खबर लहरिया Hindi लाख दीपों से जगमगाएगा घाटों का शहर वाराणसी

लाख दीपों से जगमगाएगा घाटों का शहर वाराणसी

देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए आज घाटों का शहर वाराणसी आज 12 लाख दीयों से रौशन होगा। इस साल योगी सरकार की ओर से 12 लाख और जन सहभागिता से मिलकर कुल लगभग 21 लाख से अधिक दीप काशीवासी घाटों, कुंडों, तालाबों और सरोवरों पर जलाए जाएंगे। इनमें एक लाख दीप गाय के गोबर के बने होंगे। देव दीपावली में रोशन हुए घाटों का नजारा दूर बैठे लोग लाइव प्रसारण से भी देखेंगे।

                                                                                                     फोटो साभार – सोशल मीडिया

देव दिवाली का पर्व हर साल दिवाली के पंद्रह दिन बाद मनाया जाता है। हिंदू धर्म में देव दिवाली की बहुत महिमा है, और इसका अंदाजा आज वाराणसी के घाटों पर उमड़ी भीड़ से लगाया जा सकता है। इस त्योहार को भी लोग बिल्कुल दिवाली की तरह ही मनाते हैं। घाटों का शहर वाराणसी आज दीपों से जगमगायेगा।

ये भी देखें –Dev Deepawali 2023: जानें कब मनाई जायेगी ‘देव दीपावली

वाराणसी में उमड़ेगी लगभग 10 लाख पर्यटकों की भीड़

इस देव दीपावली पर 8 से 10 लाख पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने का अनुमान है। इसकी तैयारी में सरकार की ओर से सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।  समाचार पत्रों के अनुसार वाराणसी के गंगा घाट को 12 लाख दियों से सजा दिया गया है। वहीं काशी विश्वनाथ महादेव के मंदिर को भी 11 टन फूलों से सजा दिया गया है।

70 देशों के राजदूत और 150 विदेशी डेलिगेट्स देखेंगे यह नजारा

विश्वविख्यात देव दीपावली पर साक्षी बनने के लिए 70 देशों के राजदूत काशी आएंगे इनके साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स और परिजन भी देव दीपावली का दिव्य नजारा देखेंगे। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी मेहमान देव दीपावली के इस ख़ास पल के साक्षी बनेंगे।

नारी शक्तियां करेंगी महाआरती

देव दीपावली पर मां गंगा की महाआरती में नारी शक्ति की झलक नजर आएगी। रामलला के विराजने से पहले 51 देव कन्याएं आरती उतार कर विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव की शुरुआत करेंगी।

कार्तिक मास में है दीप दान की परंपरा

कार्तिक मास के इस दिन दीप दान करने से पूर्वजों को तो मुक्ति मिलती है। इसलिए इस महाआरती के दिन लाखों श्रद्धालु इस अलौकिक पल का हिस्सा बनना चाहते हैं। काशीवासियों के लिए इस पर्व का महत्व और उत्साह दीवाली से किसी मायने में कम नहीं है।

घाटों से देख सकेंगे लाइव प्रसारण

देव दीपावली पर विश्व प्रसिद्ध काशी के घाट की आरती शहर के कई स्थानों पर लाइव देखी जा सकती है। इसके लिए छह प्रमुख जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगी है। अमर उजाला में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक डॉ. डी.वासुदेवन ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए रियल टाइम आरती देखने के लिए घाट पर हाई रेजुलेशन कैमरे लगे हैं। भक्तों की अधिकता व आवागमन की दृष्टि से छह जगहों पर एलईडी स्क्रीन है। ये प्रमुख स्थान अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, राजघाट, गोदौलिया मल्टी लेवल पार्किंग व वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन हैं। सजीव तस्वीरों के साथ इस पुनीत आयोजन से जुड़ सकेंगे। घाटों पर एलईडी स्क्रीन को इस तरह से लगाया गया है, जिससे घाट पर आने वाले सैलानियों के साथ-साथ नौकायन करने वाले भी आरती व दर्शन देख सकें। अयोध्या के बाद अब काशी में देव दीपावली का नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke