खबर लहरिया ताजा खबरें पेड़ लगाकर नदियों को बचाने का सन्देश देते बुंदेलखंड के युवा

पेड़ लगाकर नदियों को बचाने का सन्देश देते बुंदेलखंड के युवा

चित्रकूट- बदौसा के बुंदेलखंड के युवा ,जागरूक नवयुवक समाज की अगुवाई में बदौसा से 1 दिसंबर को बागै अनुपम यात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की अगुआई कर रहे शाहनवाज़ खान शानू ने स्थानीय लोगों व अपने युवा साथियों को नदी के महत्व व संरक्षण के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनजीवन में नदियों का योगदान इतना अधिक है कि इस विषय पर कितने ही ग्रंथ लिखे जा सकते हैं।

धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक, व्यापारिक, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, शैक्षिक, औषधि और न जाने कितने क्षेत्र हैं जो हमारी नदियों से सीधे-सीधे जुड़े हुए हैं। किसी भी अन्य सभ्यता से बहुत लंबे समय तक हमने नदियों को धर्म से जोड़कर इन्हें स्वच्छ और पवित्र भी बनाए रखा। यह किसी उपलब्धि से कम नहीं है, लेकिन आधुनिकता के साथ शुरू हुई उपभोक्तावाद की अंधी दौड़ और उसमें बिना सोचे- समझे सभी के कूद पड़ने का नतीजा यह हुआ कि आज हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को स्वयं ही नष्ट करने पर तुल गए!

शाहनवाज़ खान शानू जो की एक बुंदेलखंड के युवा हैं उन्होंने   कहा कि प्रकृति ने इंसान को सब कुछ दिय, लेकिन और अधिक के लालच ने अंधाधुंध पेड़ काटे,  इससे मिट्टी का कटाव बढ़ा। नदियां अतिक्रमण और मिट्टी के जमाव से नालों में तब्दील हो गईं। इससे गर्मी बढ़ी, बारिश कम होने लगी। ज्यादा पैदावार की लालसा में खेत में जहर घोला जाने लगा। जल, जीवन, जंगल, पर्यावरण बचाने के लिए नदी को बचाना होगा इसी से समृद्धि आएगी। 

नदियों की दुर्दशा और सागौन व अन्य पेड़ लगाकर इन्हें बचाने का सार्थक संदेश देते हुए युवाओं की टोली ने बागै नदी संरक्षण की दिशा एक छोटा सा कदम उठाते हुए बागै अनुपम यात्रा कार्यक्रम के तहत लोगों को जल व नदी के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की तथा लोगों को नदी संरक्षण हेतु आगे आने को आमंत्रित किया।

पद यात्रा में यात्रा प्रमुख शाहनवाज़ खान शानू, सलमान खान, इमरान खान, अनुराग शिवहरे, प्रशांत, रामू, खुर्शीद, अकरम, मोबीन, इरशाद शेख इत्यादि अनेकों युवा शामिल रहे।

 

                                           –यह लेख हमें यात्रा प्रमुख शाहनवाज़ खान शानू जी द्वारा भेजा गया है।