खबर लहरिया Blog Ujjwala Yojna: सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी एलपीजी सिलेंडरों (subsidised LPG cylinders) की संख्या घटाई, साल में मिलेंगे 9 की जगह 4 सिलेंडर 

Ujjwala Yojna: सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी एलपीजी सिलेंडरों (subsidised LPG cylinders) की संख्या घटाई, साल में मिलेंगे 9 की जगह 4 सिलेंडर 

हाल ही में घरेलू LPG cylinders में 29 रुपए की वृद्धि के बाद अब केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी गैस सिलेंडरों की संख्या में कमी की है। जहां इन लाभार्थियों को पहले एक साल में 9 सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलती थी, लेकिन लेकिन अब यह घटाकर केवल 4 सिलेंडरों पर कर दी गई है। इस नए नियम की घोषणा कल 8 जून 2026 को की गई। 

LPG gas

एलपीजी गैस सिलेंडर की सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: खबर लहरिया)

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएँ वाले चूल्हों से छुटकारा दिलाने के लिए लाई गई थी। इस योजना से जुड़े लाभार्थियों को सरकार एक वर्ष में सिलेंडर भरवाने के लिए प्रति सिलेंडर 300 रुपए की लक्षित सब्सिडी प्रदान करती है। इससे उपभोक्ता को सिलेंडर की पूरी कीमत नहीं चुकानी पड़ती और उसका खर्च कम हो जाता है। इसे ही सब्सिडी कहा जाता है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 1 मई 2016 को शुरू की गई थी।

पहले भी सब्सिडी वाले LPG cylinders की संख्या घटी 

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर की संख्या पहली बार नहीं घटाई गई है। इस योजना की शुरुआत में लाभार्थियों को साल भर में 14.2 किलोग्राम के 12 एलपीजी सिलेंडरों पर सब्सिडी प्राप्त करने की सुविधा दी गई थी। इस संख्या को 2025 में घटाकर 9 सिलेंडर कर दिया गया था और अब इसे और घटाकर 4 कर दिया गया है।

LPG cylinders की कीमत में वृद्धि  

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बाद से ही एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और कई परेशानियां देखने को मिली। कई घेरलू सामान, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी तक में वृद्धि देखने को मिली। 7 जून 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 29 रुपए की वृद्धि की गई और इससे पहले 7 मार्च को 60 रुपए की वृद्धि की गई थी। इसका मतलब 3 महीनों में अब तक 2 बार एलपीजी घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कुल मिलाकर 89 रुपए की वृद्धि की गई है। 

फिलहाल दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। केंद्र सरकार की योजना के तहत मिलने वाली अतिरिक्त 300 रुपये की सब्सिडी के साथ, लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 642 रुपये देने होंगे। उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर का दाम शहर के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है, लेकिन जून 2026 में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 950–980 रुपए के बीच है। इसके तहत लाभर्थियों को 680 रुपए देने होंगे। 

एलपीजी गैस सिलेंडर की संख्या में कमी करने के साथ ही कई जगहों पर सरकार और तेल कंपनियों द्वारा लाभार्थियों को e-KYC और आधार सत्यापन समय पर पूरा करने की सलाह दी जा रही है। e-KYC न कराने पर सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है।

संख्या घटाने पर लाभार्थियों पर पड़ने वाला प्रभाव 

सरकार के इस फैसले से उज्ज्वला योजना लाभर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि जिन परिवारों को पहले साल में अधिक सिलेंडरों पर सब्सिडी मिलती थी, उन्हें अब कुछ एलपीजी गैस बाजार की कीमतों पर खरीदने पड़ सकते हैं। इससे उनके घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है। कुछ परिवार गैस के उपयोग को सीमित करने या फिर पुराने ईंधनों की ओर लौटने पर मजबूर हो सकते हैं। ऐसे में यह बदलाव केवल सब्सिडी का मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों गरीब परिवारों की रसोई, स्वास्थ्य और जीवन-स्तर से जुड़ा प्रश्न बन गया है।

उज्ज्वला योजना के लिए आवेदन कैसे करें?

यदि आप भी इस उज्ज्वला योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो इस तरह आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थी घर बैठे पीएम उज्ज्वला योजना की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। यदि ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो, तो वे अपने नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की मदद ले सकते हैं। स्वयं आवेदन करने पर कोई शुल्क नहीं लगता, जबकि सीएससी केंद्र के माध्यम से आवेदन कराने पर लगभग 20 रुपए शुल्क देना पड़ सकता है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लिए कौन कर सकता है आवेदन 

  • आवेदक महिला होनी चाहिए।
  • महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
  • परिवार के पास पहले से कोई एलपीजी गैस कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
  • परिवार सरकार द्वारा निर्धारित पात्र श्रेणियों में शामिल होना चाहिए, जैसे गरीब परिवार, अंत्योदय अन्न योजना (AAY) परिवार, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी, या अन्य पात्र श्रेणियां।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना  आवश्यक दस्तावेज 

उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले लाभ

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बिना किसी सुरक्षा जमा (डिपॉजिट) और बिना इंस्टॉलेशन शुल्क के गैस कनेक्शन दिया जाता है।

योजना के तहत लाभार्थी को नीचे दी गया सामान मुफ्त में दिया जाता है। 

  • 14.2 किलोग्राम या 5 किलोग्राम का एलपीजी गैस सिलेंडर
  • गैस रेगुलेटर
  • सुरक्षा पाइप
  • सुरक्षा संबंधी पुस्तिका
  • पहला गैस रिफिल मुफ्त
  • दो बर्नर वाला गैस चूल्हा मुफ्त

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke