खबर लहरिया Blog Women’s Asia Cup 2026 Final: भारत ने 8वीं बार जीता महिला एशिया कप, श्रीलंका को 72 रन से हराया

Women’s Asia Cup 2026 Final: भारत ने 8वीं बार जीता महिला एशिया कप, श्रीलंका को 72 रन से हराया

महिला टी20 एशिया कप (Women’s Asia Cup 2026) के फाइनल में भारत ने महिला एशिया कप (Women’s Asia Cup) 8वीं बार जीत लिया है। यह मैच कल 13 सितम्बर 2026 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला गया। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हरा दिया। इस मैच में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने मजबूत साझेदारी कर लक्ष्य के लिए बड़ा स्कोर रखा था। हालाँकि खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने ट्रॉफी प्रेजेंटेशन समारोह में हिस्सा नहीं लिया और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष तथा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों से विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। 

महिला टी20 एशिया कप 2026 में चैम्पियन बनी भारतीय महिला खिलाड़ी (फोटो साभार: BCCI.TV)

महिला टी20 एशिया कप India W vs Sri Lanka W फाइनल हाइलाइट्स 

भारत बनाम श्रीलंका (India W vs Sri Lanka W) के फाइनल मैच में भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही। ओपनिंग बल्लेबाजी करने उतरी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 129 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे बड़ी सलामी साझेदारी रही।

शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक (50रन) पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही शैफाली वर्मा ने इस टूर्नामेंट में 236 रन बनाए। उनकी इस पारी में तीन अर्धशतक शामिल रहे। 

वहीं, स्मृति मंधाना ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और रन आउट होने से पहले 59 रन बनाए। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। 

इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 8वीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। खास बात यह रही कि भारत ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का जवाब दे दिया। 

भारत की गेंदबाजी 

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। शुरुआत में ही क्रांति गौड़ ने 4 रन पर एक विकेट चटका दिया। इसके बाद श्रीलंका की टीम सिर्फ एक या दो ही रन ले पा रही थी। वहीं भारतीय गेंदबाज ने 2,ओवर में कई डॉट बॉल डालकर स्कोर को बढ़ने से रोका। श्री चरणी ने चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए।

भारतीय गेंदबाजों के दबाव के सामने श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत ने यह मुकाबला 72 रन से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

महिला एशिया कप (Women’s Asia Cup) में भारत ने कब और कितनी बार जीता ख़िताब  

इस जीत के साथ भारत महिला एशिया कप की सबसे सफल टीम बनी हुई है। महिला एशिया कप में 10 बार फाइनल में भारतीय टीम पहुंच चुकी है और इनमें से 8 में जीत हासिल की। इन मैचों में वनडे और टी20 शामिल है। 

महिला एशिया कप वनडे सीरीज में भारत ने यह ख़िताब साल 2004, 2005/06, 2006 और 2008 में जीता था। वहीं टी20 महिला एशिया कप में भरत ने यह ख़िताब 2012, 2016, 2022 और 2026 में जीता। 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *