खबर लहरिया औरतें काम पर भारत की 101 वर्षीय मन कौर ने दौड़ में जीता स्वर्ण पदक

भारत की 101 वर्षीय मन कौर ने दौड़ में जीता स्वर्ण पदक

साभार: ट्विटर

भारत की 101 साल की धाविका मन कौर ने उम्र को पीछे छोड़ 24 अप्रैल को विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर की फर्राटा दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। यह उनके करियर का कुल 17वां स्वर्ण पदक है।

मन कौर ने एक मिनट 14 सेकेंड में दौड़ पूरी की। इस तरह से उन्होंने उसैन बोल्ट के 2009 में बनाये गये 100 मीटर के विश्व रिकार्ड से 64.42 सेकेंड का अधिक समय लिया लेकिन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने कौर का भरपूर समर्थन किया। न्यूजीलैंड में हुई इस प्रतियोगिता में हालांकि कुल 25 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

न्यूजीलैंड की मीडिया ने कौर को ‘चंडीगढ़ का चमत्कार’ बताया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मैंने दौड़ का मज़ा लिया और मैं बहुत खुश हूं। मैं फिर से दौड़ने जा रही हूं। मैं दौड़ना नहीं छोड़ूंगी। मैं आगे भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लूंगी।”

कौर ने केवल आठ साल पहले 93 साल की उम्र में एथलेटिक्स को अपनाया। इससे पहले उन्हें खेलों का कोई अनुभव नहीं था। उनकी योजना आकलैंड में 200 मीटर दौड़, दो किग्रा गोला फेंक और 400 ग्राम भाला फेंक में भाग लेने का है। इससे उनके पदकों की संख्या 20 पर पहुंच जाएगी।