महिला प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन का फाइनल मैच दिल्ली कैपिटल (Delhi Capitals/ DC) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के बीच खेला जायेगा। यह मैच कल गुरुवार 5 फरवरी 2026 को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में होने वाला है। इस मैच का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम की कप्तान स्मृति मंधाना की तस्वीर (फोटो साभार : X/@mufaddal_vohra)
इस बार के महिला प्रीमियर लीग में दोनों ही टीमों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन दिखाया। दिल्ली कैपिटल्स WPL में चौथी बार फाइनल में पहुंची है यानी जब से डब्लूपीएल (WPL) शुरू हुआ तब से हर बार दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में अपनी जगह बनाई है। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक कोई भी WPL का ख़िताब नहीं जीता है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 में WPL जीता था जिसमें टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।
WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन
वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शुरू में लगातार 6 मैच जीतकर रिकॉर्ड बना लिया। इस टीम में सबसे अच्छा खेलने वाली खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) टीम की कप्तान और प्रमुख बल्लेबाज का नाम है जिन्होंने कम गेंदों में ज्यादा रन बनाए। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स मैच के दौरान महज 61 गेंदों में 96 रन बनाए जिसमें 13 चौके और 3 छक्के लगाए। इसी तरह यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 27 गेंदों में 54 रन बनाए जिसमें उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद फिर से यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 32 गेंदों में 47 रन बनाए जिसमें 4 चौके और 1 छक्का भी लगाया।
टीम में नादीन डी क्लर्क (Nadine de Klerk) गेंदबाज/ऑल-राउंडर के रूप में काफी अहम भूमिका निभाई।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम की बेहतरीन बल्लेबाज और गेंदबाज खिलाड़ी नादीन डी क्लर्क (Nadine de Klerk) (फोटो साभार : X/@wplt20)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का फाइनल में प्रवेश
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सेमी फाइनल में यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह मैच 29 जनवरी 2026 को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला गया था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, जॉर्जिया वोल, नादिन डी क्लार्क, राधा यादव, लॉरेन बेल, लिन्से स्मिथ, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, ग्रेस हैरिस, गौतमी नाइक, प्रथ्योशा कुमार, डी हेमलता
WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में पहुंची है। टीम ने इस सीजन में 5 मैच जीते हैं और 3 मैच हारे हैं। इस टीम में सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी शैफाली वर्मा की रही जिन्होंने कम गेंदों में 50 रन बनाए। सबसे शानदार पारी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के खिलाफ रही जब शैफाली वर्मा ने 41 गेंदों में 62 रन बनाए। इस टीम में पार्टनरशिप के तौर पर सबसे अच्छी साझेदारी लिजेल ली (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा के बीच रही। इन दोनों खिलाड़ियों की साझेदारी की वजह से दिल्ली कैपिटल्स ने ज्यादा रनों का लक्ष्य दिया और तेज बल्लेबाजी की वजह से भी जीत हासिल की।
WPL 2026 में जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues) ने भी अपनी बल्लेबाजी से टीम को फाइनल तक पहुंचाने में मदद की। जेमिमा रोड्रिग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों में 51 रन बनाए थे। इसके साथ ही 41 रन, और 34 रन जैसी पारियां खेलीं।
दिल्ली कैपिटल्स का फाइनल में प्रवेश
WPL 2026 के सेमीफइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला गुजरात जायंट्स के बीच खेला गया। यह मैच 3 फरवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम: लिजेल ली (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजैन कप्प, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणानी, नंदनी शर्मा, एडडला स्रुजना, प्रगति सिंह, लुसी हैमिल्टन, तानिया भाटिया, अलाना किंग
WPL 2026 के फाइनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
डब्ल्यूपीएल 2026 के फाइनल मैच का सीधा प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क, जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।
वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल मुकाबला दिल्ली कैपिटल (DC) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि दोनों ही टीमों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। अब देखना यह होगा कि चौथी बार दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में आने के बाद वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की विजेता टीम बन पाती है की नहीं या इस बार भी फाइनल की सीढ़ी चढ़कर रह जाएगी। वहीं यदि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जीतती है तो यह उनकी वीमेंस प्रीमियर लीग में दूसरी जीत होगी।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

