खबर लहरिया Blog UP Nikay Chunav Results 2023 : चुनाव में बीजेपी को मिली बड़ी जीत, अन्य पार्टियों को मिली बुरी हार

UP Nikay Chunav Results 2023 : चुनाव में बीजेपी को मिली बड़ी जीत, अन्य पार्टियों को मिली बुरी हार

अभी सिर्फ पीएम नरेन्‍द्र मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निर्वाचन क्षेत्र एवं प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम महापौर चुनाव का परिणाम आना बाकी है।

UP Nikay Chunav 2023 Dates announced, know about seat reservation and election process

UP Nikay Chunav Election Results 2023 में शनिवार को हुई मतगणना में बीजेपी ने सभी पार्टियों को पीछे पछाड़ दिया है। बता दें, एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी ने अयोध्या में महापौर सीट अपने पास बरकरार रखी है। इसके आलावा सीएम योगी के गृह क्षेत्र गोरखपुर से भी बीजेपी के उम्मीदवारों को ही महापौर के रूप में चुना गया है।

निकाय चुनाव में बीजेपी की शानदार जीत के बाद प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा, “उ.प्र. की स्वार और छानबे विधान सभा सीटों पर हुए उप चुनाव में @BJP4UP गठबंधन की शानदार विजय की सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई!

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में प्राप्त ये जीत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही डबल इंजन सरकार द्वारा स्थापित सुशासन के प्रति अटूट जन-विश्वास की प्रतीक हैं। दोनों विधान सभा वासियों का अभिनंदन!”

 

बीजेपी की जीत पर कई मंत्रियों ने किया ट्वीट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने चुनाव में जीत को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर प्रत्याशियों, नगर पालिका के अध्यक्षों एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों तथा सभी वार्डों के पार्षदों को ऐतिहासिक जीत दर्ज करने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की असीम शुभकामनाएं।’

 

चुनावी जानकारी

राज्‍य निर्वाचन आयोग के अनुसार यूपी के 17 नगर निगमों में से 15 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें सभी पर भाजपा के उम्मीदवार महापौर चुने गए हैं।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी ने 199 सीटों में से 99 पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं सपा और निर्दलीय के बीच टक्कर देखने को मिल रही है।

बता दें, प्रदेश के 75 जिलों में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में 4 मई और 11 मई को हुई थे। नगर निकाय चुनाव में 17 महापौर, 1420 पार्षद, नगर पालिका परिषदों के 199 अध्यक्ष, नगर पालिका परिषदों के 5327 सदस्य, नगर पंचायतों के 544 अध्यक्ष और नगर पंचायतों के 7178 सदस्यों के निर्वाचन के लिए दोनों चरणों में मतदान हुआ है।

इसके साथ ही चुनाव में 17 महापौर और 1,401 पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान हुआ, जबकि 19 पार्षद निर्विरोध चुने गए। राज्य में नगर पालिका परिषदों के 198 अध्यक्षों और 5,260 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। मतदाताओं ने नगर पंचायतों के 542 अध्यक्षों और नगर पंचायतों के 7,104 सदस्यों की किस्मत को लेकर मतदान किया। कुल मिलाकर, 162 जनप्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए, जबकि 14,522 पदों के लिए 83,378 उम्मीदवार मैदान में थे।

जानें किस पार्टी के हिस्से आये कितने पद?

लाइव हिंदुस्तान की प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगमों के कुल 1420 पार्षद पदों में से 1393 के परिणाम घोषित हो चुके थे। इनमें से सबसे ज़्यादा 794 पार्षद पदों पर भाजपा ने अधिकार जमाया है जबकि सपा के 188, बसपा के 85 और कांग्रेस के 76 पार्षद जीते हैं।

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के 199 पदों में से 89 के परिणाम घोषित हुए थे। इनमें से सबसे ज्यादा 41 पदों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। सपा के 16, बसपा के 6, रालोद के 4 व कांग्रेस के 2 प्रत्याशी को जीत मिली। नगर पालिका परिषद के पार्षद के कुल 5327 पदों में से 3937 के नतीजे घोषित हो चुके थे। इनमें से सबसे अधिक 955 सदस्य भाजपा के चुने गए। 294 सपा, 134 बसपा, 72 कांग्रेस और 26 ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और 22 सदस्य आम आदमी पार्टी के खाते में गये।

नगर पंचायत अध्यक्ष के 544 पदों में से 336 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 123 नगर पंचायत अध्यक्ष के पदों पर भाजपा के उम्मीदवार जीते हैं। सपा के 46, बसपा के 19, कांग्रेस के 7, रालोद के 6, आप के 4 और एआईएमआईएम के 2 नगर पंचायत अध्यक्ष बने। नगर पंचायत सदस्य के 7177 पदों में से 5364 पदों के नतीजे घोषित हो चुके है।

इनमें से सबसे ज़्यादा 1079 पदों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते। सपा के 349, बसपा के 148, कांग्रेस के 62, आप के 57, एआईएमआईएम के 15, रालोद के 28 सदस्य जीते। निर्दलीय भी पीछे नहीं रहे। नगर निगम के पार्षद पद पर 205, नगर पालिका अध्यक्ष पद पर 26, सदस्य के पदों पर 2719 और नगर पंचायत अध्यक्ष के पद पर 165 तथा सदस्य के पद पर 4165 निर्दलीय जीते।

फिरोजाबाद में भी बीजेपी

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिरोजाबाद में भाजपा पार्टी की कामिनी राठौर 101416 मतों के साथ जीत गयी हैं। उन्होंने सपा पार्टी की मशरुर फातिमा (74447) को इस चुनावी लड़ाई में हराया है। वहीं बसपा तीसरे नंबर पर दिखाई दी।

 

कई निर्वाचन क्षेत्रों में परिणाम आना बाकी

जानकारी के अनुसार, भाजपा ने अयोध्या और गोरखपुर के अलावा अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, प्रयागराज, गाजियाबाद, झांसी, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मथुरा-वृंदावन, बरेली, शाहजहांपुर और फिरोजाबाद नगर निगमों के महापौर पदों पर जीत हासिल की है। अभी सिर्फ पीएम नरेन्‍द्र मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निर्वाचन क्षेत्र एवं प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम महापौर चुनाव का परिणाम आना बाकी है।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke