खबर लहरिया Blog TGT-PGT भर्ती: 19 दिन बाद आमरण अनशन खत्म, पुरानी नियमावली पर छात्रों का आंदोलन जारी

TGT-PGT भर्ती: 19 दिन बाद आमरण अनशन खत्म, पुरानी नियमावली पर छात्रों का आंदोलन जारी

उत्तर प्रदेश में TGT-PGT भर्ती पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न से कराने की मांग को लेकर प्रयागराज में चल रहा था। प्रदर्शन के दौरान 19 दिन का आमरण अनशन 23 सितंबर 2026 को खत्म कर गया है। डीएम प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा और पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने चार अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया – 

रिपोर्ट – सुनीता, लेखन – रचना 

आंदोलन के दौरान की तस्वीर: फोटो साभार: आज तक

अधिकारियों द्वारा छात्रों को आश्वासन दिया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के तहत उन्हें एक मौका दिया जाएगा।

हालांकि, अनशन खत्म होने के बाद भी छात्रों का आंदोलन जारी है। कुछ छात्र शिक्षा निदेशालय के बाहर नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि आमरण अनशन खत्म हुआ है, लेकिन उनका शांतिपूर्ण आंदोलन अभी जारी रहेगा। वे पुरानी नियमावली से भर्ती कराने को लेकर लिखित आश्वासन की मांग कर रहे हैं। 

कब से चल रहा था आंदोलन 

TGT-PGT भर्ती का ये आंदोलन 5 सितंबर 2026 यानी शिक्षक दिवस के दिन शुरू हुआ था। इसी दिन पांच अभ्यर्थियों ने आमरण अनशन भी शुरू किया था। अनशन के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई थी। उसे इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया था। उसी प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि आंदोलन के 16वें दिन जौनपुर निवासी प्रतियोगी छात्र विजय बहादुर की आकस्मिक मौत हो गई। 17 सितंबर को भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान अलग-अलग समूहों ने शिक्षा निदेशालय का घेराव भी किया। एकल विषय से स्नातक अभ्यर्थियों ने सीसीएसएस स्नातक डिग्री को संबद्ध विषय के रूप में शामिल करने की मांग भी उठाई। 

मांगे क्या रहीं 

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने TGT-PGT भर्ती की पुरानी नियमावली और परीक्षा पैटर्न के हिसाब से कई साल तक तैयारी की है। अब शिक्षक भर्ती के लिए नियम और परीक्षा से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। ऐसे में जिन छात्रों ने पुरानी व्यवस्था के आधार पर अपनी पढ़ाई और तैयारी की है, उन्हें डर है कि नई व्यवस्था का असर उनकी पात्रता और परीक्षा की तैयारी पर पड़ेगा। उनका कहना है कि इतने साल की तैयारी के बाद अचानक नियम बदलने से उन्हें नए तरीके से तैयारी शुरू करनी पड़ेगी।

इसी वजह से अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि जिन लोगों ने पुरानी नियमावली के आधार पर तैयारी की है। उन्हें पुराने नियम और पुराने परीक्षा पैटर्न से TGT-PGT परीक्षा देने का मौका दिया जाए। उनकी मांग है कि खाली पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी पुरानी नियमावली के आधार पर जारी किया जाए। साथ ही पुराने अभ्यर्थियों को कम से कम दो मौके दिए जाएं। अगर सरकार नई व्यवस्था लागू करना चाहती है तो उसे आगे की नई भर्तियों से लागू किया जाए ताकि पहले से तैयारी कर रहे छात्रों को अचानक नुकसान न हो। उन्हें नए नियमों के हिसाब से तैयारी करने का समय मिल सके।

10-15 साल की तैयारी के बाद नियम बदले

खबर लहरिया द्वारा प्रदर्शन के दौरान छात्रों से बात करने के दौरान ट्विंकल नाम की छात्रा ने बात किया। उनका का कहना था कि पुरानी नियमावली बहाल की जानी चाहिए। “हमारे पांच साथी 5 सितंबर से भूख हड़ताल पर हैं और हम भी उनके समर्थन में आए हैं लेकिन हमारी बातें नहीं सुनी जा रही हैं।” 

उन्होंने बताया वे 10 से 15 साल शिक्षक भर्ती की तैयारी में लगाए हैं। वे चाहतीं तो प्राइवेट स्कूल में पढ़ा सकती थीं पर उन्होंने सरकारी शिक्षक बनने का रास्ता चुना, ताकि बच्चों को पढ़ाकर उनका भविष्य बना सकें। पढ़ाई में काफी पैसा खर्च हुआ। कई बार डबल BA, डबल MA, D.El.Ed, B.Ed और NET जैसी पढ़ाई और परीक्षाएं करनी पड़ीं। लगातार कोशिश के बाद भी परिवार उम्मीद के साथ उनका खर्च उठा रहा है।

पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग

TGT-PGT छात्र राहुल कुमार सरोज ने अपना कहानी बताया। उन्होंने इसकी परीक्षा दी थी और रिजल्ट में उनके 86 नंबर आए थे। उनका आरोप था कि बाद में शिक्षा निदेशालय में रिजल्ट आने पर उनके नंबर 80 कर दिए गए और उन्हें फेल कर दिया गया। “जिन छात्रों को फेल किया गया है उन्हें पास किया जाए।”

खबर लहरिया को प्रतापगढ़ की रंजना सिंह ने बताया “मेरे भाई-बहन एक-एक कर मरते जा रहे हैं। योगी जी कहते हैं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। पढ़ा के क्या करें, जब मांग के लिए मेरे भाई-बहन मरते जा रहे हैं।” 

रंजना का कहना था कि उनका बच्चा निमोनिया से बीमार था और वह उसे लेकर धरने पर आई थीं। छात्र इतने दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं, फिर भी उनकी परेशानी सरकार को दिखाई नहीं दे रही। वह तीन महीने से कई परेशानियां झेल रही हैं और उन्हें डर है कि जो हाल विजय बहादुर का हुआ वही हाल उनका भी हो सकता है। 

वहीं अंबेडकर नगर की TGT-PGT छात्रा श्रद्धा यादव के मुताबिक सरकार ने इतने सालों बाद भर्ती निकाली और उसके बाद नियमावली बदल दी। “अगर नियम बदलना है तो सरकार को पहले बताना चाहिए कि ऐसा क्यों किया जा रहा है और इसमें कितना समय लगेगा। कई माता-पिता मजदूर और किसान हैं और अपने बच्चों से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि पढ़ाई के बाद नौकरी मिलेगी। सरकार को इन परिवारों की परेशानी भी समझनी चाहिए। छात्रों की मुख्य मांग है कि TGT-PGT भर्ती पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न से कराई जाए। पुराने अभ्यर्थियों को कम से कम दो मौके दिए जाएं और नए नियम आगे की भर्तियों से लागू किए जाएं।” 

पुलिस पर अभद्रता और लाठीचार्ज के साथ प्रदर्शन रोकने का आरोप

स्वरूप के मुताबिक पत्थर गिरजाघर पर 5 से 9 सितंबर तक धरने की अनुमति दी गई थी। 10 सितंबर को पुलिस वहां पहुंची और छात्रों के साथ अभद्रता की। छात्रों ने उनके सामान फेंकने, तोड़फोड़ और लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया। इसके बाद 11 सितंबर को छात्र फिर धरना स्थल पर पहुंचे और चटाई बिछाकर बैठ गए। फिर पुलिस ने दिन में प्रदर्शन की अनुमति देने की बात कही और  रात में धरना करने से मना किया। इसके बावजूद छात्रों द्वारा प्रदर्शन जारी रखा गया।

वहीं AISA उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनीष कुमार का कहना रहा कि सरकार लगातार छात्रों की मांगों को नहीं सुन रही है। नौजवान सिर्फ परीक्षा में बैठने का एक मौका मांग रहे है। बता दें 17 सितंबर को छात्रों ने शिक्षा निदेशालय का घेराव भी किया था। उसी दौरान मनीष कुमार को 17 सितंबर को आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए जाने की बात भी उन्होंने कही। 

विजय बहादुर की मौत के बाद बढ़ा गुस्सा

प्रयागराज TGT-PGT छात्र स्वरूप के मुताबिक, पत्थर गिरजाघर क्षेत्र में छात्र 11 जून 2026 से पुरानी नियमावली के आधार पर TGT-PGT परीक्षा कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। 31 अगस्त से अनशन भी शुरू किया गया था। आंदोलन के 16वें दिन जौनपुर निवासी प्रतियोगी छात्र विजय बहादुर की अचानक मौत हो गई। 

इस मौत पर छात्रों का कहना था कि उनके पास काम नहीं है और पढ़ाई के साथ कमरे का किराया और दूसरे खर्च उठाना मुश्किल है। कम भर्तियां निकलने और नौकरी नहीं मिलने की परेशानी के बीच नियमों में बदलाव से छात्रों पर और दबाव बढ़ा है। एक छात्र का कहना है कि विजय बहादुर इन परेशानियों से जूझ रहा था। उसका ब्रेन हेमरेज हुआ और उसकी मौत हो गई।

स्वरूप ने कहा था। “यहां एक मरे चाहे सौ मरे, हम तब तक नहीं जाएंगे जब तक हमारी मांगें नहीं मान ली जातीं।” फ़िलहाल आमरण अनशन तो ख़त्म हो गया है पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन अभी जारी है। 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke