दिल्ली में 19 मार्च की रात से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। इससे एक दिन पहले 18 मार्च की रात में आंधी के साथ बारिश हुई थी। यूपी में भी बारिश का मौसम बना हुआ है तेज हवाएं चल रही है। वहीं खेतों में खड़ी फसल पर इस बेमौसम बरसात का असर पड़ रहा है जिसकी वजह से किसानों को चिंता सताने लगी है। बिहार में भी बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली के विश्विद्यालय मेट्रो पर आज 20 मार्च को सुबह हुई बारिश में लोग छाता लिए हुए (फोटो साभार: सुचित्रा)
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में आज 20 मार्च को कुछ जगहों पर तेज बारिश और बर्फ़बारी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक बर्फ़बारी का यह सिलशिला 23 मार्च तक रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों जैसे विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओले गिरने की संभावना है। पूरे देश में बार-बार पश्चिमी विक्षोभ (मौसम जो पश्चिम (यूरोप/मध्य एशिया) से चलकर भारत आता है) आने की वजह से अगले एक हफ्ते तक दिन का तापमान सामान्य से कम रहेगा। फ़िलहाल अभी लू (हीटवेव) चलने की संभावना नहीं है।
दिल्ली मौसम अपडेट
तेज धूप और गर्मी के बाद दिल्ली का मौसम बहुत सुहाना हो गया है। ठंडी हवा और रुक रुक के बारिश ने दिल्ली वालों को गर्मी से राहत दी है। वहीं इसके साथ सड़कों पर कीचड़ और पानी का जमाव भी देखने को मिला। इस बारिश ने भी हर बार की तरह ऑफिस आने जाने वालों की मुश्किलें बढ़ा दी है और जगह जगह ट्रैफिक की वजह से लोगों को देरी भी हुई।
दिल्ली में 20 मार्च से 26 मार्च तक मौसम अपडेट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज 20 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया गया और दिन भर तेज हवा, बारिश और गरज चमक की संभावना है। कल 21 मार्च को बादल छाए रहेंगे वहीं 23 मार्च को फिर से गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। आप दिल्ली के मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://mausam.imd.gov.in/newdelhi/mcdata/delhi_forecast.pdf पर जाकर देख सकते हैं।
यूपी का मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में जैसे बाँदा, बुंदेलखंड, आगरा और लखनऊ में आज 20 मार्च को कई जगहों पर बारिश हुई है। किसानों की फसले भीग गई हैं, जिससे किसान बहुत चिंता में हैं। मौसम विभाग के अनुसार कल शनिवार 21 मार्च तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादलों का गर्जना और बिजली चमक के साथ बौछारें पड़ने की सम्भावना है। इसके बाद 22 मार्च से लेकर 25 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यूपी में ताजा मौसम की जानकारी के लिए आप आधिकारिक वेबसाइट https://mausam.imd.gov.in/lucknow/mcdata/state.pdf पर जाकर देख सकते हैं।
बिहार का मौसम अपडेट
बिहार में भी इस समय कुछ जगह पर बारिश हो रही है तो कहीं काले बादल छाए हुए हैं। बिहार पटना के मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार गोपालगंज और सिवान जिले के कुछ भागों में अगले 1 से तीन घंटे में धीमी गर्जन, बिजली चमकने और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
20 मार्च से लेकर 24 मार्च तक मौसम अपडेट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार कल शनिवार 21 मार्च को गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 24 मार्च तक बादल छाए रह सकते हैं। बिहार के मौसम की ताजा जानकरी के लिए आप सोशल मीडिया X अकाउंट https://x.com/imd_patna पर जाकर देख सकते हैं।
बारिश की वजह से फसल का नुकसान, किसान परेशान
बेमौसम बारिश का असर किसानों की फसल पर भी देखने को मिल रहा है। बिहार और यूपी में इस समय खेतों में चना, मसूरी, मटर, गेहूं और सरसों की फसल लगी हुई है। कई जगह यह फसल कट चुकी है तो कहीं खेतों में पकने के लिए खड़ी छोड़ी गई है। ऐसे में बारिश से फसलों में कीड़े लग सकते हैं और फसल ख़राब हो सकती है। किसान अपनी फसल को लेकर काफी चिंता में हैं।
मौसम के इस बदलाव ने किसानों की रातों की नींद तक उड़ा दी है। किसानों के लिए उनकी ये फसल ही पेट भरने और पैसा कमाने का एकमात्र माध्यम है। यदि यही खतरे में पड़ जायेगा तो वह कहां से घर परिवार चलाएंगे?
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’




