खबर लहरिया क्राइम बुलंदशहर मामले में एक और मुख्य आरोपी गिरफतार

बुलंदशहर मामले में एक और मुख्य आरोपी गिरफतार

 

साभार: ट्विटर

उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार की सुबह हापुड़ में बुलंदशहर में पिछले महीने हुई हिंसा के प्रमुख आरोपियों में से एक भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य शिखर अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया  है।

3 दिसंबर को भीड़ की हिंसा के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और एक नागरिक सुमित कुमार की गोली मरकर हत्या कर दी गई थी। जिसके चलते कई आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं।

शिखर अग्रवाल सियाना में बीजेपी की युवा शाखा के अध्यक्ष हैं। इस मामले में तीन पुरुषों द्वारा उनके खिलाफ ऍफ़आईआर दर्ज कराने के बाद, वो 3 दिसम्बर से फरार बताया जा रहा था। जिसके चलते पुलिस ने उन्हें 10 दिसम्बर की सुबह हापुड़ में गिरफ्तार किया है।

बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शिखर को गुरुवार को हापुड़ से गिरफ्तार किया गया था और आगे की पूछताछ के लिए उसे सियाना कोतवाली ले जाया गया है। “उसे पूछताछ के बाद अदालत के सामने पेश किया जाएगा।”

श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि शिखर बुलंदशहर हिंसा मामले के प्रमुख अभियुक्तों में से एक है। पुलिस ने मामले में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमे से 50 आरोपी अब भी फरार हैं। हिंसा में मारे गए सुमित कुमार का नाम भी एफआईआर में लिया गया था।

पुलिस ने पहले इस हिंसात्मक मामले में बजरंग दल के जिला समन्वयक योगेश राज और आरएसएस से जुड़े पवन कुमार को गिरफ्तार किया था।