाजपा की विचारधारा की विजय है। उपमुख्यमंत्री ने आईसी मैदान बांदा में करीब 323 करोड़ रुपए की अलग-अलग योजनाओं की नींव रखी। इसके साथ ही विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना भी साधा। भाषण को सुनने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी हुई थी। वहीं लोगों का कहना था कि घोषणाएं और योजनाएं तो बहुत अच्छी-अच्छी बताई जा रही है।

लेकिन जब वह उन तक पहुंचती ही नहीं तो झूठी दिलासा और घोषणाएं करने से कोई मतलब नहीं है। लोगों को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है। यहां का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है। शिक्षा के नाम पर बहुत ज्यादा फीस ली जा रही है और किसान मर रहे है तो सिर्फ घोषणाएं करने से ही क्या होगा। एक इंसान की क्या परिभाषा होती है। यही पहले वह बताएं सिर्फ घोषणाएं करने से और 1 दिन का खाना खिला देने से लोगों का कल्याण नहीं किया जा सकता।