खबर लहरिया Blog बांदा में इस दिन होंगे चुनाव, जानें क्या है यहां के लोगों की समायाएं व मतदान की जानकारी | UP Nikay Chunav 2023

बांदा में इस दिन होंगे चुनाव, जानें क्या है यहां के लोगों की समायाएं व मतदान की जानकारी | UP Nikay Chunav 2023

UP Nikay Chunav 2023 Dates announced, know about seat reservation and election process

                                                                 यूपी निकाय चुनाव 2023 का सांकेतिक पोस्टर ( फोटो साभार – सोशल मीडिया)

यूपी नगर निकाय चुनाव 2023 की सरगर्मी सिर चढ़कर बोल रही है। अगर बांदा जिले की बात करें तो उसके 6 नगर पंचायत और 2 नगर पालिका परिषद में चुनावी हलचल की हवा बहुत तेज़ी से बह रही है। जिले में 11 मई को मतदान होने हैं व 13 मई को चुनाव के परिणाम घोषित हो जाएंगे।

बता दें, जिले में कुल 8 निकाय हैं। इनमें दो नगरपालिका व नगर पंचायतें हैं। इस तरह 8 अध्यक्ष और 133 सदस्य पदों का चुनाव होना है।

जानकारी के अनुसार, नरैनी नगर पंचायत की लगभग 25 हज़ार की आबादी है। पिछले तीन पंचवर्षीय से यहां महिलाओं के चेहरे देखने को मिले हैं जो महज़ मोहरे से ज़्यादा कुछ नहीं है। वहीं अगर पंचवर्षीय योजनाओं के वादों की बात की जाए तो वह हमेशा की तरह अभी भी अधूरे हैं।

खबर लहरिया को नरैनी कस्बे के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने बताया, पिछले तीन पंचवर्षीय में जनता या ये कहें की आधी से ज़्यादा आबादी महिलाओं को जीत दिलाने में कामयाब रही है। इसी का परिणाम है कि 2017 में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई ओममणि वर्मा को जीत हासिल हुई। साल 2022 में हुए विधानसभ चुनाव में उन्होंने अपनी किस्मत आज़माई और चुनाव जीतकर विधायक बन गयी।

ये भी देखें – हमीरपुर : बसपा पार्टी के प्रत्याशी के चुनाव जीतने पर क्या गांव का होगा विकास? | UP Nikay Chunav 2023

लोगों की समस्याएं

नरैनी कस्बे में लंबे समय से चली आ रही परेशानी के बारे में हमने यहां के स्थानीय लोगों से बात की। लोगों ने निम्न तरह की समस्याओं की तरफ इंगित करते हुए कई परेशानियां बताई जिनमें :-

– नालियां खुली होने की वजह से बीमारी फैलाने वाले मच्छरों का पनपना।
– लोगों के अनुसार, अन्ना जानवर इस नगर पंचायत की मुख्य समस्या है। समस्या के निपटारे हेतु लोग काफी समय से कान्हा गौशाला की मांग कर रहे हैं।
– आरोप है कि लोगों को सही से सुबह-शाम पानी नहीं मिल पाता। मुश्किल से एक ही समय पानी मिलता है जो उनके लिए पर्याप्त नहीं होता।
– वार्ड नंबर-1 का रास्ता बनने हेतु पास होने के बावजूद भी यहां की सड़क नहीं बनी है जिसकी वजह से लोगों को बरसात के समय परेशानी का सामना करना पड़ता है।
– लोगों ने बताया, नरैनी पंचायत में 25 हज़ार की लागत से तालाब का निर्माण कराया गया था जिसकी दीवार एक बार हुई बारिश में ही ढह गयी और फिर उसके बाद दोबारा बनवाई गयी।

चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम

हिंदुस्तान समाचार की प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, नगर पालिका बांदा, अध्यक्ष पद हेतु मालती बासू (भाजपा), आदिशक्ति (कांग्रेस), गीता साहू (सपा), रिजवाना नोमानी (बसपा), श्याम देवी (भाकपा), उर्मिला, रूचि त्रिपाठी, प्रतिभा मिश्रा, शशि (निर्दलीय)। नगर पालिका अतर्रा से अध्यक्ष पद हेतु संगीता (भाजपा), आशा वर्मा (बसपा), पुष्पा (कांग्रेस), उर्मिला (आज़ाद समाज पार्टी) इत्यादि।

नगर पंचायत बबेरू (अध्यक्ष पद) – विजय पाल (भाजपा), कृष्ण लाल (बसपा), रामनिवाज (कांग्रेस), सूर्यपाल (सपा), मोहन लाल, अरविन्द, बृजमोहन (निर्दलीय)। नगर पंचायत नरैनी (अध्यक्ष पद) – नीलम (भाजपा), हरिकृष्ण (कांग्रेस), रामबाबू (बसपा), मूलचंद (सपा), शर्मीली बाई (भाकपा), संतशरण ( आज़ाद समाज पार्टी), इंद्रपाल, चंद्रपाल, मोहन लाल, सतीश, गुड्डो (निर्दलीय)।

बांदा तहसील में इन जगहों पर होगी मतगणना

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, तहसील बांदा के अंतर्गत नगर पंचायत तिंदवारी एवं मटौंध के अध्यक्ष व सदस्य पद की मतगणना मंडी समिति तिन्दवारी रोड में होगी। तहसील अतर्रा क्षेत्र के निकायों की मतगणना हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा में होगी। तहसील बबेरू के अंतर्गत निकायों के अध्यक्ष व सदस्य पद की मतगणना जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरु में होगी। इसी तरह नरैनी तहसील के अंतर्गत निकायों के अध्यक्ष व सदस्य पद की मतगणना राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी में होगी। चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

लोग एक बार फिर चुनाव से विकास होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं जिस पर हर बार की तरह इस बार भी प्रश्न चिन्ह लगा हुआ है।

इस खबर की रिपोर्टिंग गीता देवी द्वारा की गयी है। 

ये भी देखें – महोबा : पहले बीजेपी ने नहीं दी टिकट, अब दूसरी पार्टी से भी नाम हटाने का बना रहे दबाव | UP Nikay Chunav 2023

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke