खबर लहरिया ताजा खबरें मथुरा में घोड़ी चढ़ने पर दलित की बरात पर हमला

मथुरा में घोड़ी चढ़ने पर दलित की बरात पर हमला

साभार: पिक्साबे

मथुरा जिले के फरह स्थित सलेमपुर में अनुसूचित जाति के दूल्हे की बरात पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। जिसमें एक दर्जन बराती घायल हो गए और दूल्हा जान बचाकर भाग निकला। घटना के बाद अनुसूचित जाति के लोगों में दहशत का माहौल है। भारी पुलिस फोर्स वहां तैनात कर दिया गया है।
दरअसल,गोवर्धन के अजय उर्फ यतेंद्र पुत्र नेम सिंह की शादी सलेमपुर में रामस्वरूप की बेटी से होनी थी। 2 जुलाई की रात को चढ़त हो रही थी। इस बीच ठाकुर जाति के कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। बरातियों ने मना किया, इसी बात पर कुछ अन्य लोगों को बुलाकर बरातियों पर हमला बोल दिया गया। इसमें कई बराती घायल हुए और अफरातफरी मच गई।
यही नहीं, हमलावरों ने घरातियों और बरातियों को लाठी-डंडों से पीटा और महिलाओं को खेत में खींच ले गए।
थाना प्रभारी आजाद पाल सिंह के अनुसार उन्हें तहरीर दी गई है, जिसमें बरात चढ़त के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से हमले की बात कही गयी है।
बाद में, पुलिस सुरक्षा में बरात की चढ़त के साथ फेरे कराए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों कासगंज में एक दलित की बरात पर खूब विवाद हुआ था।