13 वर्षीय लड़की अनुसूचित जाति से है। यह आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक देर रात लड़की को उसके घर से उठा ले गए थे और फिर लड़की का सामूहिक बलात्कार किया।
लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र से एक मामला सामने आया है कि सोमवार यानी 21 जुलाई 2025 की देर रात 13 वर्षीय दिव्यांग लड़की के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक बलात्कार किया गया है। खबरों के अनुसार यह भी बताया जा रहा है कि लड़की अनुसूचित जाति से है। लड़की की बहन द्वारा यह बताया जा रहा है कि उसने मंगलवार यानी 22 जुलाई 2025 की सुबह उसे घायल अवस्था और खून से लतपथ कपड़ों में देखा। पूछताछ में लड़की ने इशारे में सभी आरोपियों को पहचान लिया है।
लड़की की बहन का आरोप
लड़की की बहन ने अपने बयान पर तीन युवकों पर आरोप लगाते हुए बताया कि दिव्यांग लड़की अपने परिवार के साथ हजरतगंज में रहती है। रोज की तरह सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान पड़ोस में ही रहने वाले तीन लड़कों ने छोटी बहन (दिव्यांग लड़की) को बहला फुसला कर ले गए और उसका बलात्कार किया। इसके बाद आरोपियों ने लड़की को घर के बाहर छोड़ दिया। देर रात बहन घर पर आकर चुपचाप लेट गई। बहन ने बताया कि सुबह उठे तब छोटी बहन के कपड़े पर खून लगे हुए थे। शरीर पर काफी चोट का निशान भी था जिसे देख कर सभी हैरान थे। बहन ने लड़की से इशारे से सारी जानकारी लेने की कोशिश की। बहन ने बताया कि पूरी जानकारी लेने के लिए लड़की को सभी लड़कों को एक-एक कर दिखाया तो उसने इशारे से बताया और सभी लड़कों को पहचान लिया। इसके बाद बहन ने हजरतगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ मुक़दमा दर्ज करवाया।
पुलिस द्वारा कार्यवाही
इस मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज विकास जायसवाल द्वारा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची दिव्यांग है और उसकी निशानदेही पर आरोपियों को चिन्हित किया गया है।
सीसीटीवी कैमरे के मदद से छानबीन
सूत्रों के अनुसार एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह जांच की जा रही है क्यों कि लड़की ने अपनी बहन को इशारे से रास्ता बताया तो उस सभी रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। लड़की कुछ जानकारी सही से बता नहीं पा रही है ऐसे में पूरी तरह पुष्टि हो जाने पर ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा या अन्य कार्यवाही की जाएगी। दरअसल जिन आरोपितों पर आरोप लगाया गया है उन्हें कैमरे में मिले फुटेज के साथ मिलान कराया जा रहा है। एसपी द्वारा कहा गया कि अभी वर्तमान में जांच और खोजबीन जारी है। जांच की पुष्टि हो जाने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke ‘