खबर लहरिया Blog T20 World Cup 2026: आज भारत का मुकाबला पाकिस्तान (India vs Pakistan) से, जानें इस मैच में भारतीय टीम को किस बात की हो सकती है चिंता

T20 World Cup 2026: आज भारत का मुकाबला पाकिस्तान (India vs Pakistan) से, जानें इस मैच में भारतीय टीम को किस बात की हो सकती है चिंता

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप (ICC Men’s T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच आज मैच 15 फरवरी 2026 को है। यह मैच श्रीलंका के कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेला जाएगा। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने भारत के साथ मैच खेलने का बहिष्कार किया था। इस मैच में भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के खेलने को लेकर सवाल बना हुआ है कि वे मैच खेलेंगे की नहीं?

भारत-पाकिस्तान के बीच मैच में स्टेडियम में दर्शक भारत और पाकिस्तान का झंडा हाथ में लिए हुए (फोटो साभार : पीटीआई)

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत ने अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों ही मैचों में भारत को जीत मिली है। भारत का पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए (USA) के साथ था जिसमें भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराया था। भारत का दूसरा मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया (Namibia) के साथ था। इस मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया था। पाकिस्तान ने भी अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों ही जीते हैं। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया था। दूसरे मैच में पाकिस्तान ने यूएसए को 32 रनों से हराया था। अब आज भारत और पाकिस्तान के बीच मैच है। जहां दोनों ही टीम अपनी लगातार तीसरी जीत के लिए मैदान में उतरेंगे।

ICC Men’s T20 World Cup 2026 पॉइंट्स टेबल

भारत बनाम पाकिस्तान (India vs Pakistan) मैच में अभिषेक शर्मा के खेलने की उम्मीद

भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था लेकिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 12 फरवरी को भारत बनाम नामीबिया (IND vs NAM) के मैच में उन्हें खेलने नहीं दिया गया। इसलिए अब भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अभिषेक मैदान में उतरेंगे की नहीं? यह अभी तय नहीं है।

ये भी पढ़ें – भारत बनाम पाकिस्तान के बीच मैच सुनिश्चित, 15 फरवरी को होगा मैच

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार नामीबिया पर भारत की जीत के बाद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने संकेत दिया कि पाकिस्तान के मुकाबले के लिए वह वापसी कर सकते हैं। वरुण ने कहा, “जहां तक ​​मैंने उनसे बात की है, वे ठीक लग रहे हैं। उन्होंने आज अभ्यास भी किया। उन्होंने मुझे बताया कि वे वापसी के रास्ते पर हैं।”

सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया, “अभिषेक अभी पूरी तरह ठीक नहीं हैं, उन्हें एक-दो मैच खेलने में समय लग सकता है।”

भारत के लिए चिंता की बात

भारत बनाम पाकिस्तान का मैच श्रीलंका के कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। बताया जा रहा है कि यह मैदान काफ़ी बड़ा और स्पिन गेंदबाज़ी के लिए अच्छा है। स्पिनरों के लिए गेंद डालना आसान होगा और गेंद में काफ़ी स्पिन और घुमाव देखने को मिलेगा। पाकिस्तान की टीम के पास 6 स्पिनर गेंदबाज है। इन स्पिनरों के नाम हैं -अबरार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, उस्मान तारिक, साइम अय्यूब और सलमान अली आगा। उस्मान तारिक ने USA के खिलाफ मैच में 27 रन देकर 3 विकेट लिए जिससे पाकिस्तान को जीत में मदद मिली।

वही भारतीय टीम पिछले दो मैचों में जीती जरूर है, लेकिन दोनों मैचों में स्पिनर्स के ख़िलाफ़ भारतीय खिलाड़ी लड़खड़ाते नज़र आए। हालाँकि भारत बनाम नामीबिया मैच में आख़िरी में हार्दिक पंडया ने स्पिनर्स की इकॉनमी रेट 10 के पार पहुचा दिया था पर इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता की बीच के ओवर्स में जैसे ही स्पिनर्स आए भारतीय टीम ने 5 ओवर में केवल 20 रन बनाये जिसमें 16 डॉट गेंदें थी।

भारत बनाम पाकिस्तान के लिए टीम

पाकिस्तान टीम: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन/अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या , शिवम दुबे , अक्षर पटेल , वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह , जसप्रित बुमरा

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का लाइव प्रसारण कहाँ देखें

भारत में टी20 विश्व कप 2026 मैच को लाइव जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke