खबर लहरिया Hindi UP News: यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप (UP Digital Labour Chowk) अब मोबाइल से बुक करें मिस्त्री और मजदूर, जानें पूरी जानकारी

UP News: यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप (UP Digital Labour Chowk) अब मोबाइल से बुक करें मिस्त्री और मजदूर, जानें पूरी जानकारी

                                             

अगर आपको घर बनवाना हो, पुताई करानी हो या टाइल्स लगवानी हों, तो सबसे पहले मिस्त्री और मजदूर को ढूढ़ने के लिए मशक्क्त करनी पड़ती थी। इसके लिए लोग या तो लेबर चौक जाते थे, जहां सुबह से मजदूर काम मिलने की उम्मीद में कतार लगाकर खड़े रहते हैं, या फिर किसी जान-पहचान वाले से पूछते थे, “भाई, कोई अच्छा मिस्त्री जानते हो?” लेकिन अब यह झंझट खत्म होने वाला है।

काम करते दिहाड़ी मजदूर (फोटो साभार: खबर लहरिया)

उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘यूपी डिजिटल लेबर चौक’ ऐप लॉन्च किया है, जिसकी मदद से अब आप घर बैठे ही अपनी जरूरत के अनुसार मिस्त्री या मजदूर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। ठीक वैसे ही जैसे कोई गाड़ी, खाना और घर का सामान ऐप से घर बैठे ऑनलाइन बुक कर दीजिए और सुविधा आप के घर पर। यानी अब आपको लेबर चौक जाने की जरूरत नहीं, बल्कि लेबर चौक आपके मोबाइल में होगा।

वहीं अब मजदूरों को भी काम के लिए घंटों लेबर चौक पर खड़े रहने की जरूरत नहीं है। एप के जरिए मजदूरों को काम मिलेगा और लोगों को अपनी जरूरत के हिसाब से श्रमिक आसानी से मिल सकेंगे। तो चलिए जानते हैं यूपी डिजिटल लेबर चौक एप क्या है और इसका इस्तेमाल आप कैसे कर सकते हैं?

क्या है यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप?

‘यूपी डिजिटल लेबर चौक’  ऐप उत्तर प्रदेश श्रम विभाग और उत्तर प्रदेश का भवन एवं निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड की एक नई डिजिटल पहल है। इस ऐप का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों, मिस्त्रियों और कारीगरों को सीधे काम देने वालों से जोड़ना है। इससे न सिर्फ श्रमिकों को आसानी से रोजगार मिलेगा, बल्कि आम लोगों को भी बिना किसी बिचौलिए के कुशल मजदूर ढूंढने में सुविधा होगी।

UP Digital Labour Chowk

इस ऐप को जुलाई 2026 में उत्तर प्रदेश सरकार ने लॉन्च किया। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इसे लागू किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक और आम नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप पर सुविधा

  • घर बैठे मिस्त्री, मजदूर और अन्य निर्माण श्रमिकों को बुक किया जा सकता है।
  • श्रमिकों को लेबर चौक पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
  • काम देने वाले और श्रमिक के बीच सीधा संपर्क होगा।
  • किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं होगी।
  • श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी मिलेगा।
  • पात्र श्रमिक मोबाइल से ही योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
  • रोजगार की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान बनेगी।
  • घर बैठे मिस्त्री, मजदूर और अन्य निर्मा

‘यूपी डिजिटल लेबर चौक’ ऐप का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं?

अगर आपको घर या दुकान के लिए मजदूर या कारीगर चाहिए, तो यह आसान प्रक्रिया अपनाएं—

  • अपने एंड्रॉयड फोन में Google Play Store खोलें।
  • UP Digital Labour Chowk सर्च करके ऐप डाउनलोड करें।
  • मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें।
  • अपनी जरूरत के अनुसार काम का प्रकार चुनें, जैसे राजमिस्त्री, पेंटर, टाइल्स मिस्त्री, प्लंबर आदि।
  • उपलब्ध श्रमिकों की जानकारी देखकर उन्हें बुक करें।

जरूरत पड़ने पर सीधे श्रमिक से संपर्क भी किया जा सकता है।

अगर आप मजदूर हैं या फिर मिस्त्री का काम करते हैं तो इस ऐप पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें।
अपना नाम, पता और कार्य का अनुभव दर्ज करें।
अपने हुनर की श्रेणी चुनें।
इसके बाद ठेकेदार और काम देने वाले लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकेंगे।
साथ ही श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा भी ऐप पर मिलेगी।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *